TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

15 दिन में 10% चढ़ा निफ्टी, FIIs ने लगाए ₹84000 करोड़; इन 12 लार्जकैप शेयरों पर नजर

नवंबर के शुरुआती 15 दिनों में भारतीय शेयर बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिली है. निफ्टी करीब 10% चढ़कर अपने ऑल टाइम हाई से महज 3% दूर पहुंच गया है. FIIs ने इस महीने अब तक 84000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है. Reliance, HDFC Bank, ICICI Bank और SBI जैसे शेयरों में 12 से 16% की तेजी आई है.

FIIs ने इस महीने अब तक 84,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया. Image Credit: money9 live

Highlights

  • नवंबर के 15 दिनों में निफ्टी करीब 10% चढ़ा, ऑल टाइम हाई से 3% दूर.
  • FIIs ने इस महीने अब तक 84,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया.
  • Jefferies ने विदेशी निवेशकों की वापसी से फायदा पाने वाले 12 लार्जकैप शेयरों की पहचान की.

नवंबर के सिर्फ 15 दिनों में शेयर बाजार ने ऐसी वापसी की है कि निवेशकों का भरोसा फिर लौटने लगा है. निफ्टी करीब 10% उछल चुका है और अपने ऑल टाइम हाई से महज 3% दूर है. इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा दम विदेशी निवेशकों का दिख रहा है, जिन्होंने नवंबर में अब तक 84000 करोड़ रुपये से ज्यादा झोंक दिए हैं. Reliance, HDFC Bank, ICICI Bank और SBI जैसे दिग्गज शेयर 12 से 16% तक चढ़ चुके हैं. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और ग्लोबल सेंटीमेंट में सुधार ने भी बाजार को सपोर्ट दिया है. ऐसे में सवाल है कि क्या बाजार की यह तेजी आगे भी जारी रहेगी. क्या अब लार्जकैप शेयरों में निवेश का मौका है और किन शेयरों पर FIIs की नजर है?

लार्जकैप शेयरों में क्यों आई इतनी तेजी?

मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, लार्जकैप शेयरों को मिडकैप और स्मॉलकैप के मुकाबले बेहतर वैल्यूएशन का फायदा मिल रहा है. पहले की तेजी के बाद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर महंगे हो गए थे. ऐसे में निवेशकों का रुझान पहले से ज्यादा आकर्षक वैल्यूएशन वाले बड़े शेयरों की तरफ बढ़ा है.

डेरिवेटिव्स मार्केट में बनी पोजिशनिंग भी लार्जकैप शेयरों की रिकवरी की एक वजह है. निगेटिव खबरों के दौर में डेरिवेटिव सेगमेंट के कई बड़े शेयरों में जरूरत से ज्यादा बिकवाली हुई थी. इससे इन शेयरों की वैल्यूएशन आकर्षक हो गई.

कच्चे तेल में गिरावट से भी बाजार को सहारा

ग्लोबल मार्केट में बेहतर होते सेंटीमेंट ने भी भारतीय बाजार की तेजी को मजबूती दी है. नवंबर की शुरुआत से Brent क्रूड की कीमत करीब 21% और WTI क्रूड की कीमत लगभग 17% गिर चुकी है. इसकी एक वजह अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध खत्म होने की उम्मीद है.

दूसरी तरफ, AI ट्रेड में बिकवाली का दबाव बना हुआ है. अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के बाद डेमोक्रेट्स की वापसी से कैपेक्स में सुस्ती और खर्च पर सख्त निगरानी की आशंका बढ़ी है. इसका असर ग्लोबल टेक शेयरों पर दिख रहा है. Nasdaq करीब 1% गिर चुका है, जबकि दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजारों में 3 से 6% तक की गिरावट आई है.

FIIs की वापसी से इन शेयरों को मिल सकता है फायदा

Jefferies की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी निवेशकों की वापसी का फायदा बड़ी कंपनियों को ज्यादा मिल सकता है. इसकी वजह इन शेयरों में बेहतर लिक्विडिटी और विदेशी निवेशकों की ज्यादा हिस्सेदारी है.

ब्रोकरेज ने संभावित फायदे वाले शेयरों में Reliance Industries, HDFC Bank, Axis Bank, Kotak Mahindra Bank, Max Healthcare, JSW Energy, UltraTech Cement, IndiGo, Varun Beverages, Indian Hotels Company, DLF और Sona BLW को शामिल किया है.

घरेलू म्यूचुअल फंड निवेशकों की दिलचस्पी भी लार्जकैप शेयरों में बढ़ती दिख रही है. AMFI के अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक, लार्जकैप फंड्स में 1,032.39 करोड़ रुपये का निवेश आया, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 859.47 करोड़ रुपये था. लार्ज एंड मिडकैप फंड्स में निवेश करीब दोगुना होकर 8,484.23 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो इक्विटी फंड कैटेगरी में सबसे ज्यादा रहा.

ये भी पढ़ें- TVS Supply Chain Solutions: Q2 नतीजों के बाद 17% उछला शेयर, दो हफ्ते में 24% की तेजी

क्या निवेशकों को लार्जकैप में बढ़ाना चाहिए निवेश?

बाजार की तेजी के बावजूद जानकार निवेशकों को लार्जकैप शेयरों में बहुत बड़ा बदलाव करने की सलाह नहीं देते. उनका मानना है कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में करीब 45% हिस्सा लार्जकैप में रख सकते हैं और मिडकैप व स्मॉलकैप में भी निवेश बनाए रख सकते हैं.

आगे बाजार की दिशा पर कंपनियों की FY28 की कमाई को लेकर तस्वीर भी असर डाल सकती है. अर्निंग सीजन खत्म होने के साथ संस्थागत निवेशक अब कंपनियों की भविष्य की कमाई की संभावनाओं पर ज्यादा ध्यान दे सकते हैं. ऐसे में लार्जकैप शेयरों को फिलहाल FIIs की वापसी, बेहतर वैल्यूएशन और घरेलू निवेश से सपोर्ट मिल रहा है, लेकिन निवेशकों के लिए पोर्टफोलियो में संतुलन बनाए रखना अहम रहेगा.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.