IDFC First Bank के शानदार रिजल्ट के बाद रॉकेट बना शेयर, 9.5 फीसदी तक उछला; ब्रोकरेज ने दिया टारगेट
IDFC First Bank के मजबूत Q1 FY27 रिजल्ट के बाद शेयर में करीब 9.5 फीसदी की जोरदार तेजी देखने को मिली है. बैंक का शुद्ध मुनाफा 132 फीसदी बढ़कर 1,075 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि NII, NIM और एसेट क्वालिटी में भी सुधार दर्ज किया गया है. शानदार तिमाही प्रदर्शन के बाद लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के हेड ऑफ रिसर्च अंशुल जैन ने शेयर के लिए टारगेट दिया है.

IDFC First Bank: प्राइवेट सेक्टर के बैंक IDFC First Bank के शेयरों में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. बैंक के जून 2026 तिमाही (Q1 FY27) के मजबूत रिजल्ट के बाद निवेशकों ने शेयर में जमकर खरीदारी की, जिसके चलते BSE पर शेयर करीब 9.5 फीसदी तक उछल गया. कारोबार के दौरान शेयर 80.83 रुपये के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 85.70 रुपये पर खुला और 88.70 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया. बैंक के शानदार वित्तीय प्रदर्शन ने निवेशकों का भरोसा और बढ़ा दिया है. इसके अलावा, ब्रोकरेज हाउस लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड ने भी शेयर पर सकारात्मक रुख बनाए रखते हुए 100 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. साथ ही 80 रुपये का स्टॉप लॉस रखने की सलाह दी है.
132 फीसदी बढ़ा मुनाफा
IDFC First Bank ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजों में शानदार इजाफा दर्ज किया है. बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 132.2 फीसदी बढ़कर 1,075 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में बैंक ने 463 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था.
NII और NIM दोनों में सुधार
बैंक की Net Interest Income (NII) 21 फीसदी बढ़कर 5,972 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 4,933 करोड़ रुपये थी. यह बढ़ोतरी बैंक के लोन कारोबार में मजबूत विस्तार का संकेत देती है. वहीं Net Interest Margin (NIM) भी बढ़कर 5.96 फीसदी हो गया, जबकि पिछले साल यह 5.71 फीसदी था. यानी बैंक की ब्याज आय में लगातार सुधार हो रहा है, जो भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी बढ़ोतरी
तिमाही के दौरान बैंक का Operating Profit 14 फीसदी बढ़कर 2,553 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 2,239 करोड़ रुपये था. इसके अलावा, बैंक ने प्रोविजन्स में भी कमी दर्ज की है. जून तिमाही में प्रोविजन्स घटकर 1,144 करोड़ रुपये रह गए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1,659 करोड़ रुपये थे. हालांकि, मार्च 2026 तिमाही के 869 करोड़ रुपये की तुलना में इनमें कुछ बढ़ोतरी देखने को मिली.
एसेट क्वालिटी हुई बेहतर
बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार दर्ज किया गया. Gross NPA (GNPA) मार्च तिमाही के 1.61 फीसदी से घटकर जून तिमाही में 1.51 फीसदी रह गया. इसी तरह Net NPA (NNPA) भी 0.48 फीसदी से घटकर 0.44 फीसदी हो गया. किसी भी बैंक के लिए घटता हुआ NPA बेहतर लोन रिकवरी और मजबूत रिस्क मैनेजमेंट का संकेत माना जाता है.
ब्रोकरेज ने दिया टारगेट
बैंक के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शेयर में तेज उछाल देखने को मिला है. मजबूत मुनाफा, बढ़ती NII, बेहतर NIM, घटता NPA और मैनेजमेंट का सकारात्मक नजरिया बैंक की वित्तीय स्थिति को मजबूत दिखाता है. लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के हेड ऑफ रिसर्च अंशुल जैन ने IDFC First Bank के शेयर के लिए 100 रुपये का टारगेट दिया है, जबकि 80 रुपये का स्टॉप लॉस रखने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: कच्चा तेल टूटा, शेयर बाजार दौड़ा; सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी 23,900 के पार, IT शेयरों में बंपर रैली
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.