डिविडेंड और मुनाफे का डबल असर! ग्लास कंटेनर बनाने वाली कंपनी के शेयर एक पल में 15% उछले, निवेशकों की चांदी

AGI Greenpac के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली, जब कंपनी ने दमदार तिमाही नतीजों के साथ 350% डिविडेंड का ऐलान किया. करीब 20% मुनाफा बढ़ने और बेहतर बिक्री के चलते स्टॉक में 15% तक उछाल आया, जिससे निवेशकों को बड़ा फायदा मिला.

AGI Greenpac Share Image Credit: Money9 Live

पैकेजिंग इंडस्ट्री की दिग्गज कंपनी के निवेशकों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहा. शानदार तिमाही नतीजों और भारी-भरकम डिविडेंड के ऐलान के बाद कंपनी के शेयरों ने रॉकेट की रफ्तार पकड़ ली. 620 रुपये पर खुला यह शेयर देखते ही देखते दोपहर 12.30 बजे करीब 15 फीसदी तक उछल गया और 650 रुपये के आसपास कारोबार करने लगा. ये कंपनी है AGI Greenpac.

बाजार के जानकारों का मानना है कि कंपनी के नेट प्रॉफिट में आई करीब 20% की ग्रोथ ने निवेशकों का भरोसा काफी मजबूत किया है.

मार्च तिमाही में मुनाफे ने भरी उड़ान

कंपनी ने मार्च 2026 को समाप्त हुई तिमाही के लिए शानदार नतीजे पेश किए हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो:

  • नेट प्रॉफिट: मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 19.43% बढ़कर 115.38 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 96.61 करोड़ रुपये था.
  • सेल्स: कंपनी की बिक्री में भी सुधार दिखा है. तिमाही आधार पर सेल्स 5.33% बढ़कर 742.39 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल 704.83 करोड़ रुपये थी.

सालाना आधार पर भी दमदार प्रदर्शन

सिर्फ एक तिमाही ही नहीं, बल्कि पूरे वित्त वर्ष (2025-26) में कंपनी ने अपनी ग्रोथ बनाए रखी है:

  • सालाना मुनाफा: पूरे साल का शुद्ध लाभ 9.07% की बढ़त के साथ 351.66 करोड़ रुपये रहा.
  • सालाना रेवेन्यू: कुल बिक्री 5.40% बढ़कर 2665.32 करोड़ रुपये के स्तर को पार कर गई है.

350% डिविडेंड का तोहफा

नतीजों के साथ-साथ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने शेयरधारकों को एक और बड़ा सरप्राइज दिया है. कंपनी ने 350% के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है.

2 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर निवेशकों को 7 रुपये का डिविडेंड मिलेगा. यह राशि 29 सितंबर, 2026 तक पात्र शेयरधारकों के खातों में क्रेडिट कर दी जाएगी.

यह भी पढ़ें: RBI के सख्ती से सरकारी बैंकों के शेयरों में दबाव! 3 फीसदी से ज्यादा टूटे स्टॉक्स, जानें पूरा मामला

क्या करती है कंपनी?

पूर्व में HSIL Ltd के नाम से मशहूर AGI Greenpac, सस्टेनेबल पैकेजिंग सेक्टर की लीडर है. यह मुख्य रूप से ग्लास कंटेनर, PET बोतलें और सिक्योरिटी कैप्स बनाती है. भारत के संगठित ग्लास पैकेजिंग बाजार में इसकी 17% से 20% की बड़ी हिस्सेदारी है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories