चीन के AI शेयरों की चमक पड़ी फीकी, 5 महीने में 1.7 ट्रिलियन डॉलर साफ; सोमवार को फिर गिरावट के आसार

चीन के AI शेयरों में इस साल की पहली छमाही की तेजी अब बड़ी गिरावट में बदल गई है. जून के आखिरी से तीन प्रमुख टेक इंडेक्स की कुल मार्केट वैल्यू 1.7 ट्रिलियन डॉलर घट चुकी है. अमेरिकी चिप प्रतिबंध, AI पर बढ़ता खर्च और कमजोर कमाई की चिंता ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है.

एआई स्टॉक Image Credit:

China AI Stocks: चीन के AI शेयरों पर निवेशकों का भरोसा अब कमजोर पड़ता दिख रहा है. जिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर को इस साल निवेश का सबसे बड़ा मौका माना जा रहा था, वही अब बाजार में नुकसान की वजह बन गया है. जून के आखिरी से अब तक चीन के तीन टेक्नोलॉजी इंडेक्स की कुल मार्केट वैल्यू में 1.7 ट्रिलियन डॉलर की कमी आ चुकी है. इस साल की पहली छमाही में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे कई शेयरों की तेजी अब तेजी से खत्म हो रही है.

Bloomberg के आंकड़ों के मुताबिक, चीन के AI शेयरों में आई यह गिरावट ऐसे समय पर हुई है, जब दुनियाभर में AI कारोबार को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ रही है. अमेरिका में AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली का असर भी चीन के बाजार पर पड़ा है. सोमवार को चीन के बाजार में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. अमेरिका में कारोबार के दौरान KraneShares का एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF), जो चीन के Star 50 इंडेक्स को ट्रैक करता है, 4 फीसदी से ज्यादा गिर गया.

चीन के AI शेयरों में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई?

चीन के AI शेयरों में आई गिरावट की एक बड़ी वजह इन कंपनियों की ऊंची वैल्यूएशन और सरकारी मदद पर निर्भरता को माना जा रहा है. इस साल की पहली छमाही में AI को लेकर निवेशकों का उत्साह काफी बढ़ा था. DeepSeek की कामयाबी के बाद बाजार को उम्मीद थी कि चीन की टेक कंपनियां अमेरिकी कंपनियों के मुकाबले कम लागत में बेहतर AI मॉडल तैयार कर सकती हैं.

Huawei Technologies जैसी कंपनियों की तकनीकी कामयाबी और सरकार की आत्मनिर्भर टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने की नीति ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया था. लेकिन अब AI कारोबार की तेजी पर सवाल उठने लगे हैं. निवेशकों को चिंता है कि AI पर कंपनियों का खर्च कम हो सकता है और अमेरिका-चीन के बीच सप्लाई चेन से जुड़ा कारोबार भी प्रभावित हो सकता है.

Aberdeen Investments में China Equities के Investment Director Bush Chu ने कहा कि इस साल चीन के बाजार में आई तेज उठापटक और दूसरी छमाही में हुई बिकवाली ने निवेशकों को काफी परेशान किया है. उनके मुताबिक, निवेशकों को AI पर खर्च में कमी और अमेरिका-चीन सप्लाई चेन के भविष्य को लेकर चिंता है.

तीन बड़े टेक इंडेक्स में भारी गिरावट

चीन के तीन प्रमुख टेक इंडेक्स इस साल अब तक नुकसान में आ चुके हैं. इसके उलट अमेरिका, ताइवान और दक्षिण कोरिया के बड़े बाजारों के कई प्रमुख इंडेक्स अब भी बढ़त में हैं. Hong Kong का Hang Seng Tech Index, जिसमें Alibaba Group Holding Ltd. और Tencent Holdings Ltd. जैसी बड़ी इंटरनेट कंपनियां शामिल हैं, दो साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है.

दूसरी तरफ, टेक हार्डवेयर कंपनियों की ज्यादा हिस्सेदारी वाला ChiNext Index इस साल गर्मियों में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था. लेकिन अब यह साल के दौरान 31 फीसदी गिर चुका है. चिप कंपनियों पर आधारित Star 50 Index ने भी अपनी रिकॉर्ड तेजी गंवा दी है.

अमेरिका की पाबंदियों से चीन की AI कंपनियों की मुश्किल बढ़ी

चीन की AI कंपनियों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक एडवांस चिप की उपलब्धता है. अमेरिका ने इस महीने की शुरुआत में ड्राफ्ट नियम जारी किए थे. इन नियमों के तहत चीनी कंपनियों के लिए विदेशों में मौजूद डेटा सेंटर के जरिए Nvidia और दूसरी कंपनियों के एडवांस प्रोसेसर किराये पर लेना मुश्किल हो सकता है.

