320 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 6 नए प्रोजेक्ट, Kellton Tech की क्या है आगे की रणनीति?
Kellton Tech Solutions के शेयर सोमवार को 5% से ज्यादा गिरकर 11.41 रुपये पर आ गए. कंपनी को दूसरी तिमाही में 6 नए प्रोजेक्ट मिले हैं. Q2FY27 में रेवेन्यू 6.5% बढ़कर 320.6 करोड़ रुपये रहा, जबकि नेट प्रॉफिट 4.6% घटकर करीब 23 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी का फोकस AI और डिजिटल बिजनेस पर है.
Highlights
- Kellton Tech के शेयर सोमवार को 5.39 फीसदी तक टूटे
- कंपनी को दूसरी तिमाही में छह नए प्रोजेक्ट हासिल हुए
- रेवेन्यू बढ़कर 320.6 करोड़, जबकि मुनाफा घटकर 23 करोड़ रुपये रहा
आईटी सेक्टर की कंपनी Kellton Tech Solutions के शेयरों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. कंपनी को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 6 नए प्रोजेक्ट मिले हैं, इसके बावजूद शेयर 5 फीसदी से ज्यादा टूट गए. कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है, लेकिन सालाना आधार पर मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई है. इससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है.
6 नए प्रोजेक्ट से मजबूत हुआ कारोबार
Kellton Tech को सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में 6 नए प्रोजेक्ट मिले हैं. ये प्रोजेक्ट ऑटोमोबाइल फाइनेंस, हेल्थकेयर, ऑटोमोबाइल लॉजिस्टिक्स, एविएशन, सीड इंजीनियरिंग और मेडिकल डिवाइस सेक्टर से जुड़े हैं.
कंपनी को एक बड़ी ऑटोमोबाइल फाइनेंस कंपनी के लिए लोन इंटीग्रेशन प्लेटफॉर्म तैयार करने का काम मिला है. वहीं, अमेरिका की एक हेल्थकेयर कंपनी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित क्लेम मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा. इसके अलावा सऊदी अरब की एक प्रमुख एयरलाइन से कस्टमर एप्लीकेशन की क्वालिटी इंजीनियरिंग का प्रोजेक्ट मिला है.
दूसरी तिमाही में 320 करोड़ रुपये का रेवेन्यू
कंपनी ने दूसरी तिमाही में 320.6 करोड़ रुपये का कुल रेवेन्यू दर्ज किया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 300.9 करोड़ रुपये था. इस तरह रेवेन्यू में सालाना आधार पर 6.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. कंपनी का EBITDA 38.7 करोड़ रुपये रहा. वहीं, EBITDA मार्जिन 12.1 फीसदी दर्ज किया गया, जो जून तिमाही के 11.1 फीसदी से ज्यादा है.
मुनाफे में आई गिरावट
रेवेन्यू बढ़ने के बावजूद कंपनी के मुनाफे में कमी आई है. दूसरी तिमाही में Kellton Tech का नेट प्रॉफिट 23 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 24.1 करोड़ रुपये था.
इस तरह कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर करीब 4.6 फीसदी की गिरावट आई. कंपनी का PAT मार्जिन भी पिछले साल के 8 फीसदी से घटकर 7.2 फीसदी रह गया. यही वजह है कि नए प्रोजेक्ट और रेवेन्यू ग्रोथ के बावजूद निवेशकों ने शेयरों में बिकवाली की.
AI और ग्लोबल बिजनेस पर कंपनी का दांव
Kellton Tech आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड, डेटा और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के कारोबार को बढ़ाने पर फोकस कर रही है. कंपनी कुवैत की Action Energy के साथ ज्वाइंट वेंचर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है. इसके जरिए खाड़ी देशों के ऑयल और गैस सेक्टर में डिजिटल ऑयलफील्ड प्लेटफॉर्म और आईटी सर्विसेज उपलब्ध कराने की योजना है. कंपनी का मानना है कि AI इंजीनियरिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े नए प्रोजेक्ट भविष्य में कारोबार की ग्रोथ को मजबूती दे सकते हैं.
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
Kellton Tech के तिमाही नतीजों में रेवेन्यू ग्रोथ और नए प्रोजेक्ट सकारात्मक संकेत हैं. हालांकि, मुनाफे में गिरावट और सालाना आधार पर मार्जिन में कमी चिंता का विषय है. आने वाले समय में निवेशकों की नजर कंपनी के नए प्रोजेक्ट से होने वाली कमाई, EBITDA मार्जिन और मुनाफे की ग्रोथ पर रहेगी.
Latest Stories
15 दिन में 10% चढ़ा निफ्टी, FIIs ने लगाए ₹84000 करोड़; इन 12 लार्जकैप शेयरों पर नजर
TVS Supply Chain Solutions: Q2 नतीजों के बाद 17% उछला शेयर, दो हफ्ते में 24% की तेजी
महिंद्रा का बड़ा धमाका! इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार का IPO लाने की तैयारी
