TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

कभी केन्या के मंदिर में करते थे काम, आज 18 हजार कर्मचारियों की कंपनी के मालिक हैं नरेंद्र रावल, जानें कैसे बने अरबपति कारोबारी

गुजरात में जन्मे नरेंद्र रावल 16 साल की उम्र में केन्या पहुंचे थे. यहां उन्होंने मंदिर में सहायक के तौर पर काम किया और फिर छोटी हार्डवेयर दुकान शुरू की. शुरुआती कारोबार में भारी नुकसान झेलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. आज उनका देवकी ग्रुप 18 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार देता है और स्टील-सीमेंट समेत कई कारोबार में सक्रिय है.

गुजरात में जन्मे नरेंद्र रावल

कहते हैं कि मेहनत और हौसले के दम पर इंसान अपनी किस्मत बदल सकता है. भारतीय मूल के कारोबारी नरेंद्र रावल इसकी मिसाल हैं. कभी केन्या के एक मंदिर में सहायक के तौर पर काम करने वाले नरेंद्र रावल आज अफ्रीका के बड़े उद्योगपतियों में शामिल हैं. उन्होंने एक छोटी हार्डवेयर की दुकान से अपने कारोबार की शुरुआत की और आज उनका देवकी ग्रुप (Devki Group) 18 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रहा है. स्टील, सीमेंट से लेकर फर्टिलाइजर तक कई कारोबार में उनकी कंपनी की मजबूत मौजूदगी है.

16 साल की उम्र में गुजरात से पहुंचे केन्या

नरेंद्र रावल का जन्म साल 1962 में गुजरात में हुआ था. साल 1978 में महज 16 साल की उम्र में वह केन्या चले गए. वहां शुरुआत में उन्होंने किसुमू शहर के एक मंदिर में सहायक के तौर पर काम किया. कुछ समय बाद उन्होंने मंदिर का काम छोड़ दिया और रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे काम तलाशने शुरू किए.

इसके बाद उन्होंने नैरोबी में एक हार्डवेयर की दुकान और स्टील मिल में काम किया. यहां उन्हें निर्माण सामग्री और स्टील के कारोबार की समझ मिली. साल 1990 में उन्होंने अपनी पत्नी नीता के साथ नैरोबी के गिकोंबा मार्केट में एक छोटी हार्डवेयर की दुकान शुरू की.

छोटी दुकान से शुरू किया स्टील बनाने का कारोबार

नरेंद्र रावल केवल दूसरे निर्माताओं के सामान बेचने तक सीमित नहीं रहना चाहते थे. उनका लक्ष्य केन्या में ही स्टील का उत्पादन करना और ग्राहकों को किफायती निर्माण सामग्री उपलब्ध कराना था.

इसी सोच के साथ उन्होंने अथि रिवर इलाके में एक छोटी रोलिंग मिल शुरू की. हालांकि, कारोबार की शुरुआत आसान नहीं रही. बाजार में पहले से बड़े स्टील निर्माता मौजूद थे. उनके पास ज्यादा पूंजी, बेहतर नेटवर्क और मजबूत ग्राहक आधार था.

ऐसे में रावल के लिए अपने उत्पाद बेचना मुश्किल हो गया. फैक्ट्री शुरू होने के छह महीने के भीतर ही कारोबार आर्थिक संकट में पहुंच गया. कर्मचारियों का वेतन देने और बैंक का कर्ज चुकाने तक की परेशानी खड़ी हो गई.

कर्मचारियों ने भी मुश्किल समय में दिया साथ

कारोबार के शुरुआती मुश्किल दौर में कर्मचारियों ने नरेंद्र रावल का साथ नहीं छोड़ा. कुछ कर्मचारियों ने वेतन में कटौती स्वीकार की, ताकि कंपनी चलती रहे. रावल खुद भी फैक्ट्री में कर्मचारियों के साथ काम करते थे.

कुछ समय बाद स्टील की कीमतों में तेजी आई. इससे उन्हें पहले खरीदे गए स्टॉक को बेहतर कीमत पर बेचने का मौका मिला. धीरे-धीरे कंपनी की आर्थिक स्थिति सुधरी और कारोबार आगे बढ़ने लगा.

स्टील से सीमेंट तक फैलाया कारोबार

स्टील कारोबार में सफलता मिलने के बाद नरेंद्र रावल ने अपने बिजनेस का विस्तार शुरू किया. उन्होंने देवकी ग्रुप के तहत कई कंपनियां खड़ी कीं. आज उनका कारोबार स्टील, सीमेंट, रूफिंग शीट, फर्टिलाइजर, पैकेजिंग और दूसरे औद्योगिक क्षेत्रों तक फैला हुआ है.

उनके ग्रुप में देवकी स्टील मिल्स, नेशनल सीमेंट, मैशा माबाती मिल्स, मैशा मिनरल्स एंड फर्टिलाइजर्स और मैशा पैकेजिंग जैसे कारोबार शामिल हैं. इसके अलावा रवांडा में भी ग्रुप की कारोबारी मौजूदगी है.

सीमेंट कारोबार में नेशनल सीमेंट की भूमिका काफी अहम रही. कंपनी ने ARM सीमेंट की संपत्तियों और कारोबार का अधिग्रहण करीब 5 अरब केन्याई शिलिंग में किया था. इससे केन्या के सीमेंट बाजार में उसकी स्थिति मजबूत हुई.

डांगोटे का ऑफर भी ठुकराया

नरेंद्र रावल के कारोबार की चर्चा तब और बढ़ी जब अफ्रीका के बड़े उद्योगपति अलिको डांगोटे ने उनके सीमेंट कारोबार में दिलचस्पी दिखाई. डांगोटे ने नेशनल सीमेंट को खरीदने और बाद में कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी लेने का प्रस्ताव दिया था.

हालांकि, रावल ने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया. उनका कहना था कि नेशनल सीमेंट उनका पारिवारिक कारोबार है और वह इसे परिवार के नियंत्रण में ही रखना चाहते हैं.

180 कर्मचारियों से 18 हजार से ज्यादा तक पहुंचा ग्रुप

नरेंद्र रावल की कारोबारी यात्रा का सबसे बड़ा पहलू रोजगार से जुड़ा है. शुरुआत में उनके कारोबार में करीब 180 कर्मचारी थे, जबकि आज देवकी ग्रुप में 18 हजार से ज्यादा लोग काम करते हैं.

कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने अपने कारोबार का इस्तेमाल लोगों की मदद के लिए किया. उनकी एक स्टील फैक्ट्री में ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू किया गया, ताकि अस्पतालों को जरूरत के समय ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सके.

रावल के लिए दौलत का मतलब सिर्फ बैंक में जमा पैसा नहीं है. उनके मुताबिक, उनके साथ काम करने वाले हजारों कर्मचारी और समाज के लिए किया गया योगदान ही उनकी असली संपत्ति है.

आज नरेंद्र रावल की कहानी बताती है कि एक छोटी दुकान से शुरू हुआ कारोबार भी बड़े औद्योगिक साम्राज्य में बदल सकता है. इसके लिए जोखिम उठाने, मुश्किल समय में टिके रहने और सही मौके का इस्तेमाल करने की जरूरत होती है.

यह भी पढ़ें- Toyota Innova Hycross Facelift में मिलेंगे बड़े बदलाव, पहली बार दिखा नया लुक