MRF, Britannia, SBI, Titan समेत ये दिग्गज कंपनिया दे रही हैं डिविडेंड, जानें कहां हो रही सबसे ज्यादा कमाई

Q4FY26 नतीजों के बाद MRF, SBI, Britannia, L&T, Titan और Mahindra समेत कई बड़ी कंपनियों ने शानदार डिविडेंड का ऐलान किया है. जानिए 11 मई को किन डिविडेंड शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी, रिकॉर्ड डेट क्या है और कौन से स्टॉक्स लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए बन सकते हैं मजबूत विकल्प.

Dividend Stocks Image Credit: FreePik

भारतीय शेयर बाजार में वित्त वर्ष 2025-26 के नतीजों का शोर है, लेकिन इस बार निवेशकों का ध्यान केवल मुनाफे पर नहीं, बल्कि कंपनियों द्वारा की गई ‘धनवर्षा’ पर है. मजबूत कैश फ्लो और शानदार अर्निंग ग्रोथ के दम पर भारत की दिग्गज लार्ज-कैप कंपनियों ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का पिटारा खोल दिया है.

बैंकिंग से लेकर FMCG और ऑटो से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर तक, कॉर्पोरेट इंडिया ने डिविडेंड के जरिए यह संकेत दिया है कि उनका बिजनेस न केवल मजबूत है, बल्कि भविष्य को लेकर उनका भरोसा भी अटूट है.

MRF दे रहा सबसे बड़ा डिविडेंड

टायर सेक्टर की दिग्गज कंपनी MRF Limited इस लिस्ट की सबसे बड़ी ‘डिविडेंड स्टार’ बनकर उभरी है. कंपनी ने ₹10 की फेस वैल्यू वाले शेयर पर ₹229 प्रति शेयर (2,290%) के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है. अगर इसमें साल के दौरान दिए गए ₹3-₹3 के दो अंतरिम डिविडेंड भी जोड़ दें, तो वित्त वर्ष 2026 के लिए कुल डिविडेंड ₹235 प्रति शेयर हो जाता है.

FMCG और कंज्यूमर सेक्टर में रिकॉर्ड पेआउट

  • Britannia Industries: बिस्किट और डेयरी क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी ने ₹90.50 प्रति शेयर के रिकॉर्ड फाइनल डिविडेंड की घोषणा की है. इसके लिए 31 जुलाई, 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है.
  • Titan Company: टाटा समूह की इस कंपनी ने अपने निवेशकों को ₹15 प्रति शेयर का तोहफा दिया है. ज्वेलरी और लाइफस्टाइल सेगमेंट में मजबूत मांग का फायदा निवेशकों को मिला है.
  • Tata Consumer Products: एफएमसीजी पोर्टफोलियो में विस्तार कर रही इस कंपनी ने ₹10 प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया है.

बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के बड़े ऐलान

देश के सबसे बड़े कर्जदाता State Bank of India (SBI) ने अपनी बेहतर एसेट क्वालिटी और मुनाफे का फायदा शेयरधारकों को दिया है. बैंक ने ₹17.35 प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान किया है. इसकी रिकॉर्ड डेट 16 मई, 2026 है और भुगतान 4 जून तक कर दिया जाएगा.

ऑटो सेक्टर में Mahindra & Mahindra (M&M) ने अपनी SUV और ट्रैक्टर सेगमेंट की दमदार ग्रोथ के दम पर ₹33 प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी ने इसके लिए 3 जुलाई, 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की है.

L&T का डिविडेंड

इंजीनियरिंग और इंफ्रा क्षेत्र की दिग्गज Larsen & Toubro (L&T) ने ₹38 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की है. मजबूत ऑर्डर बुक और घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर प्रदर्शन ने कंपनी की बैलेंस शीट को काफी मजबूती दी है. L&T के डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 22 मई, 2026 है.

यह भी पढ़ें: 14 परमाणु रिएक्टर बना चुकी ये इंफ्रा कंपनी, दिग्गज निवेशक धड़ाधड़ खरीद रहे शेयर, 1 महीने में 40% रिटर्न

निवेशकों के लिए क्या मायने हैं?

बाजार के जानकारों का मानना है कि डिविडेंड देने वाली कंपनियां आर्थिक अनिश्चितता के दौर में भी सुरक्षित निवेश मानी जाती हैं. लगातार डिविडेंड देना कंपनी के अनुशासित पूंजी आवंटन (Capital Allocation) और भविष्य की कमाई की दृश्यता (Earnings Visibility) को दर्शाता है. जो निवेशक पैसिव इनकम और लंबी अवधि में वेल्थ क्रिएशन चाहते हैं, उनके लिए ये लार्ज-कैप स्टॉक्स हमेशा रडार पर रहते हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories