8th Pay Commission: 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की चमकेगी किस्मत? 8वें वेतन आयोग में उठी बड़ी मांग

8वें वेतन आयोग को लेकर पेंशनर्स संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ी मांग की है. FCPA और भारत पेंशनर्स समाज चाहते हैं कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी पेंशन रिवीजन का फायदा मिले. इस मुद्दे पर दिल्ली में प्रदर्शन भी हुआ है. हालांकि, सरकार ने अभी इस मांग को मंजूरी नहीं दी है.

8वां वेतन आयोग Image Credit:

8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के साथ पेंशनर्स की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं. अब पेंशनर्स संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग के तहत पेंशन रिवीजन का फायदा दिया जाए. इस मांग को लेकर दो प्रमुख पेंशनर्स संगठनों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है. वहीं, 25 नवंबर को दिल्ली में इस मुद्दे पर प्रदर्शन भी किया गया.

PM मोदी को लिखा पत्र, पेंशनर्स की क्या है मांग?

पेंशनर्स के दो प्रमुख संगठन फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) और भारत पेंशनर्स समाज (BPS) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में बदलाव करने की मांग की है.

इन संगठनों का कहना है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी पेंशन में संशोधन का लाभ मिलना चाहिए. उनका तर्क है कि एक ही पद, समान सेवा अवधि और समान जिम्मेदारियों वाले कर्मचारियों की पेंशन केवल रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर अलग नहीं होनी चाहिए.

FCPA ने 25 नवंबर को प्रधानमंत्री को भेजे अपने पत्र में वित्त अधिनियम 2025 के तहत लागू किए गए वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट 2025 को पूरी तरह वापस लेने की मांग भी की है. संगठन ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात का समय भी मांगा है.

दिल्ली में पेंशनर्स ने किया प्रदर्शन

पेंशन रिवीजन की मांग को लेकर 25 नवंबर 2026 को दिल्ली के ईस्टर्न कोर्ट में कई संगठनों ने प्रदर्शन किया. इसमें FCPA, भारत पेंशनर्स एसोसिएशन और डिफेंस सिविलियन पेंशनर्स से जुड़े लोग शामिल हुए.

प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा 8वें वेतन आयोग के दायरे में पुराने पेंशनर्स को शामिल करना था. संगठनों का कहना है कि अगर पुराने पेंशनर्स को इससे बाहर रखा जाता है तो उनके साथ असमानता हो सकती है.

क्या है पेंशन वैलिडेशन एक्ट 2025 का मामला?

पेंशनर्स संगठनों की सबसे बड़ी आपत्ति वित्त अधिनियम 2025 के जरिए लाए गए वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट को लेकर है. इस कानून के तहत सरकार को पेंशनर्स के बीच उनकी रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर अंतर करने की गुंजाइश मिलती है. FCPA का कहना है कि यह प्रावधान सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक डीएस नकारा बनाम भारत सरकार (1983) फैसले की भावना के खिलाफ है.

इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि केवल रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर समान परिस्थितियों वाले पेंशनर्स के बीच भेदभाव नहीं किया जा सकता. संगठन का तर्क है कि नए कानून से पुराने पेंशनर्स को भविष्य में पेंशन रिवीजन के समान लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है.

8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में क्या है?

8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में पेंशन और ग्रेच्युटी की समीक्षा का जिक्र है. इसमें ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS), नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के रिटायरमेंट लाभों की समीक्षा शामिल है.

हालांकि, पेंशनर्स संगठनों की आपत्ति है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है. इसी वजह से वे ToR में अलग से प्रावधान जोड़ने की मांग कर रहे हैं.

क्या पुराने पेंशनर्स की बढ़ेगी पेंशन?

फिलहाल पुराने पेंशनर्स की पेंशन बढ़ाने को लेकर सरकार की ओर से कोई अंतिम मंजूरी नहीं दी गई है. संगठनों की मांग और सरकार के फैसले को अलग-अलग समझना जरूरी है.

अगर सरकार 8वें वेतन आयोग के ToR में बदलाव करती है और पुराने पेंशनर्स को स्पष्ट रूप से शामिल करती है, तो उन्हें भी पेंशन रिवीजन का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो सकता है. फिलहाल इस मामले में पेंशनर्स को सरकार के अगले फैसले का इंतजार करना होगा.

यह भी पढ़ें- ये 3 शेयर कराएंगे तगड़ी कमाई! एक्सपर्ट ने दी खरीदारी की सलाह; हफ्तेभर में दिखेगी 10% की तेजी