आशीष कचोलिया के इस स्टॉक ने दिया 612% तक रिटर्न, ऑर्डर बुक भी दमदार, USA तक पांव फैला रही कंपनी, रखें नजर

आशीष कचोलिया के निवेश वाली MAN Industries अपने कारोबार को भारत से बाहर फैलाने की तैयारी में है. कंपनी का H1 FY27 मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़ा है और उसके पास 3,500 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक है. शेयर ने 5 साल में 612% रिटर्न दिया है.

आशीष कचोलिया स्टॉक Image Credit: @Money9live

स्टील पाइप बनाने वाली कंपनी MAN Industries (India) Ltd अपने कारोबार को भारत से बाहर भी फैलाने की तैयारी में है. कंपनी सऊदी अरब में अधिग्रहण, अमेरिका में नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी और जम्मू में नए प्रोडक्ट्स के जरिए कारोबार बढ़ा रही है. दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया का भी इस कंपनी में निवेश है. सितंबर 2026 तक उनके पास कंपनी की 3.04% हिस्सेदारी थी.

कंपनी की यह रणनीति ऐसे समय में सामने आई है, जब एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश, पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार और खास औद्योगिक इस्तेमाल वाले स्टील पाइप की मांग बढ़ रही है. MAN Industries का लक्ष्य अपने मौजूदा कारोबार को बढ़ाने के साथ-साथ ज्यादा वैल्यू वाले प्रोडक्ट्स बनाना और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करना है.

H1 FY27 में कंपनी का मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़ा

MAN Industries के वित्तीय नतीजों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 43.6% बढ़कर 2,281 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की इसी अवधि में यह 1,588 करोड़ रुपये था.

इस दौरान कंपनी का EBITDA 89.2% बढ़कर 345 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 65 करोड़ रुपये से बढ़कर 143 करोड़ रुपये पहुंच गया. यानी कंपनी का मुनाफा दोगुने से ज्यादा हो गया.

कंपनी के नतीजों की एक और खास बात यह रही कि रेवेन्यू के साथ उसका मुनाफे का मार्जिन भी बढ़ा. H1 FY26 में EBITDA मार्जिन 11.5% था, जो H1 FY27 में बढ़कर 15.1% हो गया. इसी तरह PAT मार्जिन भी 4.1% से बढ़कर 6.3% पर पहुंच गया. इसका मतलब है कि कंपनी की कमाई के मुकाबले मुनाफे में ज्यादा तेजी आई है.

पहली छमाही के नतीजों पर एक नजर:

वित्तीय आंकड़ेH1 FY26H1 FY27बढ़ोतरी
रेवेन्यू₹1,588 करोड़₹2,281 करोड़43.6%
EBITDA₹345 करोड़89.2%
PAT₹65 करोड़₹143 करोड़दोगुने से ज्यादा

दूसरी तिमाही यानी Q2 FY27 में भी कंपनी की ग्रोथ जारी रही. इस दौरान कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 49.3% बढ़कर 1,216 करोड़ रुपये रहा. EBITDA 86.6% बढ़कर 190 करोड़ रुपये और PAT 121.7% बढ़कर 82 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, EBITDA मार्जिन 310 बेसिस पॉइंट बढ़कर 15.6% पहुंच गया.

हालांकि, इन नतीजों को समझते समय सऊदी अरब की हाल ही में अधिग्रहित सब्सिडियरी National Pipe Company (NPC) के योगदान को भी ध्यान में रखना जरूरी है. इसलिए कंपनी की पूरी ग्रोथ को केवल पुराने कारोबार की ऑर्गेनिक ग्रोथ नहीं माना जा सकता.

सऊदी अरब की कंपनी खरीदकर मजबूत की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी

MAN Industries की विस्तार योजना में सऊदी अरब की National Pipe Company (NPC) का अधिग्रहण अहम है. कंपनी ने मई 2026 में NPC का अधिग्रहण किया था. इससे MAN Industries को 4.30 लाख MTPA की अतिरिक्त मैन्युफैक्चरिंग क्षमता मिली है.

इसमें 2.50 लाख MTPA HSAW और 1.80 लाख MTPA LSAW पाइप बनाने की क्षमता शामिल है. NPC सऊदी अरामको की अप्रूव्ड वेंडर है. इस अधिग्रहण से MAN Industries को सऊदी अरब के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर बाजार तक पहुंच मिली है.

मिडिल ईस्ट में तेल, गैस और पानी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में निवेश बढ़ रहा है. इससे बड़े डायमीटर वाले पाइप की मांग को सपोर्ट मिल रहा है. ऐसे में सऊदी अरब में मैन्युफैक्चरिंग मौजूदगी कंपनी के लिए नए कारोबार के मौके खोल सकती है.

3,500 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक

कंपनी के पास करीब 3,500 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड ऑर्डर बुक है. इन ऑर्डर्स को अगले 6 से 9 महीने में पूरा करना है. इससे कंपनी को आने वाले समय में रेवेन्यू मिलने की विजिबिलिटी मिलती है और कारोबार बढ़ाने की योजनाओं को भी सपोर्ट मिलता है.

इसके अलावा, कंपनी की सब्सिडियरी Merino Shelters ने नवी मुंबई में 6 एकड़ जमीन के लिए जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट किया है. इस प्रोजेक्ट से अगले 5 से 6 साल में 700 से 800 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है. विकसित क्षेत्र की बिक्री से होने वाले मुनाफे में कंपनी की हिस्सेदारी 30% होगी.

कंपनी के शेयर का हाल ?

अब बात कंपनी के शेयर की करें तो सोमवार को MAN Industries (India) का शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ. शेयर में 2% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और यह 720.30 रुपये पर बंद हुआ.

हालांकि, हालिया गिरावट के बावजूद अलग-अलग अवधि में शेयर का रिटर्न मजबूत रहा है. कंपनी के शेयर ने पिछले 6 महीने में 24% से ज्यादा और एक साल में 57% का रिटर्न दिया है. वहीं, 5 साल में इस शेयर ने 612% का रिटर्न दिया है.

शेयर का रिटर्न कितना रहा?

अवधिशेयर का रिटर्न
6 महीने24% से ज्यादा
1 साल57%
5 साल612%
सोर्स- Groww

फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 5,438 करोड़ रुपये है. कंपनी में दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया की 3.04% हिस्सेदारी है.

इसे भी पढ़ें- Closing Bell: शेयर बाजार में हाहाकार! सेंसेक्स 1484 अंक टूटा, निफ्टी 25400 के नीचे, निवेशकों के डूबे 5 लाख करोड़

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.