न CA का झंझट, न पेपर वर्क का टेंशन, इन प्राइवेट ऐप्स से आसानी से भरे अपना ITR

31 जुलाई 2026 की ITR फाइलिंग डेडलाइन से पहले जान लीजिए कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के ई-फाइलिंग पोर्टल के अलावा किन ऐप्स के जरिए आसानी से Income Tax Return दाखिल किया जा सकता है. पेटीएम, क्लियरटैक्स, एंजेल वन, फोनपे, जियोफाइनेंस, INDmoney और टैक्सबडी जैसे प्लेटफॉर्म ITR फाइलिंग, टैक्स कैलकुलेशन, कैपिटल गेन्स इंपोर्ट और एक्सपर्ट सपोर्ट जैसी सुविधाएं दे रहे हैं.

आईटीआर फाइलिंग Image Credit: money9live.com

ITR Filing 2026: इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आखिरी तारीख अब बेहद करीब है. वित्त वर्ष 2025-26 (असेसमेंट ईयर 2026-27) के लिए ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है. ऐसे में जिन टैक्सपेयर्स ने अभी तक अपना रिटर्न दाखिल नहीं किया है, उनके पास अब बेहद कम समय बचा है. हालांकि, अगर आपको इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के आधिकारिक ई-फाइलिंग पोर्टल पर रिटर्न भरने में परेशानी हो रही है, तो अब कई फिनटेक प्लेटफॉर्म और वित्तीय ऐप्स भी यह सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं. ये प्लेटफॉर्म न सिर्फ ITR फाइल करने की प्रक्रिया को आसान बनाते हैं, बल्कि कई मामलों में प्री-फिल्ड डेटा, निवेश से जुड़ी जानकारी का ऑटोमैटिक इंपोर्ट, टैक्स बचाने के सुझाव और एक्सपर्ट की मदद जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हैं.

इन ऐप्स के जरिए भी भर सकते हैं ITR

Paytm ने Cleartax के साथ साझेदारी कर अपने ऐप पर ITR फाइलिंग की सुविधा शुरू की है. इसमें ऑटोमैटिक टैक्स डेटा फेच करने, पहले से भरी हुई जानकारी और कई ब्रोकर्स से कैपिटल गेन्स का डेटा एक क्लिक में इंपोर्ट करने जैसी सुविधाएं मिलती हैं. इस सर्विस की शुरुआती कीमत 11 रुपये रखी गई है. Angel One भी Cleartax के साथ मिलकर अपने ग्राहकों को ITR फाइलिंग की सुविधा दे रहा है.

इसके जरिए निवेशक अपने Angel One अकाउंट से कैपिटल गेन्स का डेटा सीधे इंपोर्ट कर सकते हैं. यहां यूजर्स को खुद रिटर्न भरने और एक्सपर्ट की मदद से रिटर्न दाखिल करने, दोनों विकल्प मिलते हैं. वहीं PhonePe और JioFinance ने TaxBuddy के साथ साझेदारी की है. दोनों प्लेटफॉर्म अपने ऐप के जरिए एक्सपर्ट की सहायता से ITR फाइलिंग की सुविधा देते हैं. इनकी शुरुआती फीस 24 रुपये है.

अगर आप बिना किसी शुल्क के रिटर्न भरना चाहते हैं, तो INDmoney एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यह प्लेटफॉर्म असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए मुफ्त ITR फाइलिंग की सुविधा दे रहा है. इसमें यूएस स्टॉक्स, भारतीय शेयर, म्यूचुअल फंड्स, डिविडेंड, F&O ट्रेड्स, इंट्राडे ट्रेड्स और सैलरी से जुड़ी जानकारी को ऑटोमैटिक सिंक कर टैक्स की गणना की जाती है.

ये प्लेटफॉर्म भी कर रहे हैं मदद

इसके अलावा कई अन्य टैक्स प्लेटफॉर्म भी करदाताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. Cleartax में फॉर्म 16 की पीडीएफ अपलोड करते ही एआई इंजन सैलरी, TDS और डिडक्शन जैसी जानकारियां स्वतः पढ़कर सही स्थान पर भर देता है. साथ ही यह बताता है कि नया या पुराना टैक्स रिजीम आपके लिए ज्यादा फायदेमंद रहेगा. Tax2win का चैटबॉट आसान भाषा में सवाल पूछकर आपके जवाबों के आधार पर ITR तैयार करता है. अगर कोई जानकारी गलत होती है, तो यह तुरंत चेतावनी भी देता है.

वहीं क्विको निवेशकों के लिए खास तौर पर उपयोगी है. यह Zerodha, Groww और Upstox जैसे ब्रोकर्स से डेटा लेकर पूरे साल का प्रॉफिट एंड लॉस स्टेटमेंट तैयार करता है और कैपिटल गेन्स टैक्स की गणना करता है. साथ ही AIS और TIS का मिलान भी करता है, जिससे रिटर्न में गलती की संभावना काफी कम हो जाती है.

आधिकारिक पोर्टल से भी कर सकते हैं फाइलिंग

हालांकि, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का ई-फाइलिंग पोर्टल अब भी ITR फाइलिंग का आधिकारिक माध्यम है. यहां टैक्सपेयर्स PAN के जरिए लॉग-इन कर सही ITR फॉर्म चुन सकते हैं, अपनी आय और डिडक्शन की जानकारी सत्यापित कर सकते हैं, जरूरत पड़ने पर टैक्स जमा कर सकते हैं और अंत में ई-वेरिफिकेशन के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

पोर्टल पर फॉर्म 16, एनुअल इंफॉर्मेशन स्टेटमेंट (AIS) और टैक्सपेयर इंफॉर्मेशन समरी (TIS) के आधार पर पहले से भरी हुई जानकारी भी उपलब्ध रहती है, जिससे रिटर्न दाखिल करना और आसान हो जाता है.

किसे कौन-सा ITR फॉर्म भरना चाहिए?

अगर आपको यह नहीं पता कि कौन-सा ITR फॉर्म आपके लिए सही है, तो ई-फाइलिंग पोर्टल पर मौजूद “हेल्प मी डिसाइड” विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है.

  • ITR-1: सैलरी, दो मकानों और अन्य स्रोतों से आय वाले व्यक्तियों के लिए.
  • ITR-2: ऐसे व्यक्ति या HUF, जिनकी आय में बिजनेस या प्रोफेशन शामिल नहीं है.
  • ITR-3: बिजनेस या प्रोफेशन से आय वाले व्यक्ति या HUF के लिए.
  • ITR-4: प्रिजम्पटिव टैक्सेशन स्कीम के तहत बिजनेस या प्रोफेशन से आय वाले टैक्सपेयर्स के लिए.

यह भी पढ़ें: पिछले 6 साल के जोरदार प्रदर्शन की राह पर Nifty IT, जुलाई में 16 फीसदी का उछाल; इन शेयरों ने बिखेरी चमक