TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल और CNG, 10 हजार रुपये का जुर्माना, 300 कैमरों से ऐसे होगी निगरानी

गुरुग्राम में बिना वैध PUC सर्टिफिकेट वाले वाहनों को अब पेट्रोल, डीजल और CNG नहीं मिलेगी. प्रशासन 15 नवंबर 2026 से पेट्रोल पंपों पर पहले चरण में 300 ANPR कैमरे लगाने जा रहा है. ये कैमरे नंबर प्लेट स्कैन करके ऑनलाइन PUC रिकॉर्ड जांचेंगे. बिना वैध प्रमाणपत्र गाड़ी चलाने पर 10,000 रुपये तक जुर्माना लग सकता है.

PUC सर्टिफिकेट

Highlights

  • गुरुग्राम में बिना वैध PUC सर्टिफिकेट पेट्रोल, डीजल और CNG नहीं मिलेगी
  • 15 नवंबर से पेट्रोल पंपों पर पहले चरण में 300 ANPR कैमरे लगाने की शुरुआत होगी
  • बिना वैध PUC गाड़ी चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10,000 रुपये तक जुर्माना लगेगा

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए सख्ती बढ़ा दी है. अब जिन गाड़ियों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल, डीजल और CNG नहीं मिलेगी. इसके लिए शहर के पेट्रोल पंपों पर 300 ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे. बिना वैध PUC के गाड़ी चलाने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना भी लग सकता है.

15 नवंबर से शुरू होगी 300 कैमरे लगाने की प्रक्रिया

गुरुग्राम प्रशासन ने पहले चरण में पेट्रोल पंपों पर 300 ANPR कैमरे लगाने की योजना बनाई है. इन कैमरों को लगाने का काम 15 नवंबर 2026 से शुरू होगा. जिला परिवहन अधिकारी और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) के सचिव संजीव सिंगला के मुताबिक, इन कैमरों की मदद से पेट्रोल पंप पर आने वाली गाड़ियों की पहचान की जाएगी. प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को हिंदी और अंग्रेजी में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए हैं. इन बोर्ड पर साफ लिखा होगा कि वैध PUC सर्टिफिकेट नहीं होने पर पेट्रोल, डीजल और CNG नहीं मिलेगी.

कैसे काम करेंगे ANPR कैमरे?

पेट्रोल पंपों पर लगाए जाने वाले ANPR कैमरे गाड़ियों की नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे. इसके बाद नंबर को ऑनलाइन वाहन और PUC डेटाबेस से मिलाया जाएगा.

इस प्रक्रिया से पता चल जाएगा कि गाड़ी का प्रदूषण प्रमाणपत्र वैध है या एक्सपायर हो चुका है. अगर वाहन के पास वैध PUC नहीं है तो पेट्रोल पंप कर्मचारी उसे ईंधन देने से इनकार कर सकते हैं. जब तक कैमरे पूरी तरह काम करना शुरू नहीं करते, तब तक पेट्रोल पंप संचालकों को मैनुअल तरीके से PUC सर्टिफिकेट चेक करना होगा.

बिना PUC गाड़ी चलाने पर 10,000 रुपये का जुर्माना

मोटर वाहन अधिनियम के तहत बिना वैध PUC सर्टिफिकेट के वाहन चलाने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं. यानी अगर आपकी गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट एक्सपायर हो चुका है तो आपको न सिर्फ पेट्रोल पंप पर परेशानी हो सकती है, बल्कि चालान भी कट सकता है.

1 अक्टूबर से NCR में लागू है नो PUC-नो फ्यूल नियम

दरअसल, नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में 1 अक्टूबर 2026 से नो PUC-नो फ्यूल की व्यवस्था लागू है. इसके तहत बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र वाले वाहनों को पेट्रोल, डीजल और CNG देने पर रोक है.

गुरुग्राम प्रशासन अब इस नियम को तकनीक की मदद से सख्ती से लागू करने की तैयारी कर रहा है. इसका मकसद प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर लगाम लगाना और वाहन मालिकों को समय पर PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने के लिए प्रेरित करना है.

वाहन मालिक अभी क्या करें?

अगर आप गुरुग्राम या दिल्ली-NCR में गाड़ी चलाते हैं तो इन बातों का ध्यान रखें.

  • अपनी गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट चेक करें.
  • सर्टिफिकेट एक्सपायर होने से पहले रिन्यू कराएं.
  • PUC की डिजिटल या प्रिंटेड कॉपी अपने पास रखें.
  • पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने से पहले प्रमाणपत्र की वैधता सुनिश्चित करें.
    इस तरह आप ईंधन भरवाने में होने वाली परेशानी और संभावित जुर्माने से बच सकते हैं.

यह भी पढ़ें- FIIs ने बाजार में लगाए 5,736 करोड़ रुपये, फिर भी गिर गया निफ्टी, आखिर निवेशक क्यों हैं सतर्क?