TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

PM मोदी की कंपनियों को दो टूक, घरेलू बाजार के भरोसे न बैठें, मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट बढ़ाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने FICCI की 100वीं सालाना बैठक में भारतीय उद्योग जगत से घरेलू बाजार के भरोसे रहने के बजाय ग्लोबल मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कंपनियों से मैन्युफैक्चरिंग, वैल्यू एडिशन और एक्सपोर्ट बढ़ाने को कहा. मोदी ने फार्मा, स्टील, एल्युमीनियम और फूड प्रोसेसिंग जैसे सेक्टर में आयात घटाने और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया.

PM मोदी ने कंपनियों से घरेलू बाजार के भरोसे रहने के बजाय ग्लोबल मार्केट में कंपटीशन करने को कहा. Image Credit: PTI

Highlights

  • PM मोदी ने कंपनियों से घरेलू बाजार के भरोसे रहने के बजाय ग्लोबल मार्केट में प्रतिस्पर्धा करने को कहा.
  • फार्मा, स्टील, एल्युमीनियम और फूड प्रोसेसिंग में घरेलू उत्पादन और वैल्यू एडिशन बढ़ाने पर जोर.
  • ट्रेड डील का फायदा उठाने और मैन्युफैक्चरिंग-एक्सपोर्ट में निवेश बढ़ाने की अपील.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय उद्योग जगत से घरेलू बाजार के भरोसे रहने के बजाय ग्लोबल मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कंपनियों से मैन्युफैक्चरिंग, वैल्यू एडिशन और एक्सपोर्ट बढ़ाने पर जोर देने को कहा. फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की 100वीं सालाना आम बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का घरेलू बाजार कंपनियों के लिए आराम का क्षेत्र नहीं, बल्कि ग्लोबल कंपटीशन में उतरने का आत्मविश्वास होना चाहिए. उन्होंने उद्योगपतियों से अगले 20 साल के निवेश फैसलों में ‘India First’ को आधार बनाने की अपील की.

घरेलू बाजार को न बनाएं लिमिट

PM मोदी ने कहा कि 1.4 अरब लोगों का बाजार होने का मतलब यह नहीं है कि कंपनियां जो भी बनाएंगी, वह अपने आप बिक जाएगा. भारतीय कंपनियों को अपने प्रोडक्ट की क्वालिटी और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर ध्यान देना होगा.

उन्होंने कहा कि घरेलू कंज्यूमर को भी वही क्वालिटी मिलनी चाहिए, जो एक्सपोर्ट के लिए बनाए जाने वाले उत्पादों में होती है. कंपनियों को अलग-अलग क्षेत्रों के ग्राहकों की पसंद समझकर उसी के मुताबिक उत्पाद तैयार करने चाहिए. इसके लिए विदेशी बाजारों में रिसर्च, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर निवेश जरूरी है.

दवाओं से लेकर स्टील तक आयात घटाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने फार्मा, स्टील, एल्युमीनियम, कृषि और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में घरेलू उत्पादन बढ़ाने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि भारत तैयार दवाओं के मामले में मजबूत है और दुनिया की फार्मेसी के रूप में जाना जाता है, लेकिन इसके बावजूद एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स (API), बल्क ड्रग्स और दवाओं के इंटरमीडिएट्स का बड़े पैमाने पर आयात करता है.

उन्होंने फार्मा कंपनियों से इन उत्पादों का घरेलू स्तर पर मैन्युफैक्चिरिंग करने के लिए नई तकनीक और बड़ी उत्पादन सुविधाओं में निवेश करने को कहा.

स्टील और एल्युमीनियम सेक्टर का उदाहरण देते हुए मोदी ने कहा कि भारत लौह अयस्क का निर्यात करता है, लेकिन तैयार स्टील का आयात करता है. इसी तरह देश में बॉक्साइट के बड़े भंडार होने के बावजूद स्पेशलाइज्ड एल्युमीनियम अलॉय और दूसरे उत्पादों का आयात करना पड़ता है. उन्होंने कंपनियों से आयात होने वाले स्टील के ग्रेड की पहचान कर देश में ही उनका उत्पादन करने की क्षमता विकसित करने की अपील की.

कृषि और फूड प्रोसेसिंग में निवेश का मौका

PM मोदी ने कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में प्राइवेट निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत का आकार बड़ा होने के बावजूद वैश्विक कृषि निर्यात में उसकी हिस्सेदारी केवल 2 से 2.5 फीसदी है.

उन्होंने बताया कि पिछले 12 साल में भारत के कृषि-खाद्य निर्यात में प्रोसेस्ड फूड की हिस्सेदारी 13 फीसदी से बढ़कर 20 फीसदी से ज्यादा हो गई है. इस क्षेत्र में अभी और संभावनाएं हैं.

उन्होंने कंपनियों से विदेशी बाजारों की जरूरतों के हिसाब से उत्पाद तैयार करने, भरोसेमंद खरीद नेटवर्क बनाने और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों की पसंद के मुताबिक कारोबार विकसित करने को कहा.

ट्रेड डील का फायदा उठाएं भारतीय कंपनियां

प्रधानमंत्री ने कई देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों को भारतीय कंपनियों के लिए बड़ा अवसर बताया. उन्होंने कहा कि इन समझौतों से बड़े बाजारों तक पहुंच आसान हुई है, लेकिन सवाल है कि क्या भारतीय उद्योग जगत ने इन अवसरों का फायदा उठाने की पर्याप्त तैयारी की है?

उन्होंने हैंड टूल्स, पावर टूल्स, मशीनरी, पैकेजिंग उपकरण और सिंचाई से जुड़े उपकरणों के निर्माण में निर्यात की संभावनाएं बताईं. बड़ी कंपनियों से छोटे उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता विकसित करने में मदद करने की अपील भी की.

यह भी पढ़ें- ₹245 के शेयर से ₹80 हजार तक मुनाफा! खुलते ही फुल सब्सक्राइब हुआ IPO, GMP दे रहा बंपर लिस्टिंग गेन का संकेत

कर्मचारियों और रोजगार तक पहुंचे

PM मोदी ने सरकार के टैक्स और कारोबारी सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 फीसदी थी, जिसे घटाकर 22 फीसदी किया गया है. इसके अलावा लागू प्रावधानों के तहत 12 लाख रुपये तक की इनकम पर इनकम टैक्स छूट का भी जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि GST सुधारों से कई उत्पादों पर टैक्स कम हुआ है, जिससे मांग और कारोबार को फायदा मिला है. उन्होंने उद्योगपतियों से सवाल किया कि टैक्स में राहत और उपभोक्ताओं की बढ़ती खरीद क्षमता का फायदा कर्मचारियों के बेहतर वेतन और नई भर्तियों के रूप में क्यों नहीं दिखना चाहिए.

मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि देश अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है. उन्होंने अक्टूबर में करीब 50 अरब डॉलर के रिकॉर्ड मासिक वस्तु निर्यात का भी उल्लेख किया. साथ ही कहा कि भारत की विकास दर करीब 7 फीसदी रहने की उम्मीद है.

FICCI के 100 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से अगले 10 से 20 साल के लिए बड़े लक्ष्य तय करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक प्रतिबद्धता है, जिसमें उद्योग और देश के नागरिकों की अहम भूमिका होगी.