SBI ATM से पैसा निकालना पड़ेगा महंगा? फ्री ट्रांजैक्शन हुए आधे

SBI ने 1 अक्टूबर 2026 से ATM ट्रांजैक्शन के नियम बदलने का ऐलान किया है. Salary Package Account ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन 10 से घटकर 5 होंगे. इसके बाद कैश निकासी और गैर-वित्तीय ट्रांजैक्शन पर शुल्क लगेगा.

SBI Image Credit:

अगर आपका बैंक अकाउंट State Bank of India यानी SBI में है और आप दूसरे बैंकों के ATM से पैसे निकालते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. SBI ने ATM और ADWM से जुड़े फ्री ट्रांजैक्शन के नियमों में बदलाव किया है. नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे.

दूसरे बैंक के ATM से सिर्फ 5 फ्री ट्रांजैक्शन

SBI के Salary Package Account वाले ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के ATM और ADWM पर फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा घटाई जा रही है. अभी ऐसे ग्राहकों को हर महीने 10 फ्री ट्रांजैक्शन मिलते हैं, लेकिन 1 अक्टूबर से यह संख्या घटकर 5 हो जाएगी.

इन 5 ट्रांजैक्शन में कैश निकालने के साथ-साथ गैर-वित्तीय ट्रांजैक्शन भी शामिल होंगे. यानी बैलेंस चेक करने या मिनी स्टेटमेंट जैसी कुछ सेवाओं को भी इसी सीमा में गिना जाएगा.

फ्री लिमिट खत्म होने पर कितना चार्ज?

अगर आप महीने में 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा पार कर जाते हैं तो अतिरिक्त शुल्क देना होगा. कैश निकालने पर ₹23 प्लस GST और गैर-वित्तीय ट्रांजैक्शन पर ₹11 प्लस GST चार्ज लगेगा.

हालांकि, ये चार्ज नए नहीं हैं. SBI ने बताया है कि फ्री लिमिट खत्म होने के बाद लागू होने वाले ये शुल्क पहले से निर्धारित हैं. बदलाव मुख्य रूप से फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या में किया गया है.

SBI के ATM पर नियम में बदलाव नहीं

अगर SBI ग्राहक अपने ही बैंक के ATM या ADWM का इस्तेमाल करते हैं तो फिलहाल फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या में बदलाव नहीं किया गया है. ऐसे ग्राहकों को हर महीने 10 फ्री ट्रांजैक्शन मिलते रहेंगे.

यानी नया नियम खास तौर पर Salary Package Account के उन ग्राहकों को प्रभावित करेगा, जो दूसरे बैंकों के ATM का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं.

Cardless Cash Withdrawal पर राहत

SBI ग्राहकों के लिए एक राहत की बात भी है. कार्डलेस कैश निकासी पर फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. SBI और दूसरे बैंकों के ATM/ADWM पर कार्डलेस कैश विदड्रॉल के लिए ट्रांजैक्शन फिलहाल अनलिमिटेड फ्री रहेंगे, जब तक बैंक कोई नया ऐलान नहीं करता.

BSBD अकाउंट वालों के लिए भी नया नियम

SBI ने Basic Savings Bank Deposit (BSBD) Account के ग्राहकों के लिए भी नियम बदले हैं. 1 अक्टूबर से ऐसे खाताधारकों को महीने में 4 फ्री कैश विदड्रॉल मिलेंगे. इसके बाद हर कैश निकासी पर ₹15 प्लस GST देना होगा.

यह नियम ATM के अलावा ब्रांच, माइक्रो-ATM, AePS और CASH@POS से होने वाली कैश निकासी पर भी लागू होगा. हालांकि UPI, IMPS, NEFT, RTGS और POS के जरिए डिजिटल फंड ट्रांसफर मुफ्त रहेंगे.

यह भी पढ़ें- एक इंसान के पास कितने बैंक अकाउंट होने चाहिए? ज्यादा खाते पड़ सकते हैं भारी