IPO से पहले NSE का जलवा, अनलिस्टेड कंपनी की लिस्ट में टॉप पर, जानें कितना हो सकता है वैल्यूएशन
IPO लॉन्च होने से पहले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति साबित की है. 2025 की बर्गंडी प्राइवेट हुरुन इंडिया 500 रिपोर्ट के मुताबिक, 4.86 लाख करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के साथ NSE देश की सबसे मूल्यवान अनलिस्टेड कंपनी बनी हुई है. सूची में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया दूसरे और अडानी प्रॉपर्टीज तीसरे स्थान पर हैं.

Top 10 Unlisted Companies : भारत की सबसे वैल्यूएबल अनलिस्टेड कंपनियों की नई लिस्ट में एक बार फिर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने पहला स्थान हासिल किया है. 2025 की Burgundy Private Hurun India 500 रिपोर्ट के मुताबिक, NSE की वैल्यू 4.86 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है. इसके बाद सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और अडानी प्रॉपर्टीज का स्थान है. इस साल अडानी प्रॉपर्टीज और हल्दीराम स्नैक्स जैसी कंपनियों ने सबसे तेज बढ़त दर्ज की है, जबकि जेरोधा और जोहो कॉरपोरेशन की वैल्यू में गिरावट देखने को मिली. रिपोर्ट यह भी बताती है कि भारत की 500 सबसे वैल्यूएबल गैर-सरकारी कंपनियों की कुल वैल्यू 3.4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है.
NSE लगातार पहले स्थान पर, IPO की तैयारी
रिपोर्ट के अनुसार, NSE की वैल्यू 4.86 लाख करोड़ रुपये है, जो पिछले साल के मुकाबले 3 फीसदी बढ़ी है. हाल ही में NSE ने अपने बहुप्रतीक्षित IPO के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर भी दाखिल किए हैं. करीब 30,000 करोड़ रुपये का यह IPO भारत के शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसमें मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे.
अडानी प्रॉपर्टीज और हल्दीराम ने दिखाई सबसे तेज बढ़त
इस साल अडानी प्रॉपर्टीज की वैल्यू में 301 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कंपनी तीसरे स्थान पर पहुंच गई. वहीं हल्दीराम स्नैक्स की वैल्यू 136 फीसदी बढ़ी और कंपनी चौथे स्थान पर रही. दूसरी ओर, Zerodha की वैल्यू में 1 फीसदी और जोहो कॉरपोरेशन की वैल्यू में 34 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
फिनटेक, एफएमसीजी और ग्रीन एनर्जी कंपनियों का दबदबा
टॉप-10 अनलिस्टेड कंपनियों की लिस्ट में फिनटेक, एफएमसीजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन एनर्जी सेक्टर की कंपनियों का दबदबा देखने को मिला. रेजरपे, ग्रीनको और जोहो जैसी कंपनियां भी इस सूची में शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की 500 सबसे वैल्यूएशन गैर-सरकारी कंपनियों का कुल मूल्य 3.4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक पहुंच गया है.
2025 की भारत की टॉप-10 सबसे वैल्यूएबल अनलिस्टेड कंपनियां
| रैंक | कंपनी का नाम | वैल्यूएशन |
|---|---|---|
| 1 | नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) | ₹4.86 लाख करोड़ |
| 2 | सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया | ₹2.56 लाख करोड़ |
| 3 | अडानी प्रॉपर्टीज | ₹1.02 लाख करोड़ |
| 4 | हल्दीराम स्नैक्स | ₹94,800 करोड़ |
| 5 | जेरोधा | ₹86,660 करोड़ |
| 6 | मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर | ₹83,800 करोड़ |
| 7 | पारले प्रोडक्ट्स | ₹75,420 करोड़ |
| 8 | रेजरपे | ₹71,100 करोड़ |
| 9 | ग्रीनको | ₹71,100 करोड़ |
| 10 | जोहो कॉरपोरेशन | ₹68,520 करोड़ |