TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Nvidia विवाद तो सिर्फ शुरुआत! चीन का जासूसी नेटवर्क कैसे बना अमेरिका की टेक कंपनियों के लिए बड़ा खतरा?

Nvidia से जुड़े विवाद ने अमेरिका में चीन की जासूसी गतिविधियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. आरोप हैं कि चीनी खुफिया नेटवर्क निजी रिश्तों, साइबर अटैक और कारोबारी संपर्कों के जरिए संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश करता है. इस मामले ने अमेरिकी टेक कंपनियों की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Nvidia

Highlights

  • Nvidia विवाद ने अमेरिका में चीन की जासूसी गतिविधियों पर सवाल उठाए
  • चीन की खुफिया एजेंसियां हनीट्रैप और साइबर हमलों का इस्तेमाल करती हैं
  • AI और सेमीकंडक्टर कंपनियां विदेशी जासूसी नेटवर्क के निशाने पर हैं

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप बनाने वाली कंपनियों में शामिल Nvidia से जुड़ा विवाद अब सिर्फ कॉर्पोरेट जगत तक सीमित नहीं रह गया है. इस मामले ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन की जासूसी गतिविधियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. आरोप हैं कि Nvidia के प्रमुख रहे जेनसन हुआंग से जुड़े एक निजी रिश्ते के तार चीनी खुफिया गतिविधियों से हो सकते हैं. हालांकि, इन आरोपों की अभी तक सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है. इस पूरे घटनाक्रम ने अमेरिकी एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

क्या है Nvidia से जुड़ा पूरा विवाद?

Nvidia के पूर्व प्रमुख जेनसन हुआंग से जुड़े एक कथित निजी रिश्ते और सिंगापुर की एक चिप कंपनी को लेकर विवाद सामने आया है. इस मामले में एलिस हुआंग नाम की महिला के चीनी खुफिया एजेंसियों से संभावित संबंधों को लेकर सवाल उठे हैं.

अमेरिकी एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि कहीं इस रिश्ते का इस्तेमाल संवेदनशील कारोबारी और तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए तो नहीं किया गया. हालांकि, अभी यह साबित नहीं हुआ है कि संबंधित महिला किसी चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थी या इस रिश्ते के जरिए कोई गोपनीय जानकारी हासिल की गई. इस मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या विदेशी खुफिया एजेंसियां अब बड़ी टेक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों को निशाना बना रही हैं?

हनीट्रैप के जरिए जासूसी का पुराना तरीका

खुफिया एजेंसियां लंबे समय से हनीट्रैप जैसी रणनीतियों का इस्तेमाल करती रही हैं. इसमें किसी प्रभावशाली व्यक्ति के साथ निजी या भावनात्मक रिश्ता बनाकर उससे संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती है.

शीत युद्ध के दौरान सोवियत संघ की खुफिया एजेंसी KGB इस तरह के तरीकों के लिए जानी जाती थी. पूर्वी जर्मनी की स्टासी एजेंसी भी सरकारी अधिकारियों और संवेदनशील पदों पर काम करने वाले लोगों को निजी रिश्तों के जरिए निशाना बनाती थी.

चीन पर भी अतीत में इस तरह की गतिविधियों के आरोप लगते रहे हैं. अमेरिका में 1990 के दशक में कैटरीना लियुंग का मामला काफी चर्चित हुआ था. उन पर FBI अधिकारियों के साथ संबंध बनाकर गोपनीय जानकारी चीन तक पहुंचाने के आरोप लगे थे.

चीन की जासूसी मशीनरी कैसे करती है काम?

चीन की खुफिया व्यवस्था सिर्फ एक एजेंसी तक सीमित नहीं है. इसमें नागरिक खुफिया एजेंसियां, सैन्य संगठन, साइबर यूनिट और अलग-अलग प्रांतीय स्तर की इकाइयां शामिल हैं. इस व्यवस्था की प्रमुख नागरिक एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) है. इसकी स्थापना 1983 में हुई थी. यह विदेशी और घरेलू खुफिया जानकारी जुटाने, जासूसी गतिविधियों पर नजर रखने और चीन की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर काम करती है.

