PhysicsWallah के शेयर में आएगी 27% तेजी, ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल ने दिया BUY रेटिंग; जानें टारगेट प्राइस
फिजिक्सवाला के शेयरों में कमजोरी के बीच जेएम फाइनेंशियल ने BUY रेटिंग देते हुए 110 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 27 फीसदी अपसाइड दिखाता है. ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के ऑनलाइन बिजनेस में मार्जिन विस्तार की मजबूत संभावनाएं हैं, जबकि ऑफलाइन सेगमेंट में सतर्क नजरिया रखा गया है. लिस्टिंग के बाद शेयर दबाव में रहा है और आईपीओ प्राइस से नीचे कारोबार कर रहा है.
PhysicsWallah share price: शुक्रवार को कमजोर बाजार रुख के बावजूद एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला के शेयरों में शुरुआती कारोबार में हल्की तेजी देखी गई. बीएसई पर शेयर करीब 1.50 फीसदी चढ़कर 90.42 रुपये तक पहुंच गया. इसी बीच ब्रोकरेज हाउस जेएम फाइनेंशियल ने हाल ही में लिस्टेड इस स्टॉक पर कवरेज शुरू करते हुए ‘बाय’ रेटिंग दी और मौजूदा कीमत से करीब 27 फीसदी अपसाइड की संभावना जताई. आइए जानते हैं कि ब्रोकरेज हाउस जेएम फाइनेंशियल ने क्या टारगेट प्राइस दिया है और फिलहाल शेयर का क्या हाल है.
110 रुपये का टारगेट, 27 फीसदी संभावित बढ़त
जेएम फाइनेंशियल ने मार्च 2027 के लिए 110 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है. यह लक्ष्य मौजूदा स्तर से करीब 27 फीसदी की संभावित तेजी दिखा रहा है और कंपनी के 109 रुपये के आईपीओ प्राइस के आसपास है. ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के कोर ऑनलाइन बिजनेस में मार्जिन विस्तार की मजबूत संभावनाएं हैं और ऑपरेशनल एफिशिएंसी धीरे-धीरे बेहतर हो रही है.
ब्रोकरेज ने ऑनलाइन कारोबार का वैल्यूएशन 30 गुना एडजस्टेड ईबिट्डा मल्टीपल पर किया है, जबकि ऑफलाइन बिजनेस के लिए 10 गुना मल्टीपल लगाया है. उसका कहना है कि ऑफलाइन विस्तार में स्केलिंग जोखिम और जियोग्राफिक चुनौतियां ज्यादा रहती हैं.
लिस्टिंग के बाद से दबाव में स्टॉक
फिजिक्सवाला का शेयर 18 नवंबर 2025 को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था. एनएसई पर यह 145 रुपये के स्तर पर लिस्ट हुआ, जो इश्यू प्राइस से 33 फीसदी प्रीमियम था. लिस्टिंग के दिन ही यह 162.05 रुपये तक पहुंच गया था. हालांकि इसके बाद शेयर में लगातार गिरावट आई है. मौजूदा स्तर पर यह अपने लिस्टिंग प्राइस से करीब 40 फीसदी और इश्यू प्राइस से करीब 20 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है.
कैसा है शेयर का हाल
दिन के कारोबार में कंपनी का शेयर 90.42 रुपये पर पहुंच गया था. हालांकि बाद में शेयर 3.06 फीसदी की गिरावट के साथ 86.57 रुपये पर बंद हुआ. शेयर में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है और पिछले एक सप्ताह में यह 14 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है. वहीं बीते एक महीने में इसमें करीब 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: गिरावट के बाद मौका? 51% तक चढ़ सकता है Suzlon, ICICI Securities ने दोहराई BUY रेटिंग; जानें टारगेट प्राइस
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
