EPF खाते में नाम या जन्मतिथि गलत है? घर बैठे ऑनलाइन 5 स्टेप में कराएं सुधार
EPF खाते में नाम, जन्मतिथि या नौकरी से जुड़ी जानकारी गलत होने पर PF निकालने और पेंशन क्लेम में परेशानी हो सकती है. EPFO ने सदस्यों को Joint Declaration Facility के जरिए ऑनलाइन सुधार का विकल्प बताया है. इसके लिए EPFO Member Portal पर लॉग इन करके 5 स्टेप में आवेदन किया जा सकता है.

अगर आपके EPF खाते में नाम, जन्मतिथि या नौकरी से जुड़ी कोई जानकारी गलत दर्ज है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. ऐसी गलतियों की वजह से PF से जुड़ी सेवाओं का इस्तेमाल करने, पैसे निकालने या पेंशन क्लेम सेटल कराने में परेशानी आ सकती है. इस समस्या को दूर करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों को ऑनलाइन ज्वाइंट डिक्लेरेशन फैसिलिटी की जानकारी दी है. इसके जरिए पात्र सदस्य EPFO Member Portal पर अपनी पर्सनल और नौकरी से जुड़ी जानकारी में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं.
EPFO ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि सदस्य इस सुविधा का इस्तेमाल करके अपने रिकॉर्ड को सही और अपडेट रख सकते हैं. इसके लिए उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा और जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे.
EPF खाते में गलती कैसे ठीक करें? जानें 5 स्टेप
EPF खाते में गलत जानकारी सुधारने के लिए सदस्य इन 5 स्टेप को फॉलो कर सकते हैं.
स्टेप 1: EPFO पोर्टल पर लॉग इन करें
सबसे पहले EPFO Member Portal पर जाएं. यहां अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN), जरूरी पर्सनल जानकारी और पासवर्ड की मदद से लॉग इन करें.
स्टेप 2: Joint Declaration Facility पर जाएं
लॉग इन करने के बाद पोर्टल पर उपलब्ध ‘Joint Declaration Facility’ विकल्प पर क्लिक करें. इसी सुविधा के जरिए सुधार की प्रक्रिया शुरू होगी.
स्टेप 3: जिस जानकारी में सुधार करना है, उसे चुनें
अब उस जानकारी को चुनें जिसमें बदलाव या सुधार करना है. इसमें व्यक्तिगत जानकारी या नौकरी से जुड़ी जानकारी शामिल हो सकती है.
स्टेप 4: सही जानकारी भरें और दस्तावेज अपलोड करें
अब संबंधित जानकारी को सही तरीके से भरें. नाम की स्पेलिंग और बाकी विवरण दोबारा जांच लें. इसके बाद सुधार के लिए मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
स्टेप 5: आवेदन सबमिट करें
आखिरी स्टेप में भरी गई सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें. इसके बाद आवेदन को फाइनल सबमिट कर दें. आपका अनुरोध आगे की प्रक्रिया के लिए भेज दिया जाएगा.
EPFO ने सदस्यों को सलाह दी है कि वे अपने खाते की जानकारी पर नजर रखें और उसे सही व अपडेट रखें. इससे PF खाते से जुड़ी सेवाओं और क्लेम सेटलमेंट के दौरान होने वाली परेशानियों से बचने में मदद मिल सकती है.
अक्टूबर में EPFO ने निपटाईं 2.36 लाख शिकायतें
श्रम मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, EPFO ने अक्टूबर 2026 में चलाए गए स्पेशल कैंपेन 6 के दौरान 2,36,021 सार्वजनिक शिकायतों का निपटारा किया. यह संगठन के 2,05,000 शिकायतों के लक्ष्य से करीब 15% ज्यादा है.
इनमें से 2,02,984 शिकायतों का समाधान EPFO के शिकायत निवारण पोर्टल EPFiGMS के जरिए किया गया. वहीं, 33,037 शिकायतों का निपटारा CPGRAMS के माध्यम से किया गया.
WhatsApp पर भी चेक कर सकते हैं PF की जानकारी
EPFO ने अपनी डिजिटल सेवाओं का भी विस्तार किया है. अब सदस्य संगठन की वेरिफाइड WhatsApp सेवा के जरिए PF बैलेंस, पिछले 5 ट्रांजैक्शन और पासबुक से जुड़ी जानकारी चेक कर सकते हैं. कुल मिलाकर, EPF खाते में दर्ज नाम, जन्मतिथि और नौकरी से जुड़ी जानकारी सही रखना जरूरी है. इसलिए सदस्यों को समय-समय पर अपने खाते का विवरण चेक करना चाहिए. अगर कोई गलती दिखती है, तो उसे जल्द सुधारने के लिए आवेदन करना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- किसी को छोड़नी पड़ी कुर्सी तो किसी की टूटी शादी! Jensen Huang से पहले इन कंपनियों के CEO के अफेयर आ चुके हैं सामने