डीके शिवकुमार इस कंपनी के लिए बने पारस पत्थर! महज 3 दिन में ₹74 करोड़ बढ़ी हैसियत, शेयर 55% चढ़ा
एक तरफ डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की खबरें चर्चा में हैं, तो दूसरी तरफ Coffee Day के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. पिछले तीन कारोबारी दिनों से कंपनी के शेयर लगातार दौड़ लगा रहे हैं और निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं. मंगलवार को Coffee Day का शेयर करीब 2 प्रतिशत तक उछल गया और 40 रुपये के आसपास पहुंच गया.

Coffee Day Shares: कर्नाटक की राजनीति और शेयर बाजार के बीच इन दिनों एक दिलचस्प कनेक्शन देखने को मिल रहा है. एक तरफ डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की खबरें चर्चा में हैं, तो दूसरी तरफ Coffee Day के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. पिछले तीन कारोबारी दिनों से कंपनी के शेयर लगातार दौड़ लगा रहे हैं और निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं.
मंगलवार को Coffee Day का शेयर करीब 2 प्रतिशत तक उछल गया और 40 रुपये के आसपास पहुंच गया. इस तेजी के पीछे सिर्फ कंपनी के मजबूत नतीजे ही नहीं, बल्कि राजनीतिक घटनाक्रम को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है. यही वजह है कि बाजार में Coffee Day के मार्केट कैप में बंपर इजाफा देखने को मिल रही है और निवेशक इसके पीछे की कहानी जानना चाह रहे हैं.
मार्केट कैप में बंपर इजाफा
Coffee Day के शेयरों में आई जोरदार तेजी का असर कंपनी के मार्केट कैप पर भी देखने को मिला. 30 मई 2026 को कंपनी का मार्केट कैप करीब 734 करोड़ रुपये था, जो महज तीन कारोबारी सत्रों में बढ़कर 2 जून 2026 को 808 करोड़ रुपये पहुंच गया.
यानी सिर्फ तीन दिनों में कंपनी के मार्केट कैप में करीब 74 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. यह बढ़ोतरी लगभग 10% के आसपास रही, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे और शेयर में आई तेज रैली को दर्शाती है. पिछले एक हफ्ते में कंपनी का शेयर करीब 55 फीसदी बढ़ गया है.
CM पद की खबर से बढ़ी चर्चा
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण की खबरों के बीच Coffee Day का नाम भी चर्चा में आ गया. इसकी वजह पारिवारिक संबंध हैं. डीके शिवकुमार की बेटी ऐश्वर्या शिवकुमार की शादी Coffee Day के संस्थापक दिवंगत वीजी सिद्धार्थ के बेटे अमर्त्य हेगड़े से हुई है. वर्तमान में Coffee Day की CEO मालविका हेगड़े हैं, जो वीजी सिद्धार्थ की पत्नी हैं. इसी कनेक्शन की वजह से बाजार में इस खबर पर भी काफी चर्चा हो रही है.
मजबूत नतीजों ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा
- शेयर में तेजी की एक बड़ी वजह कंपनी के मजबूत वित्तीय नतीजे हैं.
- Coffee Day Enterprises ने मार्च तिमाही में 132 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया.
- पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 33 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. कंपनी की इनकम भी बढ़ी है.
- चौथी तिमाही में रेवेन्यू 268 करोड़ रुपये से बढ़कर 281 करोड़ रुपये हो गया.
- वहीं EBITDA बढ़कर 69 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 41 करोड़ रुपये था.
पूरे साल के नतीजे भी रहे शानदार
- Coffee Day Global ने वित्त वर्ष 2025-26 में 14 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया.
- पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 176 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था.
- कंपनी की कुल इनकम 5.7 प्रतिशत बढ़कर 1,094 करोड़ रुपये पहुंच गई.
- ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA में भी 27 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 198 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
निवेशकों का भरोसा मजबूत
शेयर में लगातार तेजी के कारण कंपनी का मार्केट कैप भी तेजी से बढ़ा है. मजबूत नतीजों, कर्ज से जुड़े पुराने मामलों के निपटारे और वेंडिंग मशीन कारोबार के विस्तार ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है. फिलहाल बाजार की नजर इस बात पर है कि Coffee Day अपनी मुनाफे की रफ्तार को आगे भी बनाए रख पाती है या नहीं. हालांकि हाल की तेजी ने यह जरूर दिखाया है कि मजबूत नतीजे और सकारात्मक खबरें किसी भी शेयर को कम समय में बाजार का स्टार बना सकती हैं.
इसे भी पढ़ें- गिरते बाजार में तहलका मचा रहा ये शेयर! 18% की आई रैली, 52-वीक लो से लगातार भाग रहा स्टॉक
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.