इस फार्मा कंपनी ने दिखाया दम, कारोबार में रिकॉर्ड ग्रोथ; FII-DII ने भी बढ़ाई हिस्सेदारी, रडार पर रखें शेयर
Torrent Pharmaceuticals ने जून 2026 तिमाही में मजबूत नतीजे दर्ज किए. कंपनी की ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 55 फीसदी बढ़कर 4,921 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 3,178 करोड़ रुपये थी. वहीं तिमाही आधार पर भी आय में 17.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

Torrent Pharmaceuticals : गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ, लेकिन Torrent Pharmaceuticals के शेयर में हल्की कमजोरी देखने को मिली. कंपनी ने जून तिमाही (Q1 FY27) में मजबूत वित्तीय नतीजे पेश किए और विदेशी (FII) व घरेलू (DII) संस्थागत निवेशकों ने भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई. इसके बावजूद शेयर करीब 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 4,872.10 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
Q1 FY27 में शानदार वित्तीय प्रदर्शन
Torrent Pharmaceuticals ने जून 2026 तिमाही में मजबूत नतीजे दर्ज किए. कंपनी की ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 55 फीसदी बढ़कर 4,921 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 3,178 करोड़ रुपये थी. वहीं तिमाही आधार पर भी आय में 17.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 3.3 फीसदी बढ़कर 566 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि तिमाही आधार पर इसमें 55.5 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी रही. कंपनी का EPS घटकर 14.87 रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 16.19 रुपये था.
ऑपरेशनल प्रदर्शन भी रहा मजबूत
कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA (असाधारण मदों से पहले) सालाना आधार पर 61 फीसदी बढ़कर 1,664 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA मार्जिन बढ़कर 33.8 फीसदी हो गया, जो एक साल पहले 32.5 फीसदी था. ग्रॉस प्रॉफिट भी 56 फीसदी बढ़कर 3,758 करोड़ रुपये रहा और ग्रॉस मार्जिन बढ़कर 76.4 फीसदी हो गया. कंपनी ने इस दौरान 172 करोड़ रुपये रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर खर्च किए, जो कुल आय का करीब 4 फीसदी है.
भारत कारोबार ने दिखाया दम
कंपनी के मुख्य कारोबार से 3,720 करोड़ रुपये की आय हुई, जिसमें सालाना आधार पर 17 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. भारत का कारोबार सबसे मजबूत रहा. कंपनी की ऑर्गेनिक आय 19 फीसदी बढ़कर 2,157 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो भारतीय फार्मा बाजार (IPM) की 12 फीसदी ग्रोथ से काफी बेहतर रही. इस दौरान Torrent Pharma भारत के कार्डियक सेगमेंट में नंबर-1 कंपनी बन गई. वहीं कंपनी की Generic Semaglutide दवा ने पहली तिमाही में 36 फीसदी बाजार हिस्सेदारी हासिल की.
FII और DII ने बढ़ाया भरोसा
जून 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक संस्थागत निवेशकों का भरोसा कंपनी पर और मजबूत हुआ है. FII की हिस्सेदारी बढ़कर 17.97 फीसदी हो गई, जो पहले 15.44 फीसदी थी. वहीं, DII की हिस्सेदारी भी 9.73 फीसदी से बढ़कर 12.77 फीसदी पहुंच गई.
कंपनी का कारोबार
Torrent Pharmaceuticals, Torrent Group की प्रमुख कंपनी है और भारत की शीर्ष पांच फार्मा कंपनियों में शामिल है. कंपनी 50 से अधिक देशों में कारोबार करती है और उसके पास 16 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जिनमें 8 USFDA से मंजूर संयंत्र शामिल हैं. कंपनी की मजबूत मौजूदगी हृदय रोग, गैस्ट्रो, सेंट्रल नर्वस सिस्टम, दर्द प्रबंधन और डर्मेटोलॉजी जैसे प्रमुख थेरेपी क्षेत्रों में है.
शेयर का प्रदर्शन
मजबूत तिमाही नतीजों के बावजूद गुरुवार को Torrent Pharma का शेयर 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 4,872.10 रुपये पर कारोबार कर रहा था. हालांकि, पिछले एक सप्ताह में शेयर 3.81 फीसदी गिरा है, लेकिन तीन महीनों में 15.14 फीसदी और एक साल में 30.60 फीसदी का शानदार रिटर्न दे चुका है.
इसे भी पढ़ें- इस शेयर ने मचाया तहलका, 18 फीसदी से ज्यादा उछला स्टॉक, एक खबर से मची धूम!
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.