इस नवरत्न कंपनी पर आज से रखें पैनी नजर! FPO से ₹1500 करोड़ जुटाने का प्लान, ₹130 है शेयरों की कीमत
सरकारी नवरत्न कंपनी RCF (राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स) ने ₹1,500 करोड़ जुटाने के लिए FPO लाने का फैसला किया है. कंपनी के बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, हालांकि शेयरधारकों, उर्वरक विभाग और DIPAM की मंजूरी अभी बाकी है.

शेयर बाजार में हलचल मचाने वाली एक खबर सरकारी फर्टिलाइजर कंपनी राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (RCF) से आ रही है. नवरत्न का दर्जा प्राप्त इस सरकारी कंपनी ने बाजार से ₹1,500 करोड़ का भारी-भरकम फंड जुटाने का बड़ा फैसला किया है. कंपनी यह पैसा फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) के जरिए जुटाएगी, जिसके तहत इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू जारी किया जाएगा. मंगलवार को कंपनी के शेयर बढ़त के साथ 130 रुपये पर बंद हुए थे, और इस बड़े फैसले के बाद आज बाजार में इसके शेयरों पर सीधा असर देखने को मिल सकता है.
बोर्ड से मिली मंजूरी
RCF ने रेगुलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी है कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस FPO को अपनी हरी झंडी दे दी है. हालांकि, इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए अभी कुछ और औपचारिकताएं बाकी हैं. इस फैसले को आगे बढ़ाने के लिए अब कंपनी के शेयरधारकों, फर्टिलाइजर विभाग और निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) की मंजूरी मिलना बाकी है.
1978 से कृषि और उद्योगों की लाइफलाइन है RCF
साल 1978 में स्थापित हुई RCF देश की अग्रणी फर्टिलाइजर कंपनियों में से एक है. कंपनी के पास फिलहाल ‘नवरत्न’ का प्रतिष्ठित दर्जा है. यह मुख्य रूप से खेती-किसानी के लिए यूरिया, कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर्स, बायो-फर्टिलाइजर्स, माइक्रो-न्यूट्रिएंट्स और 100% पानी में घुलनशील खाद बनाती है. इसके अलावा कंपनी कई तरह के औद्योगिक केमिकल्स का भी निर्माण करती है.
यह भी पढ़ें: वैश्विक मंदी के बीच भारत ने मारी बाजी! विदेशी निवेश 44% उछला, दुनिया के टॉप FDI देशों की रैंक में बड़ी छलांग
RCF का पूरा कारोबार और उत्पादन मुख्य रूप से महाराष्ट्र से संचालित होता है. कंपनी के पास दो बेहद आधुनिक ऑपरेटिंग यूनिट्स हैं. इनमें से पहली यूनिट मुंबई के ट्रॉम्बे में है, जबकि दूसरी यूनिट रायगढ़ जिले के थल में स्थित है. कंपनी का यह नया फंड जुटाने का कदम इसके विस्तार और भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.