PhysicsWallah का बड़ा दांव! स्टूडेंट लोन के लिए बड़ी NBFCs से साझेदारी का ऐलान, शेयरों में 14% की आई तेजी
Physics Wallah के शेयरों में गुरुवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली. इंट्राडे कारोबार में शेयर 15.09 फीसदी की तेजी के साथ 105.93 रुपये पर कारोबार करता नजर आया. हालांकि पिछले एक सप्ताह के दौरान शेयर में 5.41 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन मध्यम अवधि में इसका प्रदर्शन मजबूत रहा है.

PhysicsWallah (PW) के शेयर गुरुवार को जोरदार तेजी के साथ कारोबार करते नजर आए. कंपनी के शेयरों में करीब 14 फीसदी की उछाल आई, जिसके पीछे छात्र वित्तपोषण (Student Financing) के लिए कई प्रमुख और रेगुलेटेड NBFCs के साथ नई साझेदारी का ऐलान रहा. दोपहर 11:22 बजे तक PhysicsWallah का शेयर 14 फीसदी बढ़कर 104.89 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
छात्र लोन रणनीति में बड़ा बदलाव
PhysicsWallah ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि कंपनी अपनी लेंडिंग रणनीति में बदलाव कर रही है और छात्र लोन की जरूरतों को पूरा करने के लिए कई प्रमुख रेगुलेटेड थर्ड-पार्टी NBFCs के साथ साझेदारी की है. हाल ही में कंपनी ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी FinZ Finance में करीब 120 करोड़ रुपये का इक्विटी निवेश करने की घोषणा की थी. अब कंपनी ने स्टूडेंट लोन बिजनेस को सीधे संभालने के बजाय NBFC भागीदारों के जरिए आगे बढ़ाने का फैसला किया है.
टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाएगी कंपनी
कंपनी ने कहा कि PhysicsWallah आगे भी एक टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के रूप में काम करती रहेगी, जो अपने छात्रों को उनकी पढ़ाई और अकादमिक जरूरतों के आधार पर उपयुक्त रेगुलेटेड लेंडिंग पार्टनर्स से जोड़ेगी. कंपनी का मानना है कि इस मॉडल से शिक्षा को अधिक सुलभ और किफायती बनाया जा सकेगा, साथ ही छात्र समुदाय तक इसकी पहुंच और मजबूत होगी. PW ने यह भी कहा कि FinZ Finance की भविष्य की रणनीति पर जल्द फैसला लिया जाएगा, जो बोर्ड और रेगुलेटरी मंजूरियों के अधीन होगा.
को-फाउंडर ने बताई वजह
PhysicsWallah के सह-संस्थापक Prateek Maheshwari ने कहा कि कंपनी को अपने भागीदारों से यह फीडबैक मिला कि उसकी असली ताकत शिक्षा समुदाय तैयार करने और ऑनलाइन बिजनेस को बढ़ाने में है. उन्होंने कहा कि लेंडिंग बिजनेस उन रेगुलेटेड NBFCs के लिए बेहतर है जिनके पास मजबूत अंडरराइटिंग और रिस्क मैनेजमेंट की क्षमता मौजूद है. उनके अनुसार, पूंजी का समझदारी से उपयोग करना और शेयरधारकों के हितों की रक्षा करना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी वजह से कंपनी ने अपनी पहले की योजना की समीक्षा कर स्टूडेंट लोन के लिए थर्ड-पार्टी NBFC मॉडल अपनाने का फैसला किया है.
शेयरों का हाल
Physics Wallah के शेयरों में गुरुवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली. इंट्राडे कारोबार में शेयर 15.09 फीसदी की तेजी के साथ 105.93 रुपये पर कारोबार करता नजर आया. हालांकि पिछले एक सप्ताह के दौरान शेयर में 5.41 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन मध्यम अवधि में इसका प्रदर्शन मजबूत रहा है. बीते तीन महीनों में यह शेयर 31.09 फीसदी का शानदार रिटर्न दे चुका है.
इसे भी पढ़ें- इन 3 स्टॉक्स में प्रमोटर ने बढ़ाई हिस्सेदारी, खरीदे लाखों शेयर, अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां; रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.