TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

ये सरकारी कंपनी ला रही है ₹8981 करोड़ का IPO, 19 नवंबर से मिलेगा निवेश का मौका; यहां देखें पूरी डिटेल

कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स का 8,981 करोड़ रुपये का आईपीओ 19 नवंबर को खुलेगा. कंपनी ने 129-136 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा, जिसमें कोल इंडिया अपनी 10% हिस्सेदारी बेचेगी. आईपीओ से मिलने वाली पूरी रकम कोल इंडिया को मिलेगी, महानदी कोलफील्ड्स को नहीं.

अपकमिंग आईपीओ Image Credit: Canva

Highlights

  • महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ 19 से 23 नवंबर तक खुला रहेगा.
  • प्राइस बैंड 129-136 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है.
  • कोल इंडिया 66.18 करोड़ तक शेयर बेचकर अपनी 10% हिस्सेदारी घटाएगी.

Mahanadi Coalfields IPO: सरकारी कंपनी कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) का आईपीओ 19 नवंबर को निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है. कंपनी ने सोमवार को अपने 8981 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 129 से 136 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. इस आईपीओ के जरिए कोल इंडिया अपनी 10% हिस्सेदारी बेचने जा रही है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, यानी आईपीओ से मिलने वाला पूरा पैसा कोल इंडिया को मिलेगा. महानदी कोलफील्ड्स को इस इश्यू से कोई रकम नहीं मिलेगी.

19 नवंबर से 23 नवंबर तक लगा सकेंगे बोली

महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ 19 नवंबर को खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा. कंपनी की ओर से जारी सार्वजनिक घोषणा के मुताबिक, एंकर निवेशकों के लिए बोली 18 नवंबर को लगेगी. इस इश्यू के तहत प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया अपनी 10% हिस्सेदारी बेचेगी. इसके लिए 66.18 करोड़ तक इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी. आईपीओ का कुल आकार 8,981 करोड़ रुपये रखा गया है.

निवेशकों का पैसा किसे मिलेगा?

महानदी कोलफील्ड्स का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS है. इसका मतलब है कि कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं कर रही है, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेच रहा है.

इस मामले में कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी बेच रही है. इसलिए आईपीओ से मिलने वाली पूरी रकम कोल इंडिया के पास जाएगी. महानदी कोलफील्ड्स को इस आईपीओ से कोई पैसा नहीं मिलेगा.

27 नवंबर को शेयर बाजार में हो सकती है लिस्टिंग

महानदी कोलफील्ड्स के शेयरों की बीएसई और एनएसई पर 27 नवंबर को लिस्टिंग होने की संभावना है. यह आईपीओ कोल इंडिया की अपनी सब्सिडियरी कंपनियों में हिस्सेदारी की कीमत सामने लाने और पूंजी बाजार के जरिए उनसे वैल्यू हासिल करने की बड़ी योजना का हिस्सा है.

महानदी कोलफील्ड्स इस साल शेयर बाजार में उतरने वाली कोल इंडिया की तीसरी सब्सिडियरी होगी. इससे पहले कोल इंडिया की भारत कोकिंग कोल लिमिटेड जनवरी में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी. वहीं, सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड का आईपीओ मार्च में खुला था.

देश के कुल नॉन-कोकिंग कोयला उत्पादन में 22.4% हिस्सेदारी

महानदी कोलफील्ड्स की स्थापना 1992 में हुई थी. कंपनी कोल इंडिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक सब्सिडियरी है. ऑफर डॉक्यूमेंट में दी गई क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया.

यह भारत के कुल नॉन-कोकिंग कोयला उत्पादन का करीब 22.4% है. वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने कोल इंडिया के कुल कोयला उत्पादन में 28% से ज्यादा योगदान दिया.

देश में घरेलू कोयला उत्पादन के मामले में कोल इंडिया की हिस्सेदारी 80% से ज्यादा है. ऐसे में महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ कोल इंडिया की सब्सिडियरी कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना का अहम हिस्सा है.

IPO के लिए ये कंपनियां संभालेंगी जिम्मेदारी

महानदी कोलफील्ड्स के आईपीओ के लिए एसबीआई कैपिटल मार्केट्स, एक्सिस कैपिटल, बीओबी कैपिटल मार्केट्स, आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है. वहीं, केफिन टेक्नोलॉजीज इस इश्यू की रजिस्ट्रार है.

इसे भी पढ़ें- Opening Bell: हफ्ते की शुरुआत में बाजार में धमाका! सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 25250 के पार