क्रूड ऑयल $90 के पार पहुंचते ही एनर्जी स्टॉक्स में जबरदस्त तेजी, निवेशकों की बल्ले-बल्ले; S&P Energy इंडेक्स रिकॉर्ड हाई पर
क्रूड ऑयल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बीच अमेरिकी एनर्जी स्टॉक्स में जोरदार तेजी आई और S&P 500 Energy Sector Index रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सप्लाई बाधित रहने की आशंका से ऑयल प्राइस को मजबूती मिली है. ब्रेंट फ्यूचर्स इस साल करीब 50 फीसदी चढ़ चुके हैं.

Energy Stocks: अमेरिकी एनर्जी स्टॉक्स में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली और सेक्टर का प्रमुख इंडेक्स रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया. इसकी बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए ऑयल सप्लाई में लंबे समय तक रुकावट बने रहने की आशंका है. ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है. वहीं, US-Iran सीजफायर और होर्मुज को फिर से खोलने को लेकर किसी जल्द समझौते की उम्मीद कमजोर पड़ती दिख रही है.
बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी
S&P 500 Energy Sector Index मंगलवार को 1.8 फीसदी चढ़कर अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, इंडेक्स ने 27 मार्च के बाद पहली बार रिकॉर्ड हाई बनाया है. एनर्जी स्टॉक्स में यह तेजी ऐसे समय आई है, जब व्यापक इक्विटी मार्केट पर दबाव देखने को मिला और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी हुई है.
ऑयल सप्लाई को लेकर बढ़ी चिंता
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण ऑयल सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है. ब्रेंट फ्यूचर्स इस साल अब तक करीब 50 फीसदी चढ़ चुके हैं. मंगलवार को भी ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना रहा. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लंबे समय तक रुकावट की आशंका ने ऑयल प्राइस को और मजबूती दी है. इससे अमेरिकी ऑयल प्रोड्यूसर्स की वित्तीय स्थिति को भी फायदा हुआ है. क्रूड की ऊंची कीमतों का सीधा असर कंपनियों की कमाई और कैश फ्लो पर पड़ा है.
Chevron की दूसरी तिमाही की प्रति शेयर कमाई में सालाना आधार पर 240 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई, जबकि ExxonMobil की कमाई 115 फीसदी बढ़ी. Chevron के 2026 में करीब 12.5 अरब डॉलर का अतिरिक्त फ्री कैश फ्लो पैदा करने का अनुमान भी है. ऊंची ऑयल प्राइस के अलावा बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन और शेयर बायबैक से भी कंपनियों की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है.
रिफाइनर्स को भी मिल रहा फायदा
ऑयल प्रोड्यूसर्स के अलावा रिफाइनिंग कंपनियों को भी सीमित सप्लाई का फायदा मिल रहा है. Valero Energy, PBF Energy और HF Sinclair जैसी कंपनियों के शेयरों में भी मजबूती देखी गई है. Valero ने जुलाई में अपनी अब तक की सबसे मजबूत तिमाही प्रति शेयर कमाई दर्ज की. वहीं, PBF Energy और HF Sinclair ने भी कई वर्षों में अपना बेहतर प्रॉफिट दर्ज किया है.
निवेशक मान रहे लंबे समय तक रह सकता है ऑयल शॉक
एनर्जी इन्वेस्टर्स के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऑयल प्राइस और रिफाइंड प्रोडक्ट्स की सप्लाई कितने समय तक प्रभावित रहती है. Melius Research के एनालिस्ट James West के मुताबिक, मार्केट अब लंबे समय तक ऊंची ऑयल प्राइस और सीमित रिफाइंड प्रोडक्ट सप्लाई की संभावना को अपनी कीमतों में शामिल कर रहा है.
हालांकि, अगर क्रूड प्राइस में अचानक बड़ी गिरावट आती है तो एनर्जी स्टॉक्स पर दबाव बन सकता है. फिर भी निवेशकों को इस बार पहले जैसी बड़ी बिकवाली की आशंका कम दिखाई दे रही है, क्योंकि सीजफायर को लेकर उनकी उम्मीदें पहले की तुलना में कमजोर हैं.
बाकी शेयर बाजार पर बढ़ा दबाव
एनर्जी स्टॉक्स में तेजी के उलट मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट रही. S&P 500 में 0.7 फीसदी की गिरावट आई, जबकि Nasdaq Composite 1.3 फीसदी गिरा. Dow Jones Industrial Average भी 0.2 फीसदी नीचे बंद हुआ. टेक्नोलॉजी स्टॉक्स में भी दबाव देखने को मिला.
Nvidia में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई, जबकि Intel करीब 7 फीसदी फिसला. दूसरी ओर, US 10-Year Treasury Yield 4.70 फीसदी के ऊपर पहुंच गई, जो जून 2007 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. ऊंची ऑयल प्राइस से महंगाई बढ़ने की आशंका है, जिससे ब्याज दरों में कटौती में देरी हो सकती है.
यही वजह है कि महंगा क्रूड ऑयल कंपनियों के लिए जहां फायदे का कारण बन रहा है, वहीं बाकी शेयर बाजार के लिए चिंता बढ़ा रहा है. यूरोपीय बाजारों में भी कमजोरी रही. हालांकि, लंदन का FTSE 100 इस ट्रेंड के उलट बढ़त के साथ बंद हुआ. एनर्जी कंपनियों के मजबूत प्रदर्शन से इसे सहारा मिला. BP करीब 3 फीसदी और Shell लगभग 2 फीसदी चढ़े.
यह भी पढ़ें: 20 अगस्त से मिलेगा इस IPO में दांव लगाने का मौका, सब्सक्रिप्शन से पहले GMP बना रॉकेट; 57% लिस्टिंग गेन का संकेत
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.