हरियाणा सरकार के इस फैसले से AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों में भारी गिरावट, 7% तक टूटा भाव

हरियाणा सरकार द्वारा सरकारी कामकाज से डी-एम्पैनल किए जाने के बाद AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर करीब 7% तक गिर गए. संदिग्ध लेनदेन को लेकर जांच चल रही है. इससे पहले IDFC First Bank पर भी 590 करोड़ रुपये के कथित फ्रॉड का मामला सामने आया था.

AU स्मॉल फाइनेंस बैंक Image Credit: canva

सोमवार को AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली. हरियाणा सरकार द्वारा बैंक को सरकारी कामकाज की सूची (डी-एम्पैनल) से हटाने के बाद शेयर 7% से अधिक गिरकर 956.85 रुपये तक आ गया. सरकार ने संदिग्ध लेनदेन और संभावित फर्जी गतिविधियों के चलते यह कदम उठाया है. यानी अब अगले आदेश तक राज्य का कोई भी सरकारी विभाग इन बैंकों के जरिए पैसा न तो जमा करेगा. न निवेश करेगा और न ही कोई लेन-देन करेगा.

बैंक ने क्या दी सफाई

बैंक ने सफाई देते हुए कहा कि जिन दो खातों को लेकर सवाल उठे हैं उनकी आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है. बैंक के मुताबिक ये खाते सभी जरूरी केवाईसी जांच और अनुमतियों के बाद खोले गए थे और बैंक की नीतियों के अनुरूप थे.

दरअसल, 16 फरवरी को हरियाणा सरकार के एक विभाग ने बैंक से एक खाते से जुड़े लेनदेन और जानकारी मांगी थी. इसके बाद 18 फरवरी को कुछ संदिग्ध अनधिकृत ट्रांजैक्शन को लेकर अतिरिक्त जानकारी मांगी गई. उसी दिन राज्य के वित्त विभाग ने बैंक को हरियाणा में सरकारी काम से डी-एम्पैनल करने की सूचना दे दी.

IDFC First Bank पर भी हरियाणा सरकार का एक्शन

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में IDFC First Bank को भी हरियाणा सरकार के खातों से जुड़े 590 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के बाद राज्य के सरकारी काम से हटाया गया था. उस मामले में बैंक के चंडीगढ़ ब्रांच के कुछ कर्मचारियों को निलंबित किया गया है और जांच जारी है. इस खबर को लेकर सोमवार को IDFC First Bank के शेयर में भी भारी गिरावट आई. यह शेयर सोमवार को करीब 20% तक टूट गया और सुबह करीब 11:16 बजे यह शेयर 15.65 फीसदी की गिरावट के साथ 70.44 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.

AU स्मॉल फाइनेंस के शेयर का हाल

बाजार के लिहाज से AU स्मॉल फाइनेंस बैंक पिछले एक साल में बैंकिंग इंडेक्स का मजबूत प्रदर्शन करने वाला शेयर रहा है और इस दौरान करीब 78% रिटर्न दे चुका है. फिलहाल शेयर अपने 200 डे मूविंग एवरेज के ऊपर ट्रेड कर रहा है लेकिन ताजा खबर के बाद इसमें दबाव दिखा.

इसे भी पढ़ें: 590 करोड़ के फ्रॉड से हिला IDFC First बैंक, खुलते ही 17% टूटा शेयर, बिकवाली का दौर लगातार जारी

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.