TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

दिवाली पर बदल गई मिठाइयों की दुनिया! चॉकलेट काजू कतली से कॉफी पेड़ा तक, नए फ्लेवर का चढ़ा क्रेज

दिवाली पर इस बार मिठाइयों का स्वाद बदल रहा है. काजू कतली में डार्क चॉकलेट, पेड़े में कॉफी और बूंदी से लेमन टार्ट तैयार किया जा रहा है. बॉम्बे स्वीट शॉप, डेजर्ट और सेज एंड सैफ्रन जैसे ब्रांड नए प्रयोग कर रहे हैं. युवाओं और कॉरपोरेट गिफ्टिंग में फ्यूजन मिठाइयों की मांग बढ़ रही है.

दिवाली

Highlights

  • काजू कतली, पेड़ा और बूंदी को मिल रहा मॉडर्न स्वाद
  • बॉम्बे स्वीट शॉप का दिवाली कारोबार 80 फीसदी बढ़ा
  • फ्यूजन मिठाइयों की मांग बढ़ने से बदला बाजा

भारत में दिवाली पर मिठाइयों का स्वाद अब तेजी से बदल रहा है. काजू कतली, पेड़ा और बूंदी जैसे पारंपरिक पकवानों को नए फ्लेवर और मॉडर्न अंदाज में पेश किया जा रहा है. कहीं काजू कतली में डार्क चॉकलेट मिलाई जा रही है, तो कहीं पेड़े में कॉफी और हेजलनट का स्वाद दिया जा रहा है. मिठाई बनाने वाली कंपनियां युवाओं और प्रीमियम गिफ्टिंग पसंद करने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए प्रयोग कर रही हैं.

काजू कतली से लेकर पेड़े तक, हर मिठाई का नया अवतार

इस दिवाली मिठाई की दुकानों पर पारंपरिक स्वाद के साथ नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं. कॉफी हेजलनट पेड़ा, रोज और ऑरेंज काजू रोल, पिस्ता खुबानी बर्फी और डार्क चॉकलेट काजू कतली जैसे विकल्प ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं.

कुछ ब्रांड बूंदी से लेमन टार्ट बना रहे हैं, जबकि कलाकंद में बिस्कॉफ का स्वाद मिलाया जा रहा है. वहीं केसर कुल्फी और गुलाब गुलकंद के फ्लेवर वाली चॉकलेट बार भी बाजार में पेश की गई हैं.

मिठाइयों के बाजार में बढ़ रही नई मांग

इस ट्रेंड का फायदा मिठाई और डेजर्ट बनाने वाले ब्रांड्स को मिल रहा है. बॉम्बे स्वीट शॉप के मुताबिक, उसका दिवाली कारोबार पिछले साल के मुकाबले 80 फीसदी बढ़ा है. कंपनी के दिवाली कलेक्शन में कॉफी हेजलनट पेड़ा, गुलाब ऑरेंज रोल और पिस्ता खुबानी बर्फी जैसी मिठाइयां शामिल हैं. इसके गिफ्ट बॉक्स की शुरुआती कीमत 695 रुपये है.

जयपुर की डेजर्ट कंपनी डेजर्ट (Dzurt) ने भी काजू कतली, रोज गुलकंद, केसर कुल्फी और पिस्ता जयपुर कुनाफा से प्रेरित चॉकलेट बार पेश की हैं. कंपनी को व्यक्तिगत ग्राहकों के साथ कॉरपोरेट गिफ्टिंग से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है.

युवाओं को पसंद आ रहा फ्यूजन मिठाई का स्वाद

मुंबई की सेज एंड सैफ्रन (Sage & Saffron) ने मिठाई और बटर कुकीज को मिलाकर नए तरह के प्रोडक्ट तैयार किए हैं. इनमें पिस्ता, रास्पबेरी, रोज, हेजलनट, कॉफी और ऑरेंज जैसे फ्लेवर शामिल हैं.

दरअसल, आज के ग्राहक पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद तो चाहते हैं, लेकिन उन्हें कुछ नया भी चाहिए. यही वजह है कि मिठाई बनाने वाले ब्रांड भारतीय स्वाद को चॉकलेट, बिस्किट और पेस्ट्री जैसे मॉडर्न फॉर्मेट में पेश कर रहे हैं.

अभी छोटा है फ्यूजन मिठाइयों का बाजार

भारत में मिठाइयों का बाजार करीब 84,310 करोड़ रुपये का बताया जाता है. इसमें प्रीमियम मिठाइयों की हिस्सेदारी 1 फीसदी से भी कम है और फ्यूजन मिठाइयों का बाजार इससे भी छोटा है. हालांकि, इस दिवाली नए फ्लेवर और आकर्षक पैकेजिंग के कारण इस सेगमेंट में दिलचस्पी बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें- Muhurat Trading 2026: गोल्ड या सिल्वर ETF, कहां लगाएं पैसा? किसमें 62% तक तेजी का अनुमान