NSE IPO की चर्चा से IFCI और NIACL में जोरदार तेजी, 11 फीसदी तक चढे़ शेयर
NSE के संभावित IPO को लेकर मार्केट में चर्चा तेज होने से बुधवार को IFCI और न्यू इंडिया एश्योरेंस के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. IFCI का शेयर 11 फीसदी तक चढ़ा, जबकि NIACL में भी 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी रही. दोनों कंपनियों की NSE में डायरेक्ट या इनडायरेक्ट हिस्सेदारी है.

NSE के आने वाले IPO को लेकर मार्केट में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. बुधवार के कारोबारी सत्र में NSE में हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली. IFCI के शेयर करीब 11 फीसदी तक चढ़ गए, जबकि न्यू इंडिया एश्योरेंस यानी NIACL के शेयरों में भी अच्छी तेजी रही. मार्केट में चर्चा है कि NSE का IPO इसी महीने निवेशकों के लिए खुल सकता है. हालांकि, IPO लॉन्च की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
IFCI के शेयर 11 फीसदी तक चढे़
NSE IPO की चर्चा का सबसे ज्यादा असर IFCI के शेयर पर देखने को मिला. कंपनी का शेयर 11 फीसदी की तेजी के साथ 96.66 रुपये तक पहुंच गया. IFCI एक सरकारी गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी है. इसकी स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी SHCIL में 52 फीसदी हिस्सेदारी है. SHCIL के पास NSE की 4.4 फीसदी हिस्सेदारी है. ऐसे में NSE के IPO से IFCI को इनडायरेक्ट रूप से फायदा मिलने की उम्मीद में निवेशकों ने शेयर में खरीदारी की.
निवेशकों की जोरदार खरीदारी
न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी के शेयर में भी NSE IPO की खबरों के बीच तेजी दर्ज की गई. कंपनी का शेयर 6.74 फीसदी चढ़कर 198.30 रुपये तक पहुंच गया. NIACL के पास नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की 1.42 फीसदी हिस्सेदारी है. मार्केट में NSE की संभावित वैल्यूएशन को लेकर पॉजिटिव माहौल है. यही वजह है कि NSE में हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयर निवेशकों के रडार पर आ गए हैं.
SBI Capital Markets भी बेच सकते हैं हिस्सा
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI भी NSE के प्रस्तावित IPO में हिस्सा बेचने की तैयारी कर रहा है. SBI के चेयरमैन सी एस शेट्टी के अनुसार, बैंक एक्सचेंज में अपनी 0.65 फीसदी हिस्सेदारी बेच सकता है. SBI के पास फिलहाल NSE की 3.23 फीसदी हिस्सेदारी है. वहीं, इसकी सहायक कंपनी SBI कैपिटल मार्केट्स के पास 4.33 फीसदी हिस्सेदारी है. दोनों मिलाकर IPO के जरिए NSE में 1 फीसदी तक हिस्सेदारी कम करने की योजना बना सकते हैं.
30000 करोड़ रुपये से ज्यादा का IPO
रिपोर्ट्स के मुताबिक, NSE का IPO भारत के अब तक के सबसे बडे़ IPO में शामिल हो सकता है. NSE करीब 6 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर 30000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा सकता है. 55 अरब डॉलर की संभावित वैल्यूएशन के आधार पर यह रकम करीब 31500 करोड़ रुपये हो सकती है. इससे यह IPO साल 2024 में हुंडई मोटर इंडिया के 27870 करोड़ रुपये के IPO को भी पीछे छोड़ सकता है. हालांकि, साइज और वैल्यूएशन में बदलाव संभव है
ये भी पढ़ें- राजेश एक्सपोर्ट्स में क्यों आ गई तूफानी तेजी, गिरते बाजार में आज रॉकेट बना शेयर, आखिर क्या है मामला
वैल्यूएशन 5.26 लाख करोड़ रुपये
संभावित निवेशकों के साथ बैठकों में NSE के शेयर की कीमत 2000 से 2100 रुपये के दायरे में बताई गई है. इस कीमत के आधार पर कंपनी की वैल्यूएशन करीब 5.26 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. ऐसी वैल्यूएशन पर NSE दुनिया के सबसे बडे़ एक्सचेंज ऑपरेटर्स में शामिल हो सकता है. रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि लिस्टिंग के बाद NSE के शेयर BSE पर परमिटेड टू ट्रेड कैटेगरी में कारोबार कर सकते हैं. फिलहाल निवेशकों की नजर NSE की ओर से IPO को लेकर होने वाली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.