होम लोन के छोटे खिलाड़ियों का बड़ा कमाल! ग्रोथ और मार्जिन में बजाज हाउसिंग फाइनेंस को पछाड़ा; इन 3 शेयरों पर रखें नजर

अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों ने जून 2026 तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है. Aavas Financiers का डिस्बर्समेंट 41 फीसदी बढ़ा और NIM 7.7 फीसदी रहा. Home First Finance का नेट प्रॉफिट 34.5 फीसदी बढ़ा, जबकि Aptus Value Housing Finance का स्प्रेड 9 फीसदी रहा. इसके मुकाबले Bajaj Housing Finance का NIM 3.7 फीसदी रहा.

हाउसिंग फाइनेंस स्टॉक्स Image Credit: FreePik

Housing Finance Stocks: हाउसिंग फाइनेंस सेक्टर में अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही हैं. जून 2026 तिमाही में इस सेगमेंट की कई कंपनियों ने डिस्बर्समेंट और मुनाफे में तेज बढ़ोतरी दर्ज की है. खास बात यह है कि इन कंपनियों का नेट इंटरेस्ट मार्जिन यानी एनआईएम बड़े हाउसिंग फाइनेंस प्लेयर बजाज हाउसिंग फाइनेंस की तुलना में काफी ज्यादा रहा है. मजबूत लोन ग्रोथ, बेहतर मार्जिन और स्थिर एसेट क्वालिटी के चलते अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां निवेशकों की नजर में आई हैं.

इस ग्रोथ के पीछे सरकार की किफायती आवास को बढ़ावा देने की नीति को भी एक अहम वजह माना जा रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना-अर्बन 2.0 के तहत 2024 से 2029 के बीच 1 करोड़ शहरी गरीब और लोअर मिडिल क्लास परिवारों की आवास जरूरतों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

आवास के साथ दूसरे रिटेल लोन पर भी फोकस

अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां केवल होम लोन तक सीमित नहीं हैं. इनमें से कई कंपनियां लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी यानी एलएपी, एसएमई लोन और दूसरे रिटेल लोन भी देती हैं. इन लोन पर ब्याज दर अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण कंपनियों को बेहतर एनआईएम हासिल करने में मदद मिलती है. जून 2026 तिमाही में अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों का एनआईएम करीब 5.8 फीसदी से 7.7 फीसदी के बीच रहा, जबकि बजाज हाउसिंग फाइनेंस का एनआईएम 3.7 फीसदी रहा.

Aavas Financiers: डिस्बर्समेंट में 41 फीसदी की बढ़ोतरी

आवास फाइनेंस कंपनी ने जून 2026 तिमाही में डिस्बर्समेंट में करीब 41 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की और यह 1,613.9 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. कंपनी के मुताबिक, उसके 83 फीसदी लोन 15 लाख रुपये से कम के हैं. कंपनी के लोन पोर्टफोलियो में 64 फीसदी हिस्सेदारी होम लोन की है, जबकि 23 फीसदी लोन एसएमई से जुड़े हैं. बाकी हिस्सा एलएपी का है.

कंपनी का एनआईएम 7.7 फीसदी रहा, जो एक साल पहले 7.48 फीसदी था. मजबूत मार्जिन की वजह से नेट इंटरेस्ट इनकम 16.5 फीसदी बढ़कर 323.9 करोड़ रुपये हो गई. वहीं, नेट प्रॉफिट 23 फीसदी बढ़कर 171.3 करोड़ रुपये रहा. कंपनी की एसेट क्वालिटी भी काफी हद तक स्थिर रही और नेट स्टेज-3 करीब 0.7 फीसदी रहा. बुधवार को कंपनी का शेयर इंट्रा-डे में 1.17 फीसदी उछलकर 1,413 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.

Home First Finance का नेट प्रॉफिट 34.5 फीसदी बढ़ा

होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी इंडिया ने जून 2026 तिमाही में डिस्बर्समेंट में 31 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की. कंपनी का डिस्बर्समेंट 1,628.4 करोड़ रुपये रहा. इसके कुल लोन में होम लोन की हिस्सेदारी 83 फीसदी रही और औसत होम लोन करीब 12 लाख रुपये का रहा. कंपनी का एनआईएम एक साल पहले के 5.2 फीसदी से बढ़कर 6 फीसदी हो गया.

इसके चलते नेट इंटरेस्ट इनकम 30.7 फीसदी बढ़कर 253.5 करोड़ रुपये रही. वहीं, नेट प्रॉफिट 34.5 फीसदी बढ़कर 159.8 करोड़ रुपये पहुंच गया. बुधवार को कंपनी का शेयर इंट्रा-डे में 0.03 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 1,176 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.

Aptus Value Housing Finance का स्प्रेड 9 फीसदी

Aptus वैल्यू हाउसिंग फाइनेंस ने जून तिमाही में डिस्बर्समेंट में 36 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की. कंपनी का डिस्बर्समेंट 1,053 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का फोकस टियर-2, टियर-3 और टियर-4 शहरों में छोटे होम लोन पर है. कंपनी के कुल लोन पोर्टफोलियो में होम लोन की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी है और औसत होम लोन करीब 9.7 लाख रुपये का है.

कंपनी का स्प्रेड 9 फीसदी रहा, जो एक साल पहले 8.7 फीसदी था. हालांकि, नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 260.9 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का शेयर बुधवार को 0.93 फीसदी गिरकर 254 रुपये पर पहुंच गया था.

बजाज हाउसिंग फाइनेंस से मार्जिन में आगे

जून 2026 तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, आवास फाइनेंस कंपनी का एनआईएम 7.7 फीसदी, होम फर्स्ट फाइनेंस का 6 फीसदी और Aptus वैल्यू हाउसिंग का स्प्रेड 9 फीसदी रहा. इसके मुकाबले बजाज हाउसिंग फाइनेंस का एनआईएम 3.7 फीसदी रहा. नेट प्रॉफिट ग्रोथ के मामले में भी होम फर्स्ट फाइनेंस 34.5 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ आगे रही. आवास फाइनेंस का मुनाफा 23 फीसदी और Aptus वैल्यू हाउसिंग का मुनाफा 19 फीसदी बढ़ा.

वहीं, बजाज हाउसिंग फाइनेंस का नेट प्रॉफिट 22.6 फीसदी बढ़ा. हालांकि, इन कंपनियों के साइज में काफी अंतर है. इसलिए एनआईएम और ग्रोथ की सीधी तुलना करने के बजाय इन आंकड़ों को संबंधित सेगमेंट के प्रदर्शन को समझने के नजरिए से देखा जाना चाहिए. बजाज हाउसिंग फाइनेंस का शेयर बुधवार को इंट्रा-डे में 0.49 फीसदी गिरकर 84 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.

यह भी पढ़ें: इंटर्न से टाटा संस के चेयरमैन तक पहुंचे थे चंद्रशेखरन, इस्तीफे की चिट्ठी में खोला राज, कहा- एक सदस्य ने नहीं किया सपोर्ट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.