टाटा मोटर्स के शेयर में 9% की बड़ी गिरावट, ₹240 तक लुढ़क सकता है भाव!
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर सोमवार को करीब 9% टूट गए. कंपनी को दूसरी तिमाही में 5,531 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है. इसके बाद मोतीलाल ओसवाल ने Sell रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 240 रुपये कर दिया. ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी के EPS अनुमान में 69% की कटौती की है.
Highlights
- टाटा मोटर्स के शेयर सोमवार को करीब नौ फीसदी तक टूटे
- मोतीलाल ओसवाल ने 240 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया
- JLR की कमजोरी से कंपनी के मुनाफे पर दबाव बढ़ा
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली. कंपनी के सितंबर तिमाही (Q2FY27) के नतीजों के बाद शेयर करीब 9% तक टूटकर 262.40 रुपये पर आ गया. इस बीच ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने कंपनी के शेयर पर अपनी बिकवाली की सलाह बरकरार रखी है. साथ ही कमाई के अनुमान में बड़ी कटौती करते हुए टारगेट प्राइस 240 रुपये तय किया है.
दूसरी तिमाही में 5,531 करोड़ रुपये का घाटा
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 5,531 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड घाटा हुआ है. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 76,170 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था.
कंपनी के घाटे की बड़ी वजह 6,738 करोड़ रुपये का एकमुश्त खर्च रहा. हालांकि, इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 34% बढ़कर 96,920 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह 72,349 करोड़ रुपये था. कंपनी का कुल खर्च भी 23% से ज्यादा बढ़कर 97,827 करोड़ रुपये हो गया. कमोडिटी की बढ़ती कीमतों और प्रोडक्ट मिक्स में बदलाव का असर मार्जिन पर पड़ा है.
मोतीलाल ओसवाल ने क्यों दी Sell की सलाह?
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर पर Sell रेटिंग बरकरार रखी है. ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 240 रुपये प्रति शेयर तय किया है. यह पिछले कारोबारी सत्र के 287 रुपये के बंद भाव से करीब 16% नीचे है. ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए कंपनी के अर्निंग्स पर शेयर (EPS) के अनुमान में क्रमशः 69% और 5% की कटौती की है.
इसके पीछे सबसे बड़ी वजह कंपनी की ब्रिटिश लग्जरी कार यूनिट जगुआर लैंड रोवर (JLR) पर बना दबाव है. चीन में कमजोर मांग, बढ़ती कमोडिटी लागत और मार्केटिंग खर्च कंपनी की कमाई को प्रभावित कर रहे हैं.
JLR की कमाई पर बढ़ा दबाव
जगुआर लैंड रोवर ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने ऑपरेटिंग मार्जिन का अनुमान घटाकर 2-3% कर दिया है. पहले कंपनी ने इसके 4% रहने का अनुमान लगाया था.
इसके अलावा कंपनी ने करीब 1.25 अरब पाउंड के फ्री कैश आउटफ्लो का अनुमान जताया है. दूसरी तिमाही में JLR का रेवेन्यू सालाना आधार पर 20.3% बढ़कर 5.9 अरब पाउंड रहा.
मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि JLR की ओर से चलाए जा रहे कॉस्ट कटिंग प्रोग्राम से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन इससे मौजूदा चुनौतियों का पूरी तरह समाधान होने की उम्मीद नहीं है.
360 ONE WAM ने भी घटाया टारगेट
दूसरी ब्रोकरेज फर्म 360 ONE WAM ने भी टाटा मोटर्स के शेयर पर अपना रुख बदला है. ब्रोकरेज ने पहले दी गई Buy रेटिंग को घटाकर Hold कर दिया है. इसके साथ ही टारगेट प्राइस 397 रुपये से घटाकर 327 रुपये प्रति शेयर कर दिया है. हालांकि, इस टारगेट के हिसाब से शेयर में आगे तेजी की गुंजाइश भी दिखाई गई है.
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
टाटा मोटर्स के घरेलू पैसेंजर व्हीकल और इलेक्ट्रिक व्हीकल कारोबार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिल रही है. इसके बावजूद JLR के कमजोर प्रदर्शन और बढ़ती लागत ने कंपनी की कुल कमाई पर दबाव बढ़ा दिया है. ऐसे में निवेशकों की नजर आने वाली तिमाहियों में JLR की मांग, कंपनी के मार्जिन और कॉस्ट कटिंग के नतीजों पर रहेगी. ब्रोकरेज की राय में फिलहाल शेयर को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है.
Latest Stories
IPO के एक साल बाद इस Small Cap कंपनी का मुनाफा 51% उछला, क्या आपके पोर्टफोलियो में है ये शेयर?
Opening Bell: हफ्ते की शुरुआत में बाजार में धमाका! सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 25250 के पार
आज कौन से शेयर कराएंगे कमाई या देंगे झटका? Tata Motors PV, Yes Bank समेत इन 9 स्टॉक्स पर रखें नजर
