TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

महिंद्रा का बड़ा धमाका! इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार का IPO लाने की तैयारी

महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार का IPO लाने पर विचार कर रही है. कंपनी की योजना करीब 18 महीने में शेयर बाजार में लिस्टिंग की है. महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की वैल्यूएशन 10,822 करोड़ रुपये हो चुकी है. कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने की तैयारी भी कर रही है.

महिंद्रा के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार

Highlights

  • महिंद्रा के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार का 18 महीने में IPO संभव
  • लाइटरॉक निवेश के बाद कंपनी की वैल्यूएशन 10,822 करोड़ रुपये पहुंची
  • भारत में बड़े थ्री-व्हीलर सेगमेंट के 45% से ज्यादा वाहन इलेक्ट्रिक

महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार को शेयर बाजार में लिस्ट कराने की योजना पर विचार कर रही है. कंपनी अगले 18 महीनों के भीतर इस कारोबार का IPO ला सकती है. इस कदम से इलेक्ट्रिक व्हीकल बिजनेस को अलग पहचान मिलने के साथ कारोबार के विस्तार के लिए पूंजी जुटाने का रास्ता भी खुल सकता है.

18 महीने में IPO लाने की तैयारी

महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की CEO सुमन मिश्रा ने बताया कि कंपनी करीब 18 महीने के भीतर शेयर बाजार में लिस्टिंग पर विचार कर रही है. हालांकि, IPO लाने का फैसला कंपनी की तैयारी, कारोबार की ग्रोथ और फंडिंग की जरूरतों को देखकर किया जाएगा.

उन्होंने साफ किया कि कंपनी जल्दबाजी में लिस्टिंग नहीं करना चाहती. महिंद्रा ग्रुप के पास कारोबार के विस्तार के लिए फंडिंग की व्यवस्था करने की क्षमता है. ऐसे में IPO ही पूंजी जुटाने का एकमात्र रास्ता नहीं है.

10,822 करोड़ रुपये की हो चुकी है वैल्यूएशन

महिंद्रा के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार में निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है. कंपनी ने जुलाई में लाइटरॉक (Lightrock) की अगुवाई में निवेशकों से 322 करोड़ रुपये जुटाए थे. इस फंडिंग के दौरान कंपनी की वैल्यूएशन 10,822 करोड़ रुपये आंकी गई थी. इस निवेश से कंपनी को अपने कारोबार का विस्तार करने और इलेक्ट्रिक व्हीकल की बढ़ती मांग का फायदा उठाने में मदद मिलेगी.

पेट्रोल-डीजल महंगा होने से बढ़ रही EV की मांग

ईरान युद्ध के कारण फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी से इलेक्ट्रिक व्हीकल की मांग को बढ़ावा मिल रहा है. महिंद्रा की CEO के मुताबिक, अब ऐसे ग्राहक भी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की तरफ आ रहे हैं, जो पहले पेट्रोल-डीजल से इलेक्ट्रिक व्हीकल में शिफ्ट होने को लेकर फैसला नहीं कर पा रहे थे.

भारत में बड़े थ्री-व्हीलर सेगमेंट में 45% से ज्यादा वाहन इलेक्ट्रिक हो चुके हैं. कमर्शियल ड्राइवरों के लिए इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर चलाना किफायती साबित हो रहा है. खासकर रोजाना 150 किलोमीटर तक वाहन चलाने वालों को फ्यूल की बचत का सीधा फायदा मिल रहा है.

मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने पर बड़ा निवेश

महिंद्रा अपने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार की उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है. कंपनी ने हाल के दिनों में क्षमता विस्तार पर बड़ी रकम खर्च की है. इसके साथ ही एक बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए नई जगहों की तलाश भी की जा रही है. फिलहाल कंपनी की 70 से 75% मैन्युफैक्चरिंग लोकल स्तर पर होती है. हालांकि, बैटरी सेल और सेमीकंडक्टर के लिए उसे अभी भी आयात पर निर्भर रहना पड़ता है.

अभी मुनाफे में आने में लगेगा समय

महिंद्रा का इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर कारोबार अभी सरकारी प्रोत्साहन के बिना मुनाफे में नहीं आया है. हालांकि, कंपनी को उम्मीद है कि अगले कुछ वर्षों में वह बिना सरकारी इंसेंटिव के भी मुनाफा कमाने की स्थिति में पहुंच जाएगी.

इस बीच इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर मार्केट में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ रही है. बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर जैसी कंपनियां भी इस सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं. महिंद्रा का मानना है कि नई कंपनियों के आने से बाजार में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की स्वीकार्यता और मांग दोनों बढ़ रही हैं.

यह भी पढ़ें- 16 रुपए के इस शेयर ने किया कमाल, रेवेन्यू बढ़कर 300 करोड़ के पार, क्या अब है खरीदारी का मौका?