बिना बैरियर के टोल वसूली शुरू, FASTag में बैलेंस नहीं हुआ तो लगेगा झटका
तमिलनाडु में NHAI ने चेन्नई-बेंगलुरु हाईवे (NH-48) के नेमिली टोल प्लाजा पर 12 नवंबर से बैरियर-फ्री टोल कलेक्शन सिस्टम शुरू किया है. मल्टी लेन फ्री फ्लो तकनीक से गाड़ियों को टोल पर रुकना नहीं होगा. FASTag और AI कैमरों की मदद से नंबर प्लेट पहचानकर टोल अपने आप काटा जाएगा.
Highlights
- तमिलनाडु के नेमिली टोल प्लाजा पर 12 नवंबर से नई व्यवस्था लागू
- FASTag और AI कैमरों से अपने आप कटेगा टोल का पैसा
- वाहन चालकों को FASTag में पर्याप्त बैलेंस रखना होगा
देश में हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए टोल वसूली का तरीका तेजी से बदल रहा है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने तमिलनाडु में बैरियर-फ्री टोल कलेक्शन सिस्टम शुरू किया है. इसके तहत वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने या बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. गाड़ियों से टोल की वसूली ऑटोमैटिक तरीके से की जाएगी.
NH-48 पर नेमिली टोल प्लाजा से हुई शुरुआत
तमिलनाडु में चेन्नई-बेंगलुरु हाईवे (NH-48) पर स्थित नेमिली टोल प्लाजा पर 12 नवंबर 2026 से मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू किया गया है. यह टोल प्लाजा श्रीपेरंबदूर के पास स्थित है. इसके लागू होने से इस रूट पर सफर करने वाले वाहन चालकों को टोल भुगतान के लिए रुकना नहीं पड़ेगा. नेमिली तमिलनाडु का दूसरा टोल प्लाजा है, जहां यह तकनीक शुरू की गई है. इससे पहले एक अक्टूबर को परनूर टोल प्लाजा पर भी बैरियर-फ्री टोल कलेक्शन की शुरुआत हुई थी.
कैसे काम करेगा बैरियर-फ्री टोल सिस्टम?
इस नई व्यवस्था में टोल वसूली के लिए दो तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा.
- FASTag और RFID रीडर: हाईवे पर लगे रीडर वाहन के FASTag को पहचानेंगे.
- ANPR कैमरे: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे.
- ऑटोमैटिक पेमेंट: दोनों से मिली जानकारी का मिलान करके वाहन के FASTag से जुड़ी राशि अपने आप काट ली जाएगी.
इस तरह गाड़ियों को टोल प्लाजा पर रुकने, लाइन में लगने या बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना होगा.
FASTag में बैलेंस रखना होगा जरूरी
बैरियर-फ्री टोल सिस्टम में वाहन चालकों को अपने FASTag का खास ध्यान रखना होगा. FASTag चालू होना चाहिए और उसमें पर्याप्त बैलेंस होना जरूरी है. अगर FASTag काम नहीं करता या उसमें पर्याप्त पैसा नहीं है, तो वाहन मालिक को इलेक्ट्रॉनिक नोटिस (E-Notice) भेजा जा सकता है.
वाहन चालकों को क्या होगा फायदा?
इस नई तकनीक से हाईवे पर ट्रैफिक जाम कम होने की उम्मीद है. खासकर व्यस्त रूट और त्योहारों के दौरान टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी. इसके अलावा वाहनों के बार-बार रुकने और चलने से होने वाली ईंधन की खपत भी कम होगी.
इससे यात्रा का समय बचेगा और गाड़ियों से निकलने वाले प्रदूषण में भी कमी आ सकती है. NHAI आने वाले समय में देश के दूसरे नेशनल हाईवे पर भी इस तकनीक का विस्तार करने की तैयारी कर रहा है.
Latest Stories
Hero की नई इलेक्ट्रिक बाइक की टेस्टिंग शुरू, Vida UBX जल्द होगी लॉन्च! जानें फीचर्स और डिजाइन
नई Creta से ऑफ रोडर SUV तक, 2027 में Hyundai की ये 5 गाड़ियां मचाएंगी धमाल!
Delhi EV Policy 2026: ईवी सब्सिडी के नियमों में बड़ा बदलाव, अब फायदा उठाने के लिए आधार हुआ जरूरी