इससे चीन की कंपनियों को अगली पीढ़ी के AI मॉडल तैयार करने के लिए जरूरी कंप्यूटिंग क्षमता जुटाने में परेशानी हो सकती है. यह कदम चीन की उस कोशिश को भी झटका दे सकता है, जिसके तहत वह AI और चिप के मामले में आत्मनिर्भर बनना चाहता है.

Artificial Analysis Intelligence Index के मौजूदा 10 सबसे एडवांस AI मॉडल में से कोई भी चीन का नहीं है. यह चार महीने पहले की स्थिति से बिल्कुल अलग है. उस समय Moonshot AI का Kimi K3 मॉडल OpenAI और Anthropic के AI मॉडल को टक्कर दे रहा था.

Tencent के मैनेजमेंट ने पिछले सप्ताह हुई कमाई से जुड़ी बातचीत में चेतावनी दी थी कि चिप की कमी के कारण उसके HY4 मॉडल का अगला वर्जन देर से आ सकता है. हालांकि, कंपनी को उम्मीद है कि समय के साथ घरेलू सप्लाई चेन इस कमी को पूरा करने में मदद करेगी.

वहीं, Alibaba ने गुरुवार को कहा कि उसे अगले साल अपनी क्लाउड बिक्री की ग्रोथ 30 से 45 फीसदी रहने की उम्मीद है. कंपनी के मुताबिक, 2028 में यह ग्रोथ फिर 50 फीसदी से ज्यादा हो सकती है.

AI पर बढ़ता खर्च और कम कमाई भी बनी चिंता

चीन की बड़ी इंटरनेट कंपनियों के सामने एक और चुनौती AI कारोबार की लागत है. AI मॉडल तैयार करने और उन्हें चलाने पर कंपनियों को काफी पैसा खर्च करना पड़ रहा है. यही परेशानी अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियों के सामने भी है. इसके अलावा चीन में घरेलू खपत की सुस्ती और कंपनियों के बीच समय-समय पर शुरू होने वाली कीमतों की जंग भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है.

Vantage Point Asset Management के Chief Investment Officer Nick Ferres के मुताबिक, AI से कमाई की कमजोर संभावनाएं, कंप्यूटिंग क्षमता की कमी, कड़ी कंपटीशन और मुनाफे पर दबाव इस सेक्टर की बड़ी चुनौतियां हैं. उनके अनुसार, अमेरिका की ओर से टेक्नोलॉजी और कंप्यूटिंग से जुड़े प्रतिबंधों में बढ़ोतरी ने भी गिरावट का दबाव बढ़ाया है.

चिप कंपनियों को मिल सकता है फायदा

चीन के AI शेयरों में गिरावट के बीच वहां की सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए कुछ मौके भी बन सकते हैं. अमेरिका के नियमों के कारण चीन की कंपनियां घरेलू चिप निर्माताओं पर ज्यादा निर्भर हो सकती हैं. इससे Semiconductor Manufacturing International Corp. (SMIC) जैसी स्थानीय चिप कंपनियों को नए ऑर्डर मिल सकते हैं.

Nomura Holdings Inc. की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की पहली छमाही में चीन की टेक कंपनियों द्वारा इस्तेमाल किए गए चिप में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी Nvidia की थी. इसके बाद Huawei की हिस्सेदारी करीब 29 फीसदी और Cambricon Technologies Corp. की हिस्सेदारी 22 फीसदी थी.

क्या मौजूदा भाव पर चीन के AI शेयर सस्ते हैं?

गिरावट के बाद चीन की टेक कंपनियों के शेयरों की वैल्यूएशन कम हुई है. हालांकि, Hong Kong में लिस्टेड बड़ी इंटरनेट कंपनियों के शेयर अब भी मुख्य भूमि चीन में लिस्टेड हार्डवेयर कंपनियों के मुकाबले काफी सस्ते हैं.

Alibaba के शेयर अभी अगले 12 महीनों की अनुमानित कमाई के मुकाबले करीब 10 गुना वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहे हैं. वहीं, चिप निर्माता SMIC के मुख्य भूमि चीन में लिस्टेड शेयरों का वैल्यूएशन करीब 80 गुना है.

GAM Investment Management के फंड मैनेजर Jian Shi Cortesi का कहना है कि मौजूदा कीमतों पर भी उन्हें चीन के AI से जुड़े शेयरों में आकर्षक वैल्यू नजर नहीं आ रही है. उनके मुताबिक, कई शेयरों को बहुत आकर्षक वैल्यूएशन पर आने के लिए अभी और 30 से 50 फीसदी तक गिरना पड़ सकता है.

इसे भी पढ़ें- सोना खरीदने से बचने की PM मोदी की अपील का दिखा असर! बोले- लोगों ने कम खरीदा गोल्ड, बच गए उनके पैसे