TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

देशभर में FSSAI की बड़ी कार्रवाई, 3,279 टन खाद्य पदार्थ जब्त, 1,133 लाइसेंस सस्पेंड

त्योहारों के सीजन में मिलावट रोकने के लिए FSSAI ने देशभर में बड़ा अभियान चलाया है. 1 सितंबर से 5 नवंबर तक 56,431 प्रतिष्ठानों की जांच की गई. इस दौरान 3,279 टन खाद्य पदार्थ जब्त हुए, जिनकी कीमत 81.80 करोड़ रुपये है. कार्रवाई में 1,133 लाइसेंस सस्पेंड और 52 लाइसेंस रद्द किए गए.

FSSAI

Highlights

  • FSSAI ने देशभर में 56,431 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया
  • 3,279 टन खाद्य उत्पाद जब्त, कीमत 81.80 करोड़ रुपये
  • 1,133 लाइसेंस सस्पेंड और 52 लाइसेंस पूरी तरह रद्द हुए

त्योहारों के सीजन में खाने-पीने की चीजों में मिलावट को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देशभर में बड़ी कार्रवाई की है. इस अभियान में दूध, पनीर, घी और मिठाइयों समेत करीब 3,280 टन खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं. इनकी कीमत करीब 81.80 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ हजारों नोटिस जारी किए गए हैं. कार्रवाई के इन आंकड़ों से देश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

56 हजार से ज्यादा दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच

FSSAI ने त्योहारों के दौरान मिलावट पर रोक लगाने के लिए 1 सितंबर से 5 नवंबर 2026 तक देशव्यापी निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान देशभर में कुल 56,431 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई. इसमें अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य कारोबारियों को शामिल किया गया.

जांच के दौरान अधिकारियों को कई जगह खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला. इसके बाद खाद्य कारोबारियों को सुधार के लिए 10,047 नोटिस जारी किए गए. इन नोटिस के जरिए कारोबारियों को अपनी व्यवस्था में सुधार करने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए.

1,133 लाइसेंस सस्पेंड, 52 रद्द

FSSAI की कार्रवाई सिर्फ नोटिस जारी करने तक सीमित नहीं रही. नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले कारोबारियों पर सख्त कदम भी उठाए गए. अभियान के दौरान 1,133 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि 52 लाइसेंस रद्द किए गए. इसके अलावा 314 प्रतिष्ठानों को सील भी किया गया.

43 हजार से ज्यादा खाद्य सैंपल लिए गए

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों ने कुल 43,939 सैंपल इकट्ठा किए. इनमें से 23,648 सैंपल की जांच पूरी की गई. जांच में 2,273 सैंपल निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए. इन मामलों में कार्रवाई करते हुए 410 अभियोजन मामले भी शुरू किए गए.

पनीर से लेकर मिठाइयों तक पर नजर

इस अभियान में पनीर, दूध, घी, खोया, तेल, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट, आइसक्रीम, नमकीन और पैकेज्ड फूड की जांच की गई. अधिकारियों ने प्रतिबंधित और मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए उत्पादों को जब्त किया.

FSSAI का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्यों के खाद्य सुरक्षा विभागों के साथ मिलकर निगरानी जारी रखी जाएगी. त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दूसरी खाने-पीने की चीजों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में मिलावट पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है.

यह भी पढ़ें- मुहूर्त ट्रेडिंग 2026: आज शेयर बाजार में निवेश का शुभ मौका, जानें कैसे बनाएं कमाई की रणनीति