L&T के नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउस बटें, नोमुरा ने घटाई रेटिंग, HSBC भी नाउम्मीद, CLSA को अब भी भरोसा

Larsen & Toubro के मार्च तिमाही नतीजों और FY27 गाइडेंस के बाद ब्रोकरेज फर्म Nomura ने स्टॉक को ‘Buy’ से घटाकर ‘Neutral’ कर दिया है. वेस्ट एशिया संकट, मार्जिन दबाव और ऑर्डर ग्रोथ को लेकर चिंता बढ़ी है, हालांकि कंपनी की 82 अरब डॉलर की मजबूत ऑर्डर बुक अब भी लंबी अवधि की ग्रोथ उम्मीदों को सहारा दे रही है.

L&T शेयर प्राइस Image Credit: @Money9live

L&T Target Price: भारत की दिग्गज इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के मार्च तिमाही के नतीजे आने के बाद शेयर बाजार के दिग्गजों की राय बंट गई है. बुधवार, 6 मई को दिग्गज ब्रोकरेज फर्म नोमुरा (Nomura) ने कंपनी की रेटिंग को ‘बाय’ (Buy) से घटाकर ‘न्यूट्रल’ (Neutral) कर दिया है. कंपनी द्वारा वित्त वर्ष 2027 के लिए साझा किए गए गाइडेंस और मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.

नोमुरा ने क्यों घटाया अपना टारगेट?

सीएनबीसी रिपोर्ट के मुताबिक, नोमुरा ने न केवल रेटिंग घटाई है, बल्कि एलएंडटी के टारगेट प्राइस को भी ₹4,510 से कम करके ₹3,940 कर दिया है. यह नया टारगेट मौजूदा स्तरों से लगभग 3.3% की गिरावट का संकेत देता है. ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए कोर अर्निंग प्रति शेयर (EPS) के अनुमान में 8% की कटौती की है, जिसके पीछे मुख्य कारण ये हैं:

  • वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी ने 10% से 12% का बिक्री/EBITDA मार्जिन गाइडेंस दिया है, जो पिछले साल के बराबर ही है.
  • पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन (Execution) में रुकावट आने की आशंका है.
  • अंतरराष्ट्रीय परिचालन में बढ़ती लागत कंपनी के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है.
  • नोमुरा का मानना है कि मौजूदा अनिश्चितताओं के बीच रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) में सुधार की कम दृश्यता के कारण मौजूदा वैल्यूएशन बहुत आकर्षक नहीं है.

HSBC और CLSA की अलग-अलग राय

सिर्फ नोमुरा ही नहीं, HSBC ने भी एलएंडटी पर अपना टारगेट घटाकर ₹3,800 कर दिया है और ‘होल्ड’ रेटिंग बरकरार रखी है. HSBC का मानना है कि मौजूदा वैश्विक हालात में बड़े बेस पर नए ऑर्डर हासिल करना मुश्किल होगा और नए निवेश RoE पर दबाव डाल सकते हैं.

दूसरी तरफ, CLSA अभी भी कंपनी को लेकर उत्साहित है. CLSA ने ₹4,842 के टारगेट के साथ ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग दी है. ब्रोकरेज का तर्क है कि कंपनी के पास $82 बिलियन का विशाल ऑर्डर बैकलाॅग है, जो पिछले साल के मुकाबले 28% बढ़ा है और मौजूदा माहौल में काफी ठोस नजर आता है.

साथ ही, वर्किंग कैपिटल में 690 बेसिस पॉइंट की गिरावट को भी एक सकारात्मक पहलू माना गया है. हालांकि, CLSA ने भी माना है कि 10-12% की ग्रोथ और स्थिर मार्जिन इस बात पर निर्भर करेंगे कि वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही तक ‘होर्मुज स्ट्रेट’ (Strait of Hormuz) फिर से खुल जाए.

यह भी पढ़ें: FIIs ने 49 शेयरों को खरीदा, 5 बने मल्टीबैगर! 1 साल में 350% तक रिटर्न, दोगुनी रफ्तार में अब भी ये 9 स्टॉक

बाजार का रुख और एक्सपर्ट्स की राय

रिपोर्ट के मुताबिक, नतीजों से पहले मंगलवार को एलएंडटी के शेयर 0.6% गिरकर ₹4,075 पर बंद हुए थे, हालांकि पिछले एक महीने में स्टॉक ने 10% की बढ़त दर्ज की है. वर्तमान में कुल 34 विश्लेषक इस शेयर को कवर कर रहे हैं:

  • 27 विश्लेषकों की राय ‘बाय’ (Buy) की है.
  • 6 विश्लेषकों ने ‘होल्ड’ (Hold) की सलाह दी है.
  • 1 विश्लेषक ने ‘सेल’ (Sell) की रेटिंग दी है.

एलएंडटी के पास ऑर्डर्स की कोई कमी नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय संकट और मार्जिन के दबाव ने निवेशकों को थोड़ा सतर्क कर दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.