दवाई बनाने वाली कंपनी के शेयर 12% उछले, ब्रोकरेज ने कहा अभी है इसमें कमाई का मौका, जानें- टारगेट प्राइस

Gland Pharma shares: सुबह के कारोबार में ग्लैंड फार्मा के शेयर लगभग 2,965 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. पिछले सेशन में स्टॉक में 2.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई थी. ब्रोकरेज का मानना ​​है कि ग्लैंड फार्मा के लिए मुख्य चुनौतियां अब काफी हद तक पीछे छूट चुकी हैं.

ग्लैंड फार्मा के शेयर का आउटलुक. Image Credit: TV9 Bharatvarsh & Canva

Highlights

  • शेयर में 25 फीसदी से अधिक के उछाल के संकेत.
  • कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 47.1 फीसदी की बढ़ोतरी.
  • निफ्टी मिडकैप 100 में सबसे अधिक बढ़त वाला शेयर.

Gland Pharma Shares: मंगलवार, 11 अगस्त को ग्लैंड फार्मा लिमिटेड के शेयरों में 12 फीसदी की जोरदार तेजी दर्ज की गई. दवा बनाने वाली इस कंपनी के वित्त वर्ष की पहली तिमाही के शानदार नतीजों के बाद यह निफ्टी मिडकैप 100 में सबसे अधिक बढ़त वाला शेयर बन गया. ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने इस स्टॉक को ‘बाय’ (खरीदने) की रेटिंग दी है.

उनका कहना है कि कंपनी की मुख्य चुनौतियां अब पीछे छूट चुकी हैं और उन्होंने इसका टारगेट प्राइस बढ़ाकर 3,350 रुपये प्रति शेयर कर दिया है.

शेयरों में लगातार तेजी

सुबह के कारोबार में ग्लैंड फार्मा के शेयर लगभग 2,965 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. पिछले सेशन में स्टॉक में 2.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई थी और 2026 में अब तक इसमें लगभग 66 फीसदी की तेजी आई है, जबकि निफ्टी 50 में 6 फीसदी की गिरावट दर्ज कई गई है. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 48,900 करोड़ रुपये से अधिक है.

कितना है टारगेट प्राइस?

जेफरीज का 3,350 रुपये का टारगेट प्राइस सोमवार की क्लोजिंग प्राइस से 25 फीसदी से अधिक के उछाल का संकेत देता है. ब्रोकरेज ने कहा कि ग्लैंड फार्मा ने Q1 में उम्मीद से बेहतर नतीजे दिए हैं, जिसमें अमेरिकी बाजार में साल-दर-साल 32 फीसदी की ग्रोथ का अहम योगदान रहा.

उन्हें उम्मीद है कि कंपनी की FY27 की ग्रोथ कॉन्स्टेंट-करेंसी के आधार पर 15 फीसदी तक पहुंच सकती है, जबकि पहले इसके 12-13 फीसदी रहने का अनुमान था.

कंपनी के कारोबार से जुड़ा बड़ा अपडेट

जेफरीज ने एक बड़े कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गनाइजेशन (CDMO) कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करने का भी जिक्र किया. साथ ही, कंपनी के लिए ग्रोथ के अहम कारणों के तौर पर एक अलग तरह के प्रोडक्ट की इन-लाइसेंसिंग को भी बताया, जिसका मार्केट बहुत बड़ा है.

खत्म हो गईं चुनौतियां?

ब्रोकरेज का मानना ​​है कि ग्लैंड फार्मा के लिए मुख्य चुनौतियां अब काफी हद तक पीछे छूट चुकी हैं. कंपनी ने कहा कि सेनेक्सी (Cenexi) का ब्रेक-ईवन की ओर बढ़ना, नए कॉन्ट्रैक्ट मिलना और कंपनी का कॉम्प्लेक्स प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में विस्तार भविष्य में ग्रोथ में मदद कर सकता है.

ग्लैंड फार्मा Q1 नतीजे

ग्लैंड फार्मा ने अप्रैल-जून तिमाही के लिए अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 47.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की और यह 317 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 215 करोड़ रुपये था. टैक्स के बाद प्रॉफिट मार्जिन में सालाना आधार पर लगभग 330 बेसिस पॉइंट्स का सुधार हुआ. रेवेन्यू सालाना आधार पर 19.6 फीसदी बढ़कर 1,800.2 करोड़ रुपये हो गया, जो Q1 FY26 में 1,505.6 करोड़ रुपये था.

EBITDA एक साल पहले के 367.6 करोड़ रुपये से 33.1 फीसदी बढ़कर 489.2 करोड़ रुपये हो गया. EBITDA मार्जिन 24.4 फीसदी से बढ़कर 27.2 फीसदी हो गया, जबकि एडजस्टेड EBITDA मार्जिन 28 फीसदी रहा.

यह भी पढ़ें: गौतम अडानी की खत्म हुईं अमेरिकी कानून की मुश्किलें, कोर्ट ने धोखाधड़ी के आरोप किए खारिज, क्या था पूरा मामला?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.