TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

धनतेरस पर बाजार में धनवर्षा! कार से लेकर जूते-चप्पल तक की जमकर हुई खरीदारी, फेस्टिव सेल में 20% उछाल

धनतेरस पर देशभर के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई. कार, फ्रिज, एसी, कपड़े और फुटवियर की मांग बढ़ने से नवरात्रि से धनतेरस तक फेस्टिव बिक्री की वैल्यू में 20 फीसदी तक उछाल आया. ऑनलाइन ऑर्डर भी 20 फीसदी से ज्यादा बढ़े. हालांकि, स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी और लैपटॉप की यूनिट बिक्री में 15 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई.

धनतेरस

Highlights

  • धनतेरस पर फेस्टिव रिटेल बिक्री की वैल्यू में 20 फीसदी उछाल
  • कार, फ्रिज, एसी और कपड़ों की खरीदारी में जबरदस्त तेजी
  • स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी और लैपटॉप की यूनिट बिक्री में गिरावट

धनतेरस के मौके पर देशभर के बाजारों में ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली. कार, फ्रिज, एसी, कपड़े और जूते-चप्पलों तक की खूब खरीदारी हुई. इसने रिटेल कंपनियों और कारोबारियों को बड़ी राहत दी है. नवरात्रि से लेकर धनतेरस तक फेस्टिव सीजन की बिक्री में वैल्यू के हिसाब से करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि, स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी और लैपटॉप की बिक्री में अब भी कमजोरी बनी हुई है.

धनतेरस बना साल का सबसे बड़ा शॉपिंग डे

इस साल धनतेरस पर कंपनियों और रिटेल कारोबारियों ने एक दिन में इस साल की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की. बाजार में ग्राहकों की बढ़ती संख्या का असर शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला.

कंपनियों के मुताबिक, नवरात्रि से धनतेरस के बीच ज्यादातर कैटेगरी में पिछले साल के मुकाबले बिक्री की वैल्यू 20 फीसदी तक बढ़ी है. वहीं, बिक्री की मात्रा यानी वॉल्यूम में औसतन 5 से 8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. ऑनलाइन शॉपिंग में भी 20 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली.

कार और होम अप्लायंस की मांग में उछाल

धनतेरस पर कारों की डिलीवरी के लिए शोरूम में ग्राहकों की भारी भीड़ रही. मारुति सुजुकी ने गणेश चतुर्थी से धनतेरस के बीच करीब 4 लाख कारों की रिटेल बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के मुकाबले 17 फीसदी ज्यादा है.

कंपनी के पास अभी 2.53 लाख कारों की बुकिंग लंबित है. मारुति धनतेरस के दिन 30 हजार से ज्यादा कारों की डिलीवरी करने की तैयारी में थी. कंपनी को धनतेरस से लाभ पंचमी यानी 14 नवंबर तक 70 हजार से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद है.

होम अप्लायंस सेगमेंट में भी अच्छी खरीदारी हुई. एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स ने डबल डिजिट वैल्यू ग्रोथ दर्ज की. वहीं, गोदरेज अप्लायंसेज की बिक्री वैल्यू में 50 फीसदी से ज्यादा और हायर इंडिया की बिक्री वैल्यू में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

ऑनलाइन शॉपिंग में भी 20% से ज्यादा तेजी

इस धनतेरस पर सिर्फ ऑफलाइन बाजार ही नहीं, बल्कि ई-कॉमर्स कंपनियों को भी फायदा हुआ. ऑनलाइन ऑर्डर में 20 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई. ग्राहकों ने कपड़े, जूते, होम अप्लायंस और दूसरे घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की.

स्मार्टफोन और लैपटॉप की बिक्री में गिरावट

जहां ज्यादातर बाजारों में रौनक रही, वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स की कुछ कैटेगरी में कमजोरी देखने को मिली. स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी और लैपटॉप की यूनिट बिक्री में 15 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई.

इसकी बड़ी वजह इन प्रोडक्ट की कीमतों में बढ़ोतरी मानी जा रही है. इस साल कुछ कैटेगरी में कीमतें 40 फीसदी तक बढ़ी हैं. हालांकि, कीमतें बढ़ने के कारण बिक्री की वैल्यू में करीब 10 फीसदी तक की वृद्धि हुई.

कुल मिलाकर धनतेरस की खरीदारी ने रिटेल सेक्टर को बड़ी राहत दी है. कमजोर मानसून, महंगाई और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच ग्राहकों की इस खरीदारी से कंपनियों को आने वाले दिनों में भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें- Sensex-Nifty की तेजी पर लग सकता है ब्रेक, विदेशी बाजारों में मचा हड़कंप