बेटी के नाम हर महीने ₹12,500 का निवेश, 21 साल में बनेगा ₹71.82 लाख का फंड! समझें पूरा गणित
बेटी के लिए Sukanya Samriddhi Yojana में हर महीने 12,500 रुपये जमा करने पर सालाना निवेश 1.5 लाख रुपये होगा. 15 साल में कुल 22.5 लाख रुपये जमा होंगे. 8.2% सालाना ब्याज पूरे समय मिलने की स्थिति में 21 साल बाद रकम करीब 71.82 लाख रुपये हो सकती है.

बेटी के भविष्य के लिए पढ़ाई और दूसरी जरूरतों का खर्च पहले से तैयार करना चाहते हैं तो Sukanya Samriddhi Yojana एक विकल्प हो सकती है. ऐसे में अगर आप हर साल 1.5 लाख रुपये यानी हर महीने 12,500 रुपये जमा करते हैं, तो 21 साल की उम्र तक करीब 71,82,119 रुपये का फंड तैयार हो सकता है. यह रकम उसकी पढ़ाई और भविष्य की दूसरी जरूरतों के काम आ सकती है. हालांकि, यह एक अनुमानित रकम है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस योजना में निवेश करने का क्या तरीका है और इसका लाभ कैसे उठाया जा सकता है.
हर महीने ₹12,500 जमा करने पर कितना पैसा बनेगा?
SBI सिक्योरिटीज कैलकुलेशन के मुताबिक, अगर हर महीने 12,500 रुपये निवेश किया जाए और पूरे निवेश काल में ब्याज दर 8.2% सालाना बनी रहे, तो करीब 71.82 लाख की रकम बन सकती है.
इसका पूरा हिसाब आसान तरीके से समझें:
- हर महीने निवेश: ₹12,500
- सालाना निवेश: ₹1.5 लाख
- कुल जमा रकम: ₹22.50 लाख
- ब्याज से अनुमानित कमाई: ₹49.32 लाख
- अनुमानित कुल रकम: ₹71.82 लाख
- खाते की पूरी अवधि: 21 साल
यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है. हर महीने 12,500 रुपये जमा करने का मतलब 15 साल में 22.50 लाख रुपये जमा करना है. इसके बाद बाकी 6 साल तक खाते में जमा पैसा ब्याज के साथ बढ़ता रहता है.
₹22.5 लाख जमा, ब्याज से ₹49.3 लाख
अगर माता-पिता 15 साल में कुल 22.5 लाख रुपये जमा करेंगे. इस हिसाब से कैलकुलेशन के मुताबिक करीब 49.32 लाख रुपये ब्याज से आएंगे यानी कुल अनुमानित रकम 71.8 लाख रुपये होगी. यह कैलकुलेशन वर्तमान के 8.2 फीसदी प्रति वर्ष मिलने वाले ब्याज पर आधारित है. लेकिन यह पक्का रिटर्न नहीं है, क्योंकि Sukanya Samriddhi Yojana की ब्याज दर सरकार हर तिमाही में तय करती है. अक्टूबर से दिसंबर 2026 के लिए ब्याज दर 8.2% सालाना है.
ब्याज पर भी मिलता है ब्याज
इस योजना में ब्याज सालाना चक्रवृद्धि तरीके से जुड़ता है. आसान भाषा में कहें तो पहले साल मिला ब्याज खाते की रकम में जुड़ जाता है. अगले साल ब्याज की गणना बढ़ी हुई रकम पर होती है यानी समय के साथ सिर्फ आपके जमा किए पैसे पर ही नहीं, बल्कि पहले से मिले ब्याज पर भी कमाई होती रहती है. इसी वजह से इस उदाहरण में अनुमानित ब्याज 49.32 लाख रुपये है, जबकि कुल जमा रकम 22.5 लाख रुपये है.
हर महीने ₹12,500 जमा करना जरूरी नहीं
हालांकि Sukanya Samriddhi Yojana में हर महीने 12,500 रुपये जमा करना जरूरी नहीं है. आप अपनी क्षमता के हिसाब से कम रकम भी जमा कर सकते हैं. निवेश की शुरुआत 250 रुपये से की जा सकती है और एक वित्त वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं.
पढ़ाई के लिए 18 साल के बाद पैसा निकाल सकते हैं
इस योजना में बेटी की उच्च शिक्षा के लिए मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालने की सुविधा भी है. बेटी की उम्र 18 साल होने के बाद उच्च शिक्षा के लिए खाते से 50 फीसदी तक रकम निकाली जा सकती है. हालांकि, अगर इस सुविधा का इस्तेमाल किया जाता है तो खाते में कम पैसा बच जाएगा और बाकी अवधि में ब्याज से बनने वाली रकम भी कम हो सकती है.
इसे भी पढ़ें- 272 रुपए वाला शेयर, 450 रुपए पर हुआ लिस्ट, Orient Cables की हुई मार्केट में धमाकेदार एंट्री