TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Google ने लॉन्च किया Gemini 4 Hydrogen AI मॉडल, कोडिंग और रिसर्च का काम होगा पहले से तेज

गूगल ने Gemini 4 Hydrogen AI मॉडल लॉन्च किया है, जो कोडिंग, रिसर्च और बिजनेस वर्क को तेज बनाने में मदद करेगा. इसमें 10 लाख टोकन का कॉन्टेक्स्ट विंडो और चार थिंकिंग लेवल मिलते हैं. गूगल के मुताबिक, यह Gemini 3.8 Flash से 2.5 गुना तेज काम कर सकता है. इसे Gemini ऐप और Google Search में भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

गूगल ने Gemini 4 Hydrogen AI मॉडल लॉन्च किया

Highlights

  • Google ने कोडिंग, रिसर्च और बिजनेस वर्क के लिए Gemini 4 Hydrogen AI मॉडल लॉन्च किया
  • नया AI मॉडल Gemini 3.8 Flash के मुकाबले 2.5 गुना तेजी से काम करेगा
  • इसमें 10 लाख टोकन कॉन्टेक्स्ट विंडो और चार अलग-अलग थिंकिंग लेवल दिए गए हैं

गूगल ने अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल Gemini 4 Hydrogen लॉन्च किया है. इसे खासतौर पर कोडिंग, रिसर्च, डेटा एनालिसिस और रोजमर्रा के बिजनेस कामों को तेज बनाने के लिए तैयार किया गया है. यह मॉडल कोड लिखने, गलतियां सुधारने, सॉफ्टवेयर टेस्टिंग और जटिल जानकारियों का विश्लेषण करने में मदद करेगा. कंपनी का दावा है कि यह पुराने मॉडल के मुकाबले कम समय में बेहतर नतीजे दे सकता है.

Gemini 4 Hydrogen में क्या है खास?

Gemini 4 Hydrogen गूगल की Gemini 4 सीरीज का नया AI मॉडल है. इस सीरीज में Gemini 4 Carbon और Gemini 4 Argon भी शामिल हैं. जहां Carbon और Argon को जटिल और लंबे रीजनिंग वाले कामों के लिए तैयार किया गया है, वहीं Hydrogen का फोकस तेजी से काम पूरा करने पर है.

यह मॉडल डेवलपर्स को कोडिंग, डिबगिंग, सॉफ्टवेयर टेस्टिंग और वेबसाइट बनाने जैसे कामों में मदद करेगा. इसमें लो, मीडियम, हाई और एक्स्ट्रा हाई समेत चार थिंकिंग लेवल दिए गए हैं. यूजर अपने काम की जरूरत के हिसाब से इनका इस्तेमाल कर सकते हैं.

Gemini 4 Argon से भी बेहतर स्कोर

Gemini 4 Hydrogen ने Artificial Analysis Intelligence Index पर डिफॉल्ट हाई थिंकिंग लेवल में 51 स्कोर हासिल किया है. वहीं Gemini 4 Argon का स्कोर 50 रहा. एक्स्ट्रा हाई थिंकिंग लेवल पर Hydrogen का स्कोर 54 तक पहुंच जाता है.

कंपनी के मुताबिक, यह Gemini 3.8 Flash के मुकाबले डिफॉल्ट सेटिंग पर 2.5 गुना तेजी से काम पूरा कर सकता है. Terminal-Bench 4.1 टेस्ट में इसने 57 फीसदी स्कोर किया, जबकि Gemini 3.8 Flash का स्कोर 18.2 फीसदी रहा. इससे कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के काम में इसकी क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

Orchestrator फीचर भी हुआ पेश

गूगल ने अपने Antigravity प्लेटफॉर्म में Orchestrator फीचर भी पेश किया है. यह काम की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग AI मॉडल के बीच अपने आप स्विच कर सकता है. उदाहरण के लिए, जटिल प्लानिंग का काम Gemini 4 Carbon को और कोडिंग व टेस्टिंग का काम Gemini 4 Hydrogen को दिया जा सकता है. इससे हर काम के लिए सही AI मॉडल का इस्तेमाल होगा और समय के साथ-साथ टोकन की खपत भी कम हो सकती है. कंपनी के अनुसार, Terminal-Bench 4.0 टेस्ट में Orchestrator ने औसतन 24 फीसदी कम क्वोटा इस्तेमाल किया और काम 19 फीसदी तेजी से पूरा किया.

10 लाख टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो

Gemini 4 Hydrogen में 1 मिलियन यानी 10 लाख टोकन तक की कॉन्टेक्स्ट विंडो का सपोर्ट दिया गया है. इसकी मदद से यह बड़े डॉक्यूमेंट, स्प्रेडशीट, चार्ट, ऑडियो और रिकॉर्डेड वीडियो जैसी जानकारियों को एक साथ समझ सकता है. यह इन जानकारियों के आधार पर रिपोर्ट, डेटा एनालिसिस और दूसरे जरूरी आउटपुट तैयार कर सकता है. इससे उन लोगों को फायदा होगा, जिन्हें रोजाना बड़ी मात्रा में डेटा और डॉक्यूमेंट के साथ काम करना पड़ता है.

इस्तेमाल करने के लिए कितनी देनी होगी कीमत?

Gemini 4 Hydrogen की API कीमत 10 लाख इनपुट टोकन के लिए 1.50 डॉलर और 10 लाख आउटपुट टोकन के लिए 7.50 डॉलर रखी गई है. यानी डेवलपर्स अपने एप्लिकेशन और दूसरे डिजिटल प्रोजेक्ट में इसका इस्तेमाल जरूरत के हिसाब से कर सकते हैं.

कहां कर सकेंगे इस्तेमाल?

Gemini 4 Hydrogen को दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. डेवलपर्स इसे Gemini API, Google AI Studio और Android Studio के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा यह Gemini ऐप और Google Search में भी उपलब्ध है. इसकी मदद से यूजर्स कोडिंग के अलावा कंटेंट लिखने, रिसर्च करने, डॉक्यूमेंट तैयार करने और रोजमर्रा के कई डिजिटल काम आसानी से कर सकेंगे.

यह भी पढ़ें- सुनील भारती मित्तल ने की वकालत, कम से कम 350 रुपए का हो मथंली रिचार्ज प्लान, कर दी पेप्सी, चिप्स से तुलना