सोशल मीडिया पर वित्त मंत्री का फर्जी वीडियो, ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 1.41 करोड़ की ठगी

केरल में 63 साल के एक व्यक्ति को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का फर्जी वीडियो देखकर निवेश करना भारी पड़ गया. ऑनलाइन ट्रेडिंग में ज्यादा रिटर्न के लालच में उसने 30 ट्रांजैक्शन के जरिए 1.41 करोड़ रुपये गंवा दिए. फेसबुक पर दिखे वीडियो के साथ दिए गए लिंक से वह ठगों के जाल में फंस गया. पुलिस ने केस दर्ज किया है.

निर्मला सीतारमण के फर्जी वीडियो से केरल में करोड़ों की ठगी Image Credit:

सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर वीडियो और निवेश के ऑफर पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है. केरल में एक 63 वर्षीय व्यक्ति इसका शिकार हो गया. उसने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का फर्जी वीडियो देखकर ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश किया और देखते ही देखते 1.41 करोड़ रुपये गंवा दिए. ठगों ने फेसबुक पर वीडियो के जरिए ज्यादा रिटर्न का लालच दिया था. इस मामले में साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

फेसबुक पर दिखा निर्मला सीतारमण का फर्जी वीडियो

मामला केरल के कोझिकोड जिले का है. यहां नोचाड के रहने वाले अब्दुरहिमान पी को फेसबुक पर एक वीडियो दिखाई दिया. इस वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कथित तौर पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए आकर्षक रिटर्न मिलने की बात कह रही थीं.

वीडियो को असली समझकर उन्होंने उसके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया. इसके बाद ठगों ने उन्हें निवेश करने के लिए कुछ निर्देश दिए. व्यक्ति ने उन निर्देशों का पालन करते हुए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया.

30 ट्रांजैक्शन में गंवाए 1.41 करोड़ रुपये

पुलिस के मुताबिक, यह कथित धोखाधड़ी 6 जून 2025 से 4 नवंबर 2026 के बीच हुई. इस दौरान पीड़ित ने अपने दो बैंक खातों से कुल 30 बार पैसे ट्रांसफर किए. इन सभी ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 1.41 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए. ये खाते कथित तौर पर ठगों द्वारा संचालित किए जा रहे थे.

हालांकि, व्यक्ति को न तो निवेश पर वादा किया गया रिटर्न मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस हुई. इसके बाद उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की.

पैसे वापस मिलने की उम्मीद में पुलिस से नहीं की शिकायत

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शुरुआत में धोखाधड़ी की शिकायत नहीं की थी. उसे उम्मीद थी कि निवेश की गई रकम और मुनाफा वापस मिल जाएगा. इसी वजह से उसने पुलिस से संपर्क करने में देरी की. जब लंबे समय तक न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस आई, तब उसने साइबर पुलिस का दरवाजा खटखटाया.

BNS और IT एक्ट के तहत केस दर्ज

कोझिकोड रूरल साइबर क्राइम पुलिस ने 14 नवंबर को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया गया है.

फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हुई है. पुलिस अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई रकम और पीड़ित को आए फोन कॉल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

सरकार पहले ही फर्जी वीडियो को बता चुकी है AI जनरेटेड

सोशल मीडिया पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम से निवेश योजनाओं का प्रचार करने वाले फर्जी वीडियो पहले भी सामने आ चुके हैं. जुलाई 2026 में सरकार की फैक्ट चेक यूनिट ने ऐसे ही एक वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया फर्जी वीडियो बताया था.

सरकार ने स्पष्ट किया था कि वित्त मंत्री ने ऐसी किसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म का समर्थन नहीं किया है. इसलिए सोशल मीडिया पर किसी बड़े नेता या सरकारी अधिकारी का वीडियो देखकर निवेश करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करनी चाहिए.

यह भी पढ़ें- महंगाई और कच्चे तेल ने बढ़ाई टेंशन, RBI और बढ़ा सकता है ब्याज दरें, बढ़ सकती है आपकी EMI!