एक तरफ मेटल शेयरों में रैली, दूसरी ओर ज्वेलरी स्टॉक्स में कोहराम! सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी से बड़ी उथल-पुथल!
जहां मेटल शेयरों में तेजी रही, वहीं ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला. बाजार को चिंता है कि सोना-चांदी महंगा होने से ज्वेलरी की मांग कमजोर पड़ सकती है और कंपनियों की लागत बढ़ सकती है. Kalyan Jewellers के शेयर में सबसे ज्यादा गिरावट रही और यह करीब 4.33 फीसदी टूटकर 346.15 रुपये पर पहुंच गया.

बुधवार को मेटल सेक्टर के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली. सरकार द्वारा सोना, चांदी और दूसरे कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद कमोडिटी कीमतों में तेज उछाल आया, जिसका सीधा असर मेटल शेयरों पर दिखाई दिया. Hindustan Zinc, Vedanta, Hindustan Copper, National Aluminium Company और Hindalco Industries समेत कई मेटल शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली. इससे इतर जहां मेटल शेयरों में तेजी रही, वहीं ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला. Kalyan Jewellers जैसे शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली.
Nifty Metal इंडेक्स में भी जोरदार तेजी
मेटल शेयरों में खरीदारी के चलते Nifty Metal इंडेक्स करीब 1.3 फीसदी चढ़ गया और इसके सभी शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे. सबसे ज्यादा तेजी Hindustan Zinc में रही, जहां शेयर करीब 5 फीसदी उछल गया. इसके बाद Hindustan Copper में 3 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई. वहीं Vedanta, NALCO और Hindalco के शेयरों में भी 1.5 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली.
क्यों बढ़े मेटल शेयर?
सरकार ने सोना और चांदी समेत कई कीमती धातुओं पर कुल इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है, जो पहले करीब 6 फीसदी था. नई व्यवस्था के तहत 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 फीसदी Agriculture Infrastructure and Development Cess (AIDC) लगाया गया है. ये नई दरें 13 मई 2026 से लागू हो गई हैं. सरकार का उद्देश्य सोना-चांदी के आयात को कम करना और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटाना बताया जा रहा है.
MCX पर सोना-चांदी में तेजी
इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला. MCX पर गोल्ड कीमत 9,206 रुपये यानी 6 फीसदी बढ़कर 1,62,648 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई, जबकि सिल्वर कीमत 16,743 रुपये यानी 6 फीसदी उछलकर 2,95,805 रुपये प्रति किलो पहुंच गई. दोनों धातुओं में 6 फीसदी का अपर सर्किट लग गया.
ज्वेलरी शेयरों में बिकवाली
जहां मेटल शेयरों में तेजी रही, वहीं ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला. बाजार को चिंता है कि सोना-चांदी महंगा होने से ज्वेलरी की मांग कमजोर पड़ सकती है और कंपनियों की लागत बढ़ सकती है. Kalyan Jewellers के शेयर में सबसे ज्यादा गिरावट रही और यह करीब 4.33 फीसदी टूटकर 346.15 रुपये पर पहुंच गया. वहीं Titan Company का शेयर 0.43 फीसदी गिरकर 4,037.80 रुपये पर कारोबार करता दिखा. Senco Gold में भी हल्की कमजोरी रही और शेयर 312.15 रुपये पर पहुंच गया.
PC Jeweller भी दबाव में
PC Jeweller के शेयर में भी गिरावट देखने को मिली और यह 0.94 फीसदी टूटकर 8.40 रुपये पर पहुंच गया. हालांकि P N Gadgil Jewellers के शेयर में मामूली मजबूती रही और यह हल्की बढ़त के साथ 627.40 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
बाजार की नजर अब किन बातों पर?
जानकारों के मुताबिक अगर सोना-चांदी की कीमतें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो इसका असर ज्वेलरी डिमांड पर पड़ सकता है. वहीं, मेटल और माइनिंग कंपनियों को ऊंची कीमतों का फायदा मिल सकता है. इसके अलावा वैश्विक तनाव, डॉलर की चाल और कमोडिटी बाजार की दिशा भी आने वाले समय में मेटल और ज्वेलरी शेयरों की चाल तय करेगी.
इसे भी पढ़ें- इस सोलर स्टॉक में आएगी रैली! ₹210 का शेयर जा सकता है ₹323, जानें किन वजहों से भरेगा उड़ान?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.