दलाल स्ट्रीट पर IPO की बाढ़! 23 इश्यू से जुटे ₹22439 करोड़, Bulk-Block Deals ने बनाया 2 साल का रिकॉर्ड

अगस्त में दलाल स्ट्रीट पर फंड जुटाने की गतिविधियां तेज रहीं. 23 मेनबोर्ड IPO से 22439 करोड़ रुपये जुटाए गए, जबकि QIP के जरिए 31446 करोड़ रुपये आए हैं. दूसरी ओर Bulk और Block Deals की संयुक्त बिक्री 98,353 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो दो साल से ज्यादा समय का सबसे ऊंचा स्तर है.

दलाल स्ट्रीट Image Credit: PTI

दलाल स्ट्रीट पर अगस्त में कंपनियों के लिए पैसा जुटाने की गतिविधियां तेज हो गईं. IPO से लेकर संस्थागत निवेश और बल्क- ब्लॉक डील तक, बाजार के अलग-अलग हिस्सों में जोरदार हलचल देखने को मिली. अगस्त में 23 मेनबोर्ड IPO आए, जिनसे कंपनियों ने 22439 करोड़ रुपये जुटाए. वहीं, Bulk और Block Deals के जरिए शेयरों की बिक्री का आंकड़ा 98,353 करोड़ रुपये पहुंच गया. यह दो साल से ज्यादा समय का सबसे ऊंचा स्तर है.

अगस्त में 23 IPO, ₹22,439 करोड़ जुटाए

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में 23 Mainboard IPO आए, जो 2026 में किसी एक महीने में सबसे ज्यादा हैं. हालांकि, IPO के जरिए जुटाई गई रकम के मामले में जुलाई अभी भी आगे है. जुलाई में 12 IPO से 28,648 करोड़ रुपये जुटाए गए थे, जबकि अगस्त में 23 IPO से 22,439 करोड़ रुपये जुटाए गए.

इस साल की शुरुआत में IPO बाजार की रफ्तार काफी धीमी थी. अप्रैल में Mainboard IPO से सिर्फ 1,076 करोड़ रुपये जुटाए गए थे, जबकि मई में एक भी Mainboard IPO नहीं आया. इसके बाद जून में 7 IPO से 2,718 करोड़ रुपये, जुलाई में 12 IPO से 28,648 करोड़ रुपये और अगस्त में 23 IPO से 22,439 करोड़ रुपये जुटाए गए.

कंपनियों ने क्यों बढ़ाई IPO की रफ्तार?

कई कंपनियों को बाजार नियामक से IPO लाने की मंजूरी पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन बाजार की परिस्थितियां अनुकूल होने का इंतजार किया जा रहा था. जुलाई से IPO बाजार में गतिविधियां बढ़ीं और कुछ IPO को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने तथा मजबूत लिस्टिंग के बाद दूसरी कंपनियों का भरोसा भी बढ़ा.

इसके साथ ही म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए लगातार पैसा आने से शेयर बाजार में निवेश के लिए उपलब्ध पूंजी भी मजबूत बनी हुई है. इससे नए IPO और दूसरे इक्विटी इश्यू के लिए निवेशकों की मांग को सहारा मिला.

Bulk और Block Deals में ₹98,353 करोड़ की बिक्री

अगस्त में प्राथमिक बाजार के साथ-साथ सेकेंडरी मार्केट में भी बड़ी गतिविधि देखने को मिली. अगस्त में Bulk और Block Deals को मिलाकर कुल 1,459 सौदों में ₹98,353 करोड़ की बिक्री हुई. जुलाई में यह आंकड़ा 48,454 करोड़ रुपये था, जबकि अप्रैल में 27,005 करोड़ रुपये रहा था.

अगस्त का 98,353 करोड़ रुपये का आंकड़ा दो साल से ज्यादा समय में सबसे ऊंचा है. इतना ही नहीं, किसी एक महीने में फंड जुटाने के लिहाज से यह अब तक का तीसरा सबसे बड़ा स्तर भी है. अगस्त में अकेले Bulk Deals के जरिए 1,412 सौदे हुए, जिनमें बिक्री की रकम 60,950 करोड़ रुपये रही. वहीं, Block Deals में 47 सौदे हुए और इनकी बिक्री रकम 37,404 करोड़ रुपये रही.

QIP से भी कंपनियों ने जुटाए ₹31,446 करोड़

संस्थागत निवेशकों से सीधे पैसा जुटाने के मामले में भी अगस्त काफी मजबूत रहा. कंपनियों ने अगस्त में QIP के जरिए 31,446 करोड़ रुपये जुटाए. यह 2026 में किसी एक महीने में QIP के जरिए जुटाई गई सबसे बड़ी रकम है. इसके मुकाबले जून में QIP से 16,990 करोड़ रुपये और जुलाई में 25,114 करोड़ रुपये जुटाए गए थे यानी कंपनियां IPO के साथ-साथ संस्थागत निवेशकों से सीधे पूंजी जुटाने के विकल्प का भी तेजी से इस्तेमाल कर रही हैं.

अगस्त में OFS से ₹1,705 करोड़ जुटे

अगस्त में OFS के जरिए 1,705 करोड़ रुपये जुटाए गए. जुलाई में OFS से 1,705 करोड़ रुपये ही जुटाए गए थे, जबकि जून में यह आंकड़ा 11,067 करोड़ रुपये रहा था. इस तरह अगस्त में IPO, QIP और OFS के साथ-साथ Bulk और Block Deals ने मिलकर बाजार में फंड जुटाने की गतिविधियों को काफी तेज कर दिया.

अगस्त का फंड जुटाने का आंकड़ा एक नजर में

माध्यमअगस्त 2026
Mainboard IPO23 इश्यू
IPO से जुटाई रकम₹22,439 करोड़
OFS₹1,705 करोड़
QIP से जुटाई रकम₹31,446 करोड़
Bulk Deals1,412 सौदे
Bulk Deals बिक्री₹60,950 करोड़
Block Deals47 सौदे
Block Deals बिक्री₹37,404 करोड़
Bulk + Block Deals1,459 सौदे
Bulk + Block बिक्री₹98,353 करोड़

इसे भी पढ़ें- Closing Bell: 374 अंक गिरकर बंद हुआ सेंसेक्स, Nifty 24,000 के नीचे; HDFC Bank और HCL Tech में बिकवाली

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories