बजट पेश होने से पहले चमके ये 5 शेयर! ONGC, BEL और Bajaj Auto में जबरदस्त खरीदारी, फार्मा से ऑटो सेक्टर तक दिखा पॉजिटिव मूड
बजट के दिन शेयर बाजार की चाल निवेशकों के लिए कई अहम संकेत छोड़ जाती है. निफ्टी की शुरुआती चाल भले ही सीमित रही हो, लेकिन कुछ चुनिंदा शेयरों में दिखी हलचल ने बाजार की दिशा पर ध्यान खींचा है. सेक्टर आधारित मूवमेंट और वॉल्यूम ट्रेंड यह इशारा कर रहे हैं कि बजट से पहले स्मार्ट मनी कहां सक्रिय है.
Union Budget 2026 पेश होने से ठीक पहले शेयर बाजार में सतर्कता का माहौल दिखा. रविवार को बजट सत्र के दौरान निफ्टी ने लगभग फ्लैट शुरुआत की. सेंसेक्स 64.34 अंक या 0.08 प्रतिशत गिरकर 82,205.44 पर खुला, जबकि निफ्टी 46.05 अंक या 0.18 प्रतिशत टूटकर 25,274.60 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. इसके बावजूद कुछ चुनिंदा शेयरों में खरीदारी देखने को मिली. बजट से जुड़ी उम्मीदों, सेक्टोरल संकेतों के दम पर निफ्टी 50 के कुछ शेयर शुरुआती कारोबार में टॉप गेनर की सूची में शामिल रहे.
डिफेंस और ऑयल शेयरों में तेजी
बजट वाले दिन निफ्टी 50 के टॉप पांच गेनर्स में सबसे ऊपर BEL (भारत इलेक्ट्रॉनिक्स) रहा. डिफेंस सेक्टर से जुड़ा यह शेयर 2.33 फीसदी की तेजी के साथ 459 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. भारी वॉल्यूम, यानी 121 लाख से ज्यादा शेयरों की खरीद-बिक्री, यह संकेत देती है कि रक्षा क्षेत्र से बजट में ऑर्डर और खर्च बढ़ने की उम्मीद की जा रही है.
दूसरे नंबर पर ONGC रहा. ऑयल एंड गैस सेक्टर की इस सरकारी कंपनी का शेयर 1.93 फीसदी चढ़कर 274.85 रुपये पर पहुंच गया. करीब 16.78 लाख शेयरों की वॉल्यूम के साथ यह साफ दिखा कि ऊर्जा सेक्टर पर निवेशकों की नजर बनी हुई है.
पावर स्टॉक और ऑटो में भी उछाल
तीसरे स्थान पर Sun Pharma है. फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी का शेयर 1.79 फीसदी की तेजी के साथ 1,623.80 रुपये पर कारोबार करता दिखा. बाजार में इस शेयर में करीब 6.22 लाख शेयरों की ट्रेडिंग हुई और कुल वैल्यू 100 करोड़ रुपये से ज्यादा रही. हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर से बजट में सकारात्मक संकेतों की उम्मीद ने इस स्टॉक को सपोर्ट दिया.
इसके बाद Power Grid का नाम रहा, जो पावर सेक्टर से जुड़ा है. शेयर में 1.52 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई और यह 260.40 रुपये पर पहुंच गया. इंफ्रास्ट्रक्चर और बिजली ट्रांसमिशन से जुड़े एलान इस सेक्टर के लिए अहम माने जा रहे हैं.
टॉप पांच गेनर्स की सूची में Bajaj Auto भी शामिल रहा. ऑटो सेक्टर का यह शेयर 1.19 फीसदी चढ़कर 9,712 रुपये पर कारोबार करता दिखा. बजट में मिडिल क्लास, खपत और ऑटो सेक्टर से जुड़े फैसलों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: Budget 2026 से पहले चांदी में रिकार्ड गिरावट, Silver ETF पर मंडराया बड़ा जोखिम, जानें क्या है सपोर्ट लेवल
कुल मिलाकर, भले ही निफ्टी ने फ्लैट शुरुआत की हो, लेकिन बजट की उम्मीदों ने फार्मा, ऑयल एंड गैस, डिफेंस, पावर और ऑटो जैसे सेक्टरों के चुनिंदा शेयरों को शुरुआती बढ़त दिलाई.




