BEML के शेयरों पर सोमवार को रहेगी नजर, कंपनी को मिडिल ईस्ट से मिला $5.35 मिलियन का बड़ा ऑर्डर

BEML को मिडिल ईस्ट से 5.35 मिलियन डॉलर का नया एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है, जिसके बाद कंपनी का कुल इंटरनेशनल ऑर्डर बुक बढ़कर 112.35 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया है. यह ऑर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए हेवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट की सप्लाई से जुड़ा है. मजबूत ऑर्डर बुक के चलते सोमवार को BEML के शेयर निवेशकों के फोकस में रह सकते हैं.

बीईएमएल Image Credit: Canva

BEML Share Price: रक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाली देश की प्रमुख मल्टी-टेक्नोलॉजी कंपनी BEML Ltd. के शेयर सोमवार को निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं. इसकी वजह कंपनी को मिडिल ईस्ट से मिला नया एक्सपोर्ट ऑर्डर है. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए हेवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट की सप्लाई का लगभग 5.35 मिलियन डॉलर का अतिरिक्त ऑर्डर मिला है. इससे कंपनी के कुल ऑर्डर का साइज पहले के मुकाबले और बढ़ गया है.

41.73 मिलियन डॉलर के पार पहुंचा ऑर्डर

इस नए ऑर्डर के साथ उसी कॉन्ट्रैक्ट के तहत मिले कुल ऑर्डर का मूल्य बढ़कर 41.73 मिलियन डॉलर हो गया है, जो पहले 36.38 मिलियन डॉलर था. कंपनी के मुताबिक, 25 जून 2026 तक उसका कुल इंटरनेशनल ऑर्डर बुक बढ़कर लगभग 112.35 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया है. यह कंपनी के वैश्विक कारोबार में लगातार बढ़ती हिस्सेदारी और विदेशी बाजारों में मजबूत पकड़ का संकेत माना जा रहा है.

इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए होगी सप्लाई

BEML ने बताया कि यह ऑर्डर मिडिल ईस्ट में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए हेवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट की सप्लाई से जुड़ा है. कंपनी के अनुसार, उसके उपकरण कठिन ऑपरेशनल परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए डिजाइन किए गए हैं.

इनमें एडवांस्ड इंजीनियरिंग, अधिक टिकाऊपन और अंतरराष्ट्रीय क्वालिटी स्टैंडर्ड्स का पालन किया गया है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह ऑर्डर सामान्य कारोबारी गतिविधियों के तहत मिला है और इससे उसके इंटरनेशनल बिजनेस को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

मार्च तिमाही में रिकॉर्ड रेवेन्यू

वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में BEML ने अब तक का सबसे अधिक तिमाही रेवेन्यू दर्ज किया. जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 1,794 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 1,653 करोड़ रुपये की तुलना में 8.57 फीसदी अधिक है. हालांकि, इस दौरान कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में गिरावट दर्ज की गई. मार्च तिमाही में नेट प्रॉफिट 37.4 फीसदी घटकर 179.82 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 287.55 करोड़ रुपये था.

शेयरों पर रहेगी नजर

सोमवार को BEML के शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.23 फीसदी की गिरावट के साथ 1,748.70 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक महीने में शेयर में करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, बीते तीन महीनों में इसमें 17.30 फीसदी की तेजी देखने को मिली है.

यह भी पढ़ें: भारत के फॉरेक्स रिजर्व ने फिर भरी उड़ान! गोल्ड रिजर्व में भी जबरदस्त उछाल; $672 अरब के पार पहुंचा विदेशी मुद्रा भंडार

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.