TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी, अभी और सस्ता होगा गोल्ड-सिल्वर या आएगी रिकवरी? जानें एक्सपर्ट की राय

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही. मजबूत अमेरिकी डॉलर, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने कीमतों पर दबाव बनाया है. ऐसे में सवाल है कि क्या दोनों कीमती धातुओं में अभी और गिरावट आएगी या निचले स्तरों से रिकवरी होगी? जानें एक्सपर्ट्स की राय.

सोना-चांदी Image Credit: Canva/ Money9

Highlights

  • सोने की कीमत लगातार चौथे दिन गिरी.
  • मजबूत डॉलर और बॉन्ड यील्ड से बढ़ा दबाव.
  • एक्सपर्ट्स को है सोने में रिकवरी की उम्मीद.

Gold Silver Price Outlook: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव देखने को मिला. इसकी बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका है.

साल 2026 की शुरुआत में जोरदार तेजी दिखाने वाले सोने-चांदी की कीमतों में अब बड़ी बिकवाली देखने को मिल रही है. ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या आने वाले दिनों में इनकी कीमतें और गिरेंगी या फिर निचले स्तरों से रिकवरी देखने को मिलेगी? आइए समझते हैं कि एक्सपर्ट्स का इस पर क्या कहना है.

MCX पर सोने-चांदी का क्या है भाव?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को दिसंबर एक्सपायरी वाला सोना मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था. सुबह 11:30 बजे सोने का वायदा भाव 0.15 फीसदी टूटकर 1,29,625 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया.

हालांकि, चांदी की कीमतों में कुछ रिकवरी देखने को मिली. दिसंबर एक्सपायरी वाली MCX सिल्वर फ्यूचर 0.79 फीसदी की तेजी के साथ 1,62,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी.

गौर करने वाली बात यह है कि साल 2026 की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी आई थी. लेकिन हाल के दिनों में कीमती धातुओं में बड़े पैमाने पर बिकवाली देखने को मिली है. इसके चलते नवंबर में सोना और चांदी एक साल से भी ज्यादा समय के निचले स्तर के करीब पहुंच गए हैं.

सोने-चांदी की कीमतों में क्यों आ रही है गिरावट?

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका है. दरअसल, जब अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ती हैं तो निवेशकों के लिए बॉन्ड जैसे विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं. वहीं, सोने और चांदी से नियमित ब्याज नहीं मिलता. ऐसे में निवेशक कीमती धातुओं से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों में निवेश करने लगते हैं.

Brickwork Ratings के हेड ऑफ रिसर्च राजीव शरण ने, अमेरिका में अक्टूबर के दौरान कंज्यूमर महंगाई दर 0.4 फीसदी बढ़ी है. इससे बाजार में यह उम्मीद मजबूत हुई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ा सकता है. बाजार में दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना करीब 90 फीसदी तक पहुंच गई है.

वहीं, PL Capital के हेड ऑफ कमोडिटीज आशीष राजोडिया ने बताया कि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स बढ़कर करीब 103.4 पर पहुंच गया है. यह अप्रैल 2025 के बाद इसका सबसे ऊंचा स्तर है. इसके अलावा, अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड यील्ड भी बढ़कर करीब 5.15 फीसदी के आसपास पहुंच गई है.

फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयानों से भी आगे ब्याज दरें बढ़ने के संकेत मिले हैं. बाजार को 9 दिसंबर को ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की करीब 92 फीसदी संभावना दिख रही है, जबकि 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना करीब 8 फीसदी है.

आमतौर पर डॉलर मजबूत होने और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से सोने-चांदी पर दबाव आता है. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी फिलहाल सोने-चांदी को सहारा नहीं दे पा रही है, क्योंकि बाजार का पूरा ध्यान अमेरिकी ब्याज दरों के रुख पर है.

सोने की कीमतों पर आगे क्या रहेगा दबाव या मिलेगी राहत?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार, 19 नवंबर को सोने की कीमत गिरकर करीब 3,700 डॉलर प्रति औंस पर आ गई. Trading Economics के मुताबिक, सोना सितंबर 2025 के बाद अपने सबसे निचले स्तरों के करीब कारोबार कर रहा है.

हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि कीमतों में आगे बहुत ज्यादा गिरावट की गुंजाइश सीमित हो सकती है. राजीव शरण के मुताबिक, निकट अवधि में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 3,850 से 4,000 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकती है.

भारत में शादियों के सीजन के कारण सोने की मांग बनी रह सकती है. इसके अलावा, दुनिया के केंद्रीय बैंकों की ओर से लगातार सोने की खरीदारी भी कीमतों को सपोर्ट दे सकती है. यानी अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर चिंता के कारण शॉर्ट टर्म में सोने की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है, लेकिन मजबूत मांग लंबी अवधि में इसे सहारा दे सकती है.

चांदी में भी कब थमेगी गिरावट?

सोने की तरह चांदी की कीमतों पर भी मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी का असर देखने को मिल रहा है. हालांकि, गुरुवार को MCX पर चांदी में कुछ खरीदारी लौटी और इसकी कीमतों में रिकवरी दर्ज की गई.

चांदी की कीमतों की दिशा भी काफी हद तक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले, डॉलर की चाल और वैश्विक बाजार के रुख पर निर्भर करेगी. अगर अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका मजबूत बनी रहती है तो चांदी पर दबाव जारी रह सकता है.

यह भी पढ़ें: फिनटेक स्टॉक्स में भारी बिकवाली, 11% तक टूटा Paytm, इस खबर ने बिगाड़ा निवेशकों का मूड

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.