ऑर्गेनॉन डील के लिए सन फार्मा लेगी 4 अरब डॉलर का कर्ज, 5 बड़े बैंक देंगे साथ; जानें पूरा प्लान
Sun Pharma अपनी 11.75 अरब डॉलर की Organon अधिग्रहण डील के लिए जुटाए गए ब्रिज लोन के एक हिस्से को चुकाने के लिए 4 अरब डॉलर का नया लोन लेने की तैयारी कर रही है. Citibank, MUFG, Standard Chartered, BNP Paribas और DBS Bank इसमें मुख्य भूमिका निभा सकते हैं. कंपनी NCD, इक्विटी और डॉलर बॉन्ड से भी फंड जुटाने के विकल्प देख रही है.
Highlights
- Sun Pharma करीब 4 अरब डॉलर का सिंडिकेटेड लोन जुटाने की तैयारी में है.
- पांच प्रमुख बैंक करीब 800-800 मिलियन डॉलर देने की योजना बना रहे हैं.
- कंपनी ने हाल ही में NCD के जरिए 7,816 करोड़ रुपये जुटाए हैं.
Sun Pharma Organon Deal: सन फार्मा अमेरिकी हेल्थकेयर कंपनी ऑर्गेनॉन को खरीदने के लिए लिए गए कर्ज का कुछ हिस्सा चुकाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए कंपनी करीब 4 अरब डॉलर (लगभग 35 हजार करोड़ रुपये) का नया कर्ज जुटा सकती है. इस काम में सिटीबैंक, एमयूएफजी, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, बीएनपी पारिबा और डीबीएस बैंक समेत पांच बड़े बैंक शामिल हो सकते हैं.
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हफ्ते नए कर्ज की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. पांचों बैंक करीब 800-800 मिलियन डॉलर (लगभग 7,000 करोड़ रुपये) देने की तैयारी में हैं. फिलहाल कर्ज की शर्तों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
5 साल के लिए मिलेगा लोन, ब्याज दर क्या होगी?
प्रस्तावित 4 अरब डॉलर के लोन की अवधि पांच साल होगी. इस पर Secured Overnight Financing Rate (SOFR) से करीब 110-120 बेसिस पॉइंट ज्यादा मार्जिन रखा जा सकता है. SOFR करीब 3.9% है.
लोन की शुरुआती व्यवस्था में शामिल पांच बैंकों के अलावा तीन से चार अन्य बैंक भी सिंडिकेशन प्रक्रिया के दौरान इसमें शामिल हो सकते हैं. सीनियर लोन के सिंडिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फाइनेंसिंग एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
इससे पहले Organon अधिग्रहण के लिए ब्रिज फाइनेंसिंग 12 बैंकों के समूह ने उपलब्ध कराई थी. इस समूह में MUFG और State Bank of India भी शामिल थे.
NCD, इक्विटी और डॉलर बॉन्ड से भी पैसा जुटाने की तैयारी
Sun Pharma अधिग्रहण के लिए फंडिंग की दूसरी संभावनाओं पर भी काम कर रही है. इसमें नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD), इक्विटी और जरूरत पड़ने पर डॉलर बॉन्ड जारी करने का विकल्प शामिल है.
कंपनी ने हाल ही में NCD जारी करके 7,816 करोड़ रुपये जुटाए हैं. इस रकम का कुछ हिस्सा भी ब्रिज फाइनेंसिंग चुकाने में इस्तेमाल किया जा सकता है.
कंपनी ने NCD के पांच साल वाले हिस्से पर 8.05% और सात साल वाले हिस्से पर 8.20% की ब्याज दर तय की थी.
11.75 अरब डॉलर में Organon को खरीद रही है Sun Pharma
Sun Pharma ने अप्रैल में अमेरिका की हेल्थकेयर कंपनी Organon का अधिग्रहण करने की घोषणा की थी. इस सौदे की एंटरप्राइज वैल्यू 11.75 अरब डॉलर है. इस डील के लिए 18 महीने की अवधि वाला ब्रिज लोन लिया गया था.
Organon को Merck से अलग करके बनाया गया था. Crisil की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने कैलेंडर ईयर 2025 में 6.2 अरब डॉलर का रेवेन्यू और करीब 2 अरब डॉलर का एडजस्टेड ऑपरेटिंग प्रॉफिट दर्ज किया था. इस आधार पर उसका ऑपरेटिंग मार्जिन करीब 31% रहा.
कैलेंडर ईयर 2026 की पहली छमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 3 अरब डॉलर से ज्यादा पर लगभग स्थिर रहा. इस दौरान ऑपरेटिंग मार्जिन करीब 30% बना रहा.
कब तक पूरी हो सकती है डील?
Crisil की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अधिग्रहण को Organon के शेयरधारकों की मंजूरी मिल चुकी है. हालांकि, सौदा पूरा होने के लिए संबंधित देशों और क्षेत्रों में जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिलना बाकी है.
मौजूदा अनुमान के मुताबिक, यह डील 2026 के आखिर से 2027 की शुरुआत के बीच पूरी हो सकती है.
इस मामले पर Sun Pharma और संबंधित बैंकों के प्रवक्ताओं ने टिप्पणी करने से इनकार किया या ईमेल का जवाब नहीं दिया. BNP Paribas से तत्काल संपर्क नहीं हो सका.
इसे भी पढ़ें- आज कौन से शेयर कराएंगे कमाई या देंगे झटका? Tata Motors PV, Yes Bank समेत इन 9 स्टॉक्स पर रखें नजर
Latest Stories
Bank Holiday Today: आज बैंक जाने से पहले चेक कर लें! छठ पूजा के चलते इन शहरों में रहेगी छुट्टी
Nvidia में फिर CEO बनेंगे जेनसन हुआंग? एलन मस्क समेत दिग्गजों ने बनाया ‘वॉर रूम’
बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल और CNG, 10 हजार रुपये का जुर्माना, 300 कैमरों से ऐसे होगी निगरानी
