₹6 वाला यह शेयर बना चर्चा का विषय, कंपनी को थाईलैंड से मिला बड़ा कारोबार

Elitecon International ने थाईलैंड की Star Herb Pharma के साथ बड़ा समझौता किया है. कंपनी को भारत में चार ब्रांड्स के सात प्रोडक्ट लाइन बेचने के एक्सक्लूसिव राइट्स मिले हैं. इनमें कॉफी, थाई टी, मिल्क टी और वेलनेस प्रोडक्ट शामिल हैं. इस खबर के बीच 11 नवंबर को कंपनी के शेयरों में करीब 0.8 फीसदी की तेजी रही.

Elitecon International Limited Image Credit:

शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी Elitecon International Limited को लेकर बड़ा कारोबारी अपडेट सामने आया है. कंपनी ने थाईलैंड की Star Herb Pharma Company Limited के साथ एक अहम समझौता किया है. इसके तहत Elitecon International को भारत में Star Herb के चुनिंदा बेवरेज और वेलनेस प्रोडक्ट्स के एक्सक्लूसिव राइट्स मिल गए हैं. इस खबर के बाद 11 नवंबर 2026 को कंपनी के शेयर में करीब 0.8 फीसदी की तेजी देखने को मिली.

भारत में इन 4 ब्रांड्स को बेचेगी कंपनी

Elitecon International ने 10 नवंबर 2026 को Star Herb Pharma के साथ यह समझौता किया है. इसके तहत कंपनी को भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चार ब्रांड्स के प्रोडक्ट्स बेचने का विशेष अधिकार मिला है. इनमें PRIKKA, Fiberr, Star Cafe और Starella शामिल हैं. कंपनी इन प्रोडक्ट्स का भारत में इंपोर्ट, मार्केटिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और बिक्री कर सकेगी.

इस समझौते में कुल सात प्रोडक्ट लाइन शामिल हैं. इनमें PRIKKA के तहत स्पाइसी कॉफी और कैरेमल लाटे जैसे प्रोडक्ट मिलेंगे. Fiberr ब्रांड के तहत एप्पल साइडर विनेगर पाउडर मिक्स बेचा जाएगा.

वहीं Star Cafe के पोर्टफोलियो में थाई टी, ताइवानी मिल्क टी और माचा लाटे शामिल हैं. इसके अलावा Starella ब्रांड के तहत एक्टिव कोलेजन प्रोडक्ट भी भारतीय बाजार में उतारा जाएगा.

ऑनलाइन से लेकर होटल और रिटेल मार्केट तक होगी बिक्री

इस समझौते के तहत Elitecon International को कई बिक्री चैनलों में कारोबार करने का अधिकार मिला है. इनमें जनरल ट्रेड, मॉडर्न ट्रेड, ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, होटल, रेस्टोरेंट और कैफे (HoReCa), इंस्टीट्यूशनल और सरकारी चैनल शामिल हैं. खास बात यह है कि समझौते के दौरान इन ब्रांड्स के तहत कोई नया प्रोडक्ट, फ्लेवर या पैक साइज लॉन्च होता है, तो वह भी इस करार में शामिल होगा.

कंपनी को इन ब्रांड्स के ट्रेडमार्क इस्तेमाल करने का रॉयल्टी-फ्री एक्सक्लूसिव लाइसेंस भी मिला है. यानी समझौते की अवधि में Star Herb भारत में खुद इन प्रोडक्ट्स की बिक्री नहीं कर सकेगी और न ही किसी दूसरी कंपनी को डिस्ट्रीब्यूटर नियुक्त कर सकेगी.

एक साल का है शुरुआती समझौता

यह समझौता शुरुआत में एक साल के लिए किया गया है. दोनों कंपनियों की आपसी सहमति से इसे आगे तीन-तीन साल की अवधि के लिए रिन्यू किया जा सकता है. Elitecon को रिन्यूअल के मामले में प्राथमिकता का अधिकार भी दिया गया है.

कितना है शेयर का भाव?

11 नवंबर की सुबह कारोबार के दौरान Elitecon International का शेयर करीब 6.06 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. इसमें पिछले बंद भाव 6.01 रुपये के मुकाबले करीब 0.8 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. इस समझौते से कंपनी को FMCG कारोबार में विस्तार का नया मौका मिला है. हालांकि, इस नए कारोबार से कंपनी की कमाई कितनी बढ़ेगी, यह आने वाले समय में प्रोडक्ट की मांग, बिक्री और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर निर्भर करेगा.

यह भी पढ़ें- कल्याण ज्वैलर्स के शेयर में 10% का उछाल, स्टॉक ने हिट किया 52 वीक का नया हाई लेवल; निवेशकों को मिला है बंपर रिटर्न