गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर बने पतझड़, 10 फीसदी की भारी गिरावट; एक इस्तीफे से बिखरा स्टॉक
Godrej Consumer Products Share: अचानक इस्तीफे से कंज्यूमर गुड्स कंपनी में कामकाज के तरीके और लीडरशिप में बदलाव को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं. इसकी वजह से आज के कारोबार में कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है. इस साल अब तक शेयर में गिरावट देखने को मिली है.

Godrej Consumer Products Share: बुधवार को शुरुआती कारोबार में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 10 फीसदी की गिरावट के साथ लोअर सर्किट पर आ गए. यह गिरावट कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सुधीर सीतापति के इस्तीफे के बाद आई. उनके अचानक इस्तीफे से कंज्यूमर गुड्स कंपनी में कामकाज के तरीके और लीडरशिप में बदलाव को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं. इसकी वजह से आज के कारोबार में कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है.
शेयर में भारी गिरावट
गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का शेयर 10 फीसदी गिरकर 922.5 रुपये पर आ गया, लेकिन बाद में गिरावट कम होकर 9 फीसदी रह गई. इस साल अब तक शेयर में 25 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है. जबकि निफ्टी 50 में 6.4% की गिरावट देखी गई है. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1 लाख करोड़ से घटकर 95,600 करोड़ रुपये हो गया.
आसिफ मलबारी को मिली कमान
सीतापति ने तुरंत प्रभाव से MD और CEO के पद से इस्तीफा दे दिया और आसिफ मलबारी को उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किया गया. लीडरशिप में अचानक हुए इस बदलाव पर ब्रोकरेज हाउस की मिली-जुली प्रतिक्रिया रही. HSBC ने स्टॉक की रेटिंग घटाकर ‘होल्ड’ कर दी.
ब्रोकरेज हाउस का मोटे तौर पर कहना था कि नई लीडरशिप के तहत कंपनी की स्ट्रैटेजिक दिशा में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन काम को लागू करने के नजरिए और बदलाव के बाद निवेशकों को स्टॉक को क्या वैल्यूएशन देना चाहिए, इस पर उनकी राय अलग-अलग थी.
HSBC ने स्टॉक की रेटिंग घटाकर ‘होल्ड’ की
HSBC ने ज्यादा सावधानी बरतते हुए गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की रेटिंग घटाकर ‘होल्ड’ कर दी और प्रति शेयर 1,120 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया. ब्रोकरेज का कहना है कि सीतापति के अचानक इस्तीफे से काम को लागू करने को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है, भले ही मलबारी को नया MD और CEO नियुक्त किया गया है, जो अभी ग्रुप CFO और अफ़्रीका CEO के तौर पर काम कर रहे हैं.
HSBC ने स्टॉक के लिए अपने वैल्यूएशन मल्टीपल को भी कम कर दिया है और टारगेट प्राइस-टू-अर्निंग्स मल्टीपल को 45 गुना से घटाकर 40 गुना कर दिया है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.