कितने मकान खरीदना है सही? ज्यादा प्रॉपर्टी के चक्कर में कहीं डूब न जाए पैसा!
क्या दूसरी और तीसरी प्रॉपर्टी खरीदना हमेशा फायदे का सौदा है? निवेश विशेषज्ञों के मुताबिक, रियल एस्टेट में जरूरत से ज्यादा पैसा लगाने से आपकी वेल्थ क्रिएशन प्रभावित हो सकती है. जानिए कुल संपत्ति का कितना हिस्सा प्रॉपर्टी में रखना चाहिए, शेयर बाजार कितना बेहतर रिटर्न दे सकता है और उम्र के हिसाब से निवेश की सही रणनीति क्या होनी चाहिए.

भारत में ज्यादातर लोग प्रॉपर्टी को सबसे सुरक्षित निवेश मानते हैं. यही वजह है कि कई लोग अपना घर खरीदने के बाद दूसरी और तीसरी प्रॉपर्टी में भी पैसा लगाते हैं. उन्हें उम्मीद होती है कि समय के साथ जमीन और मकान की कीमत बढ़ेगी और किराये से नियमित कमाई होगी. लेकिन क्या ज्यादा प्रॉपर्टी खरीदना हमेशा फायदे का सौदा होता है? फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का कहना है कि जरूरत से ज्यादा पैसा रियल एस्टेट में लगाना आपकी वेल्थ क्रिएशन की रफ्तार धीमी कर सकता है.
प्रॉपर्टी से ज्यादा रिटर्न दे सकते हैं शेयर और म्यूचुअल फंड
निवेश विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी प्रॉपर्टी की वास्तविक लागत सिर्फ उसकी खरीद कीमत नहीं होती. स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन, कानूनी खर्च और ब्रोकरेज मिलाकर शुरुआती लागत 7 से 10 फीसदी तक बढ़ सकती है. इसके अलावा होम लोन का ब्याज, मेंटेनेंस, प्रॉपर्टी टैक्स और मरम्मत का खर्च भी उठाना पड़ता है.
लंबी अवधि के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले करीब 15 वर्षों में आवासीय प्रॉपर्टी ने सालाना औसतन 7.5 से 10 फीसदी रिटर्न दिया है. वहीं, डिविडेंड समेत निफ्टी 50 टीआरआई का रिटर्न 15 वर्षों में करीब 12-13 फीसदी और 20 वर्षों में 13-15 फीसदी रहा है. यानी लंबी अवधि में शेयर बाजार बेहतर रिटर्न देने की क्षमता रखता है.
2 करोड़ की संपत्ति है तो कैसे करें निवेश?
इसे दो निवेशकों के उदाहरण से समझ सकते हैं. दोनों की कुल नेटवर्थ 2 करोड़ रुपये है. पहले निवेशक ने 1.5 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी में और 50 लाख रुपये शेयर, म्यूचुअल फंड जैसे फाइनेंशियल एसेट्स में लगाए हैं. वहीं, दूसरे निवेशक ने 75 लाख रुपये प्रॉपर्टी में और 1.25 करोड़ रुपये फाइनेंशियल एसेट्स में निवेश किए हैं.
विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबी अवधि में दूसरा निवेशक बेहतर स्थिति में रह सकता है. इसकी वजह यह है कि शेयर और म्यूचुअल फंड में जरूरत पड़ने पर पैसा निकालना अपेक्षाकृत आसान होता है. इसके उलट मकान बेचने में समय लग सकता है.
दूसरी और तीसरी प्रॉपर्टी खरीदना कितना सही?
भारत में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी से औसतन 3-4 फीसदी सालाना किराया मिलता है. इसमें से मेंटेनेंस और प्रॉपर्टी टैक्स का खर्च घटाने पर वास्तविक कमाई और कम हो जाती है. विशेषज्ञों के मुताबिक, दूसरी प्रॉपर्टी खरीदने का फैसला जरूरत और निवेश के उद्देश्य को देखकर करना चाहिए. तीसरी या चौथी प्रॉपर्टी तभी खरीदनी चाहिए, जब उससे मिलने वाला किराया होम लोन के ब्याज या दूसरे निवेश विकल्पों से मिलने वाले संभावित रिटर्न के मुकाबले आकर्षक हो.
उम्र के हिसाब से कितना निवेश करें?
निवेश विशेषज्ञों ने उम्र के अनुसार रियल एस्टेट में निवेश का सुझाव भी दिया है.
- 20 से 35 साल: रियल एस्टेट में 0-20 फीसदी तक निवेश रखें.
- 35 से 55 साल: आर्थिक स्थिति के अनुसार 40-50 फीसदी तक निवेश किया जा सकता है.
- 55 साल से अधिक: रिटायरमेंट के करीब आने पर प्रॉपर्टी में निवेश घटाकर नकदी और नियमित आमदनी वाले विकल्पों पर ध्यान दें.
एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि निवेश के नजरिये से कुल संपत्ति का करीब 20-30 फीसदी हिस्सा रियल एस्टेट में रखना बेहतर हो सकता है. हालांकि, यह कोई तय नियम नहीं है. निवेश का फैसला आपकी आमदनी, जरूरत, उम्र और जोखिम उठाने की क्षमता पर निर्भर करता है.