इसके अलावा चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के पास भी सैन्य खुफिया और साइबर क्षमताएं रही हैं. इसकी अलग-अलग यूनिट्स का काम विदेशी संचार पर नजर रखना, डिजिटल नेटवर्क की निगरानी करना और साइबर गतिविधियों को अंजाम देना रहा है. यानी चीन की जासूसी व्यवस्था में सिर्फ सरकारी एजेंसियां ही नहीं, बल्कि तकनीकी और साइबर विशेषज्ञों की भी अहम भूमिका है.

कंप्यूटर हैकिंग से बोर्डरूम तक पहुंची जासूसी

पहले जासूसी का मतलब सरकारी दस्तावेज चुराना या सैन्य ठिकानों की जानकारी जुटाना माना जाता था. लेकिन अब इसका दायरा तेजी से बदल रहा है. टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कारोबार से जुड़ी जानकारी भी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर है.

चीन की साइबर जासूसी गतिविधियों को लेकर अमेरिका लंबे समय से चिंता जताता रहा है. 2013 में चीनी सैन्य इकाई से जुड़े हैकर्स पर न्यूयॉर्क टाइम्स के कंप्यूटर नेटवर्क को निशाना बनाने के आरोप सामने आए थे.

इसके अलावा खनन क्षेत्र की बड़ी कंपनियों BHP Billiton और Rio Tinto के नेटवर्क में सेंधमारी की खबरें भी सामने आई थीं. इन घटनाओं ने दिखाया कि कारोबारी बातचीत और विलय से जुड़ी गोपनीय जानकारी भी साइबर जासूसी का निशाना बन सकती है. अब कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से निजी संबंध बनाकर जानकारी जुटाने की आशंका ने इस खतरे को और गंभीर बना दिया है.

अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों पर भी उठे सवाल

Nvidia विवाद के बाद अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारी Nvidia से जुड़े कुछ चीनी संपर्कों की कम से कम दो साल से जांच कर रहे थे. यह भी दावा किया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जेनसन हुआंग की संभावित सुरक्षा चिंताओं के बारे में जानकारी दी गई थी. विदेश मंत्री मार्को रुबियो की ओर से भी इस मामले में चेतावनी साझा किए जाने की बात सामने आई है. इसके बावजूद हुआंग और ट्रंप के बीच करीबी संबंध बने रहे. हुआंग मई में चीन की यात्रा के दौरान भी ट्रंप के साथ थे.

Nvidia विवाद के बाद क्यों बढ़ी दुनिया की चिंता?

इस पूरे मामले का असर सिर्फ Nvidia तक सीमित नहीं रह सकता. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में शामिल हैं. इन क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनियों के पास ऐसी जानकारी होती है, जो किसी देश की आर्थिक और रणनीतिक ताकत को प्रभावित कर सकती है.

इसलिए विदेशी खुफिया एजेंसियों के लिए ऐसी कंपनियां महत्वपूर्ण लक्ष्य बन सकती हैं. Nvidia विवाद ने यह चिंता बढ़ा दी है कि जासूसी अब सिर्फ कंप्यूटर हैकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी रिश्तों, कारोबारी मुलाकातों और नेटवर्किंग के जरिए भी संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की कोशिश हो सकती है. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है. यह स्पष्ट होना बाकी है कि वास्तव में कोई जासूसी गतिविधि हुई थी या नहीं और अगर हुई तो उससे कितनी संवेदनशील जानकारी प्रभावित हुई.

यह भी पढ़ें- Bank Holiday: आज से लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक, SBI-HDFC के ग्राहक ध्यान दें; देखें आपके शहर में कब खुलेगी ब्रांच