ब्रांडेड सामान पर बढ़ रहा लोगों का खर्च, बढ़ती कमाई से चमक सकते हैं ये 5 स्टॉक; जानें शेयरों का हाल

भारत में बढ़ती आय, शहरीकरण और ब्रांडेड प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग के चलते कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है. ऐसे में Eicher Motors, Titan, Trent, Jubilant FoodWorks और Page Industries जैसे Stocks निवेशकों की नजर में हैं. अगर आप कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर में निवेश की योजना बना रहे हैं, तो इन 5 प्रमुख Stocks की ताकत, जोखिम और बाजार में उनकी स्थिति को समझना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.

भारत के बेस्ट कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी स्टॉक्स Image Credit: ai/canva

Consumer Discretionary Stocks: भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बदल रही है. अब लोग केवल अपनी जरूरत की चीजों पर ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली के लिए प्रीमियम प्रोडक्ट्स और ब्रांडेड सामान पर भी अधिक खर्च कर रहे हैं. यही वजह है कि कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर देश की सबसे तेजी से बढ़ने वाली श्रेणियों में शामिल हो गया है. इस सेक्टर में मोटरसाइकिल, ज्वेलरी, फैशन, रेस्टोरेंट, ट्रैवल, होम अप्लायंसेज और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स जैसी वे चीजें शामिल हैं, जिन पर लोग अतिरिक्त आय होने पर ज्यादा खर्च करते हैं. भारत की प्राइवेट कंजम्प्शन पहले से ही देश की GDP का लगभग 55 से 60 फीसदी हिस्सा है. बढ़ती आय, शहरीकरण, युवा आबादी और ब्रांडेड प्रोडक्ट्स की ओर बढ़ते रुझान के कारण कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर आने वाले वर्षों में भी तेज रफ्तार से बढ़ सकता है.

Eicher Motors: प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार की मजबूत खिलाड़ी

इस सूची में पहला नाम Eicher Motors का है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत Royal Enfield ब्रांड है. कंपनी ने एक पारंपरिक मोटरसाइकिल ब्रांड को देश के सबसे लोकप्रिय प्रीमियम ब्रांडों में बदल दिया है. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू करीब 234.08 अरब रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 24 फीसदी बढ़ा.

वहीं, मुनाफा 17 फीसदी बढ़कर 55.15 अरब रुपये पहुंच गया. कंपनी ने लगातार दूसरे वर्ष 12 लाख से अधिक मोटरसाइकिलों की बिक्री की. अगर शेयर की बात करें, तो गुरुवार को कंपनी का शेयर इंट्रा-डे कारोबार के दौरान 0.98 फीसदी बढ़कर 7,855 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.

Titan: ब्रांडेड ज्वेलरी बाजार की मजबूत दावेदार

Titan ने Tanishq के जरिए भारत के पारंपरिक ज्वेलरी बाजार में मजबूत पहचान बनाई है. संगठित ज्वेलरी बाजार के विस्तार का सबसे अधिक फायदा कंपनी को मिल रहा है. FY26 में Titan की कुल आय 760.78 अरब रुपये रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 33 फीसदी अधिक है.

वहीं, कंपनी का मुनाफा 52 फीसदी बढ़कर 50.73 अरब रुपये पहुंच गया. हालांकि, सोने की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव और स्टॉक की ऊंची वैल्यूएशन निवेशकों के लिए प्रमुख जोखिम बने हुए हैं. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.25 फीसदी की गिरावट के साथ 4,838 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.

Trent: फैशन रिटेल में तेजी से बढ़ती मौजूदगी

Trent ने Westside और Zudio जैसे ब्रांड्स के जरिए फैशन रिटेल बाजार में मजबूत पकड़ बनाई है. खासकर Zudio ने कम कीमत वाले फैशन के जरिए छोटे शहरों तक अपनी पहुंच बना ली है. कंपनी के पास 318 शहरों में 1,280 से अधिक स्टोर हैं. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 200.74 अरब रुपये रहा, जो 17 फीसदी बढ़ा. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.05 फीसदी की बढ़त के साथ 3,006.90 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.

Jubilant FoodWorks: बढ़ती Out-of-Home Dining का फायदा

Jubilant FoodWorks भारत में Domino’s Pizza, Popeyes और Dunkin’ Donuts जैसे ब्रांड्स का संचालन करती है. लोगों की बढ़ती आय और ऑनलाइन फूड डिलीवरी की लोकप्रियता का कंपनी को सीधा लाभ मिल रहा है. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 95.13 अरब रुपये रहा, जबकि शुद्ध मुनाफा 105 फीसदी बढ़कर 4.44 अरब रुपये पहुंच गया. कंपनी देशभर में नए स्टोर खोलने की योजना पर काम कर रही है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.75 फीसदी की गिरावट के साथ 436.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.

Page Industries: प्रीमियम इनरवियर बाजार की मजबूत कंपनी

Page Industries भारत में Jockey और Speedo ब्रांड की लाइसेंसी कंपनी है. जैसे-जैसे उपभोक्ता बिना ब्रांड वाले उत्पादों से ब्रांडेड प्रोडक्ट्स की ओर बढ़ रहे हैं, कंपनी को इसका फायदा मिल रहा है. कंपनी का रिटर्न ऑन इक्विटी करीब 55 फीसदी और रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड लगभग 86 फीसदी है. हालांकि, FY26 में कंपनी की आय और मुनाफे की बढ़ोतरी अपेक्षाकृत धीमी रही, जबकि स्टॉक अभी भी ऊंची वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहा है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 2.25 फीसदी की बढ़त के साथ 41,185 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.

यह भी पढ़ें: Indo-MIM IPO: पहले दिन ही निवेशकों की हुई चांदी, एक लॉट पर ₹6547 का प्रॉफिट, 45% का मिला लिस्टिंग गेन

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.