Paytm पर बढ़ा घरेलू निवेशकों का भरोसा, 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी, अब भारतीय कंट्रोल में कंपनी
Paytm अब बहुमत भारतीय स्वामित्व वाली कंपनी बन गई है, जिसमें घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़कर 50.3 फीसदी हो गई है. म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों ने इसमें निवेश बढ़ाया है, जिससे कंपनी पर भरोसा मजबूत हुआ है. कंपनी ने लगातार तीसरी तिमाही में मुनाफा दर्ज किया और रेवेन्यू में भी 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

Paytm Indian Ownership: डिजिटल पेमेंट कंपनी Paytm अब एक बड़ी स्ट्रक्चरल बदलाव के साथ बहुमत भारतीय स्वामित्व वाली कंपनी बन गई है. कंपनी में घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़कर 50.3 फीसदी हो गई है. यह बदलाव मार्च 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर सामने आया है. इससे साफ है कि देश के निवेशकों का भरोसा कंपनी पर बढ़ रहा है. पिछले कुछ समय में कंपनी के प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला है. यही वजह है कि निवेशक लगातार इसमें पैसा बढ़ा रहे हैं.
हिस्सेदारी में लगातार बढ़ोतरी
One 97 Communications में घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है. मार्च तिमाही में यह बढ़कर 50.3 फीसदी हो गई. यह पहली बार है जब कंपनी बहुमत भारतीय स्वामित्व में आई है. इससे पहले विदेशी निवेशकों का दबदबा ज्यादा था.
म्यूचुअल फंड्स ने बढ़ाया निवेश
म्यूचुअल फंड्स ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है. इनकी हिस्सेदारी 14.3 फीसदी से बढ़कर 16.6 फीसदी हो गई है. कंपनी में निवेश करने वाले फंड्स की संख्या भी 36 से बढ़कर 41 हो गई है. Motilal Oswal Mutual Fund, Mirae Asset और Bandhan Mutual Fund जैसे निवेशकों ने इसमें हिस्सेदारी बढ़ाई है.
इंश्योरेंस कंपनियों का भी बढ़ा भरोसा
बीमा कंपनियों ने भी Paytm में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इनकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 5.1 फीसदी हो गई है. पहले यह करीब 4.8 फीसदी थी. Tata AIA Life Insurance और SBI Life Insurance जैसी कंपनियों ने इसमें निवेश बढ़ाया है. इससे कंपनी में दीर्घकालिक भरोसा मजबूत होता दिख रहा है.
कंपनी के प्रदर्शन में आया सुधार
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है. दिसंबर तिमाही में कंपनी ने लगातार तीसरी बार मुनाफा दर्ज किया. इस दौरान कंपनी को 225 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ. वहीं रेवेन्यू 20 फीसदी बढ़कर 2194 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA 156 करोड़ रुपये रहा और मार्जिन 7 फीसदी दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- इस FMCG स्टॉक पर ब्रोकरेज का बड़ा दांव! 41% तक रिटर्न का अनुमान, जानें क्यों आएगी रैली?
मर्चेंट बेस और बिजनेस में तेजी
Paytm का मर्चेंट बेस भी तेजी से बढ़ रहा है. कंपनी के सब्सक्रिप्शन मर्चेंट्स की संख्या 1.44 करोड़ से ज्यादा हो गई है. यह सालाना आधार पर 24 फीसदी की बढ़ोतरी है. कंपनी का फोकस मर्चेंट पेमेंट और लेंडिंग बिजनेस पर है, जिससे कमाई में सुधार हो रहा है. इससे कंपनी की ग्रोथ को नई दिशा मिल रही है.