अब Groww, Zerodha और Angel One से खरीद सकेंगे Apple-Tesla के शेयर!
भारतीय निवेशकों के लिए विदेशी शेयर बाज़ारों में निवेश करना अब और भी सुलभ होने जा रहा है. देश के चार प्रमुख ऑनलाइन ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म्स. ग्रो (Groww), ज़ेरोधा (Zerodha), एंजेल वन (Angel One) और अपस्टॉक्स (Upstox) को गुजरात के गिफ्ट सिटी (GIFT City) के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय, विशेषकर अमेरिकी शेयरों में निवेश की सुविधा प्रदान करने की अनुमति मिल गई है. यह मंज़ूरी इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेस सेंटर अथॉरिटी (IFSCA) द्वारा प्रदान की गई है, और इसे भारतीय खुदरा निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है.
अभी तक, अमेरिकी शेयरों में निवेश करने के लिए निवेशकों को सीमित विकल्पों या विदेशी भागीदार प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेना पड़ता था. लेकिन इस नई सुविधा के शुरू होने के बाद, निवेश की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित और भारतीय निवेशकों के लिए सुलभ हो सकेगी. जानकारी के अनुसार, ग्रो और एंजेल वन को ग्लोबल एक्सेस प्रोवाइडर (GAP) मॉडल के तहत काम करने की अनुमति मिली है, जबकि ज़ेरोधा और अपस्टॉक्स ब्रोकर डीलर संरचना के ज़रिए यह सेवा उपलब्ध करवाएंगे.
यह सेवा तुरंत शुरू नहीं होगी. रिपोर्टों के मुताबिक, इन कंपनियों को तकनीकी एकीकरण, परीक्षण और अन्य नियामक प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा. इसके बाद, अगले 2 से 3 महीनों में यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से निवेशकों के लिए उपलब्ध हो सकती है.