WhatsApp से डाउनलोड करें EPFO पासबुक, घर बैठे चेक करें PF बैलेंस और आखिरी 5 ट्रांजैक्शन, जानिए पूरा तरीका
EPFO ने कर्मचारियों के लिए व्हाट्सऐप पर पीएफ से जुड़ी सुविधाएं शुरू की हैं. अब कर्मचारी घर बैठे अपना PF बैलेंस चेक कर सकते हैं, पिछले 5 ट्रांजैक्शन देख सकते हैं और पासबुक डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए सिर्फ EPFO के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर Hi मैसेज भेजना होगा. जानिए OTP वेरिफिकेशन सहित पूरा तरीका और जरूरी सावधानियां.

अगर आप नौकरी करते हैं और हर महीने आपकी सैलरी से पीएफ (PF) कटता है तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब आपको अपना पीएफ बैलेंस चेक करने या पासबुक डाउनलोड करने के लिए बार-बार ईपीएफओ (EPFO) की वेबसाइट पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने व्हाट्सऐप के जरिए भी ये सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं. इसकी मदद से कर्मचारी अपना पीएफ बैलेंस देख सकते हैं, खाते के पिछले 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी ले सकते हैं और ईपीएफ पासबुक भी डाउनलोड कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस सुविधा में अपनी पसंद की भाषा चुनने का विकल्प भी मिलता है.
EPFO का WhatsApp नंबर क्या है?
ईपीएफओ की व्हाट्सऐप सर्विस इस्तेमाल करने के लिए आपको संगठन के आधिकारिक नंबर +91 87964 41800 पर मैसेज करना होगा. इसके लिए आपको सबसे पहले इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव करना होगा.
आप चाहें तो ईपीएफओ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके भी व्हाट्सऐप चैट शुरू कर सकते हैं. चैट शुरू होने के बाद आपको स्वागत संदेश मिलेगा. इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर आगे बढ़ सकते हैं.
WhatsApp से EPF पासबुक कैसे डाउनलोड करें?
अगर आप अपने पीएफ खाते की पूरी जानकारी देखना चाहते हैं तो व्हाट्सऐप के जरिए पासबुक डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए ये स्टेप्स फॉलो करें.
- सबसे पहले अपने मोबाइल में EPFO का नंबर +91 87964 41800 सेव करें.
- अब व्हाट्सऐप खोलकर इस नंबर पर Hi लिखकर मैसेज भेजें.
- स्वागत संदेश आने के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनें.
- अब मेन्यू में Download Passbook का विकल्प चुनें.
- अगर आपके पास एक से ज्यादा UAN हैं तो संबंधित UAN चुनें.
- आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा.
- OTP दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें.
- वेरिफिकेशन के बाद आप अपनी EPF पासबुक डाउनलोड कर सकते हैं.
पासबुक PDF का पासवर्ड: डाउनलोड की गई पासबुक PDF खोलने के लिए आपकी जन्मतिथि पासवर्ड के रूप में इस्तेमाल होगी.
WhatsApp से PF बैलेंस कैसे चेक करें?
पीएफ खाते में कितना पैसा जमा है, यह जानने के लिए भी आपको ईपीएफओ पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं है.
- अपने मोबाइल में EPFO का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर सेव करें.
- इस नंबर पर Hi लिखकर मैसेज भेजें.
- अपनी पसंद की भाषा चुनें.
- मेन्यू में PF Balance चेक करने का विकल्प चुनें.
- मांगे जाने पर OTP के जरिए अपनी पहचान वेरिफाई करें.
- अपना संबंधित PF अकाउंट चुनें.
- इसके बाद स्क्रीन पर पीएफ बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी.
इस सुविधा से कर्मचारी आसानी से पता लगा सकते हैं कि उनके पीएफ खाते में कितना पैसा जमा है.
पिछले 5 PF ट्रांजैक्शन की जानकारी भी मिलेगी
ईपीएफओ की इस नई सुविधा में कर्मचारी अपने खाते के पिछले 5 ट्रांजैक्शन भी देख सकते हैं. इसके लिए व्हाट्सऐप चैट में Last 5 Transactions का विकल्प चुनना होगा.
जरूरत पड़ने पर OTP वेरिफिकेशन और संबंधित पीएफ अकाउंट चुनने के बाद पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी. इससे कर्मचारी यह पता लगा सकते हैं कि उनके खाते में हाल में कितना योगदान जमा हुआ है और खाते में कौन-कौन सी एंट्री हुई हैं.
क्या होता है EPF और UAN?
एम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड (EPF) संगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट सेविंग स्कीम है. इसमें कर्मचारी और नियोक्ता दोनों योगदान करते हैं.
आमतौर पर कर्मचारी की बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) का 12 फीसदी हिस्सा पीएफ खाते में जमा होता है. नियोक्ता के 12 फीसदी योगदान में से 3.67 फीसदी EPF खाते में और 8.33 फीसदी एम्प्लॉई पेंशन स्कीम (EPS) में जाता है. यह व्यवस्था उन कर्मचारियों के लिए है जो EPF और EPS दोनों के सदस्य हैं.
वहीं, UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर 12 अंकों का एक स्थायी नंबर होता है. इसके जरिए कर्मचारी की अलग-अलग कंपनियों में बनी पीएफ मेंबर आईडी को एक साथ जोड़ा जाता है.
WhatsApp सर्विस काम नहीं करे तो क्या करें?
अगर व्हाट्सऐप के जरिए पीएफ की जानकारी नहीं मिल रही है तो आप ईपीएफओ के मेंबर पोर्टल या उमंग (UMANG) ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन प्लेटफॉर्म के जरिए भी पीएफ बैलेंस चेक करने और पासबुक डाउनलोड करने की सुविधा मिलती है.
एक जरूरी बात यह भी है कि व्हाट्सऐप पर केवल ईपीएफओ के आधिकारिक नंबर से ही बातचीत करें. किसी अनजान नंबर पर अपना UAN पासवर्ड, बैंक डिटेल या एटीएम पिन शेयर न करें. OTP भी केवल आधिकारिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया में ही दर्ज करें